मुंबई। Maa Box Office Day 7: अजय देवगन के माइथोलॉजिकल हॉरर यूनिवर्स की फिल्म मां ने सिनेमाघरों में पहला हफ्ता पूरा कर लिया है। पहले हफ्ते में मां ने भले ही बहुत बड़ा कलेक्शन ना किया हो, मगर काजोल को अपने करियर का सबसे बड़ा कलेक्शन जरूर मिल गया है।
काजोल ने जिन महिला प्रधान फिल्मों में मुख्य भूमिका निभाई है, उनमें मां का कलेक्शन सबसे अधिक है। हालांकि, काजोल के स्टारडम के हिसाब से यह कम है।
एक हफ्ते में मां को मिले 26 करोड़
गुरुवार को करीब 1.65 करोड़ के साथ मां ने पहला हफ्ता पूरा किया। इसके साथ सात दिनों का नेट कलेक्शन 26.65 करोड़ हो गया है। विशाल फुरिया निर्देशित फिल्म को अपने पहले ही हफ्ते में आमिर खान की फिल्म सितारे जमीन पर की चुनौती का सामना करना पड़ा।
यह भी पढ़ें: Ramoji Rao Film City को कहा था भूतिया, Kajol ने अब दी सफाई, बोलीं- परिवार और बच्चों के लिए सुरक्षित
मां की रिलीज डेट प्लान करते वक्त शायद मेकर्स ने नहीं सोचा होगा कि आमिर की फिल्म बॉक्स ऑफिस पर इतना बवाल मचाएगी। इसीलिए, उन्होंने सितारे जमीन पर के एक हफ्ते बाद ही फिल्म सिनेमाघरों में रिलीज कर दी, जिसका खामियाजा मां को उठाना पड़ा।
यह भी कह सकते हैं कि अगर मां में थोड़ा भी दम होता तो फिल्म दर्शक जुटा लेती। स्त्री, मुंजा और स्त्री 2 जैसी हॉरर कॉमेडी फिल्में इस बात की गवाह हैं कि कंटेंट अच्छा हो तो दर्शक स्टारडम नहीं देखता। फिल्म में स्टार होने से अच्छी ओपनिंग की गारंटी जरूर बन जाती है।
25 सालों में काजोल का सबसे बड़ा कलेक्शन
काजोल की पिछले कुछ सालों में दो फिल्में ऐसी आई हैं, जिनमें उन्होंने लीड रोल निभाया है- सलाम वेंकी और हेलीकॉप्टर ईला। 2022 में आई सलाम वेंकी ने 1.25 करोड़ का लाइफ टाइम कलेक्शन ही किया था।
2018 में आई हेलीकॉप्टर ईला ने 4.13 करोड़ का लाइफ टाइम कलेक्शन किया था। अगर, उससे पहले 2010 में आई काजोल की महिला प्रधान फिल्म वी आर फैमिली को भी गिन लें तो उसने 21.64 करोड़ लाइफ टाइम कलेक्शन किया था।
2001 में आई कुछ खट्टी कुछ मीठी ने 5 करोड़ का लाइफ टाइम कलेक्शन किया था। हालांकि, 24 साल पहले करेंसी की वैल्यू के हिसाब से यह कलेक्शन ठीक लगता है, मगर फिल्म इतना करने के बाद भी फ्लॉप रही थी।
इस लिहाज से कह सकते हैं कि पिछले 25 सालों में काजोल ने सोलो लीड रोल में अपने करियर की सबसे बड़ा कलेक्शन दिया है।

