Kesari 2 Box office Week 4: चार हफ्ते बाद भी 100 करोड़ से दूर अक्षय कुमार की फिल्म, टॉप 5 में हुई शामिल

Kesari 2 box office collection 4 weeks. Photo- screenshot

मुंबई। Kesari 2 Box office Week 4: अक्षय कुमार की फिल्में बॉक्स ऑफिस पर भले ही बहुत दम ना दिखा रही हों, मगर अब तक की टॉप 5 में उनकी दो फिल्में शामिल हो गई हैं। स्काय फोर्स के बाद केसरी चैप्टर 2 ने चार हफ्तों बाद इस लिस्ट में जगह बना ली है।

9 से 15 मई के बीच चौथे हफ्ते में केसरी 2 ने 6.15 करोड़ का नेट कलेक्शन किया है। इसके साथ फिल्म का 4 हफ्तों (28 दिन) का नेट कलेक्शन (Kesari 2 Box office Week 4) 90.55 करोड़ हो गया है। 100 करोड़ तक पहुंचने के लिए इसे 9.45 करोड़ और चाहिए। मगर, चौथे हफ्ते में रफ्तार को देखते हुए यह मंजिल आसान नहीं होगी।

चौथे हफ्ते में प्रतिदिन फिल्म के कलेक्शंस इस प्रकार है:

  • शुक्रवार- 75 लाख
  • शनिवार- 1.20 करोड़
  • रविवार- 1.72 करोड़
  • सोमवार- 72 लाख
  • मंगलवार- 68 लाख
  • बुधवार- 58 लाख
  • गुरुवार- 50 लाख

यह भी पढ़ें: Raid Box Office Day 15: दो हफ्तों में 150 करोड़ के इतना करीब पहुंची रेड 2, तीसरे वीकेंड में मिल जाएगी मंजिल

टॉप 5 में पहुंची केसरी 2

साल 2025 की टॉप 5 फिल्मों कलेक्शंस देखें तो यह बहुत बिखरे हुए हैं। लिस्ट में पहले स्थान पर विक्की कौशल की छावा है, जिसने 600 करोड़ कमाये थे, जबकि केसरी 2 पांचवें पायदान पर है, जिसने 90.55 करोड़ कमाये हैं।

  • छावा- 600.10 करोड़
  • रेड 2- 140.22 करोड़*
  • स्काय फोर्स- 131.44 करोड़
  • सिकंदर- 103.45 करोड़
  • केसरी 2- 90.55 करोड़*

टॉप और बॉटम का फर्क बता रहा है कि हिंदी सिनेमा के हालात अच्छे नहीं हैं। छावा ने अकेले इतने कमा लिये, जितना बाकी चारों फिल्में भी मिलकर नहीं कमा सकीं।

चार हफ्तों में केसरी 2 का सफर

18 अप्रैल को सिनेमाघरों में रिलीज हुई केसरी 2 ने 7.84 करोड़ की ओपनिंग थी और ओपनिंग वीकेंड में 29.62 करोड़ जमा किये थे। फिल्म ने पहले हफ्ते में 46.54 करोड़ नेट कलेक्शन किया था, जबकि दूसरे हफ्ते में 28.81 करोड़ ही जमा कर सकी थी। वहीं, तीसरे हफ्ते में 9.05 करोड़ ही कमा सकी थी।

एक नजर में देखें केसरी 2 का अब तक का सफर

  • ओपनिंग- 7.84 करोड़
  • ओपनिंग वीकेंड- 29.62 करोड़
  • पहला हफ्ता- 46.54 करोड़
  • दूसरा हफ्ता- 28.81 करोड़
  • तीसरा हफ्ता- 9.05 करोड़
  • चौथा हफ्ता- 6.15 करोड़

केसरी 2 का निर्देशन करन सिंह त्यागी ने किया है, जबकि करण जौहर इसके निर्माता हैं। अक्षय कुमार के साथ आर माधवन और अनन्या पांडेय लीड रोल्स में हैं। जलियांवाला बाग की पृष्ठभूमि में फिल्म की कहानी बैरिस्टर सी शंकरन नायर और ब्रिटिश हुकूमत के बीच अदालती लड़ाई पर आधारित है।