Kantara Chapter 1 Box Office Day 4: ओपनिंग वीकेंड में ‘कांतारा 2’ ने मचाई तबाही, रविवार को 200 करोड़ का पड़ाव पार

Kantara Chapter 1 box office collection 4 days. Photo-X

मुंबई। Kantara Chapter 1 Box Office Day 4: कन्नड़ सिनेमा की फिल्म कांतारा चैप्टर 1 बॉक्स ऑफिस पर शानदार प्रदर्शन कर रही है। गुरुवार को गांधी जयंती के मौके पर रिलीज हुई फिल्म ने ओपनिंग वीकेंड में 200 करोड़ का पड़ाव पार कर लिया है, जिसमें हिंदी वर्जन का भी अहम योगदान है।

फिल्म कन्नड़ के अलावा हिंदी, तमिल, तेलुगु और मलयालम भाषाओं में रिलीज हुई है।

रविवार को 200 करोड़ के पार कांतारा 2

गुरुवार को रिलीज होने के कारण फिल्म को 4 दिनों का लम्बा ओपनिंग वीकेंड मिला। रिलीज के चौथे दिन रविवार को कांतारा 2 की रफ्तार बनी हुई है, जिसके चलते सभी भाषाओं में फिल्म ने 61.50 करोड़ नेट कलेक्शन कर किया, जो पहले दिन के मुकाबले थोड़ा ही कम है।

रविवार को फिल्म के हिंदी वर्जन ने सबसे ज्यादा 23.50 करोड़ जोड़े। इसके साथ सभी भाषाओं में फिल्म का 4 दिनों के ओपनिंग वीकेंड में घरेलू बॉक्स ऑफिस पर नेट कलेक्शन 223.75 करोड़ हो चुका है।

नीचे टेबल से आप समझ सकते हैं कि कांतारा चैप्टर 1 के कलेक्शंस में सबसे बड़ा योगदान हिंदी भाषा का है, जिसने कन्नड़ वर्जन को भी पीछे छोड़ दिया है। वहीं, तेलुगु राज्यों में भी फिल्म अच्छी चल रही है।

यह भी पढ़ें: Bollywood Movies in October: दिवाली के महीने में बॉक्स ऑफिस पर कई पटाखे, होंगे फुस्स या करेंगे धमाका?

Dayहिंदी (करोड़)कन्नड़ (करोड़)तमिल (करोड़)तेलुगु (करोड़)मलयालम (करोड़)
Day 1 (गुरुवार)18.5019.605.50135.25
Day 2 (शुक्रवार)12.5013.504.5011.753.75
Day 3 (शनिवार)1914.505.7511.754.25
Day 4 (रविवार)23.50 15.506.5011.254.75
4 Days Collection73.5063.1022.2547.75 18

(Source- Sacnilk)

छावा से भी तेज रफ्तार से दौड़ रही कांतारा 2

निर्माताओं के अनुसार, कांतारा 2 के अब तक 50 लाख से ज्यादा टिकट बुक माइ शो पर बिक चुके हैं। कांतारा 2 इस साल की टॉप ग्रॉसर्स में शामिल हो चुकी है। अगर, हिंदी फिल्मों से तुलना करें तो देश में कांतारा 2 की रफ्तार इस साल सबसे अधिक कमाई करने वाली हिंदी फिल्म छावा से भी बेहतर है। छावा ने 200 करोड़ जुटाने में 6 दिन लिये थे।

हालांकि, छावा मुख्य रूप से हिंदी और मराठी में ही रिलीज हुई थी। हिंदी रिलीज के कुछ दिनों बाद इसे तेलुगु में भी रिलीज किया गया था। कांतारा 2 की तरह इसे साउथ की अन्य भाषाओं में रिलीज नहीं किया गया था।

यह भी पढ़ें: South Movies in October: साउथ से आ रहीं ये फिल्में बन सकती हैं बॉलीवुड के लिए चुनौती, पढ़ें अक्टूबर की पूरी लिस्ट

कांतारा चैप्टर 1, 2022 में आई कांतारा का प्रीक्वल है। इस फिल्म का निर्माण होम्बले फिल्म्स ने किया है, जबकि निर्देशक ऋषभ शेट्टी हैं, जो मुख्य अभिनेता भी हैं। कांतारा की कहानी कर्नाटक राज्य की लोक कथा से प्रेरित है। फिल्म में गुलशन देवैया ने अहम किरदार निभाया है, जबकि रुक्मिणी वसंत फीमेल लीड हैं। अन्य कलाकारों में जयराम, प्रमोद शेट्टी शामिल हैं।

कांतारा VS कांतारा 2

कांतारा ने 309 करोड़ लाइफ टाइम कलेक्शन किया था, जिसमें से से हिंदी वर्जन ने 84.77 करोड़ जोड़े थे, जबकि कन्नड़ वर्जन ने 162.09 करोड़ का नेट कलेक्शन किया था। कांतारा का हिंदी वर्जन कन्नड़ रिलीज के दो हफ्ते बाद रिलीज किया गया था और फिल्म ने उस वक्त सिर्फ 1.27 करोड़ की ओपनिंग ली थी, मगर वक्त के साथ फिल्म ने रफ्तार पकड़ ली थी।

कांतारा 2 की मौजूदा रफ्तार को देखते हुए यह तय है कि इसका हिंदी वर्जन भी 100 करोड़ के पड़ाव को पार कर लेगा, जिसके लिए अब 26.50 करोड़ चाहिए, जो इस हफ्ते में आसानी से मिल जाएगा।