मुंबई। Maalik Box Office Day 1: राजकुमार राव की मालिक शुक्रवार को सिनेमाघरों में रिलीज हो गई। इस फिल्म में राव गैंगस्टर के किरदार में हैं, जो शहर पर राज करना चाहता था। राज कुमार ने अपने करियर में ज्यादातर इंटेंस अभिनय प्रधान या फिर रॉम कॉम कॉमेडी की हैं। पहली बार वो ऐसे लार्जर दैन लाइफ किरदार में नजर आये हैं, जो विशुद्ध मसाला फिल्मों की देन है।
मालिक को पहले दिन मिले 4 करोड़
राजकुमार के इस अवतार को समीक्षकों ने मिलीजुली प्रतिक्रिया दी है। वहीं, जनता का रिस्पॉन्स भी औसत रहा। निर्माताओं की ओर से जारी आंकड़ों के अनुसार, राजकुमार की मालिक ने पहले 4.02 करोड़ नेट कलेक्शन किया है।
फिल्म को लेकर जो अनुमान लगाये थे, कमाई उसी रेंज में रही है। ट्रेड जानकारों ने दावा किया था कि फिल्म 3-4 करोड़ की ओपनिंग ले सकती है। हालांकि, राजकुमार राव के बॉक्स ऑफिस रिकॉर्ड से तुलना करें तो इससे बेहतर प्रदर्शन वो पहले कर चुके हैं।
राजकुमार के करियर के टॉप 10 ओपनिंग कलेक्शंस इस प्रकार हैं:
उनकी पिछली रोमांटिक ड्रामा फिल्म भूल चूक माफ ने 7.20 करोड़ की कमाई पहले दिन की थी, जबकि यह दो हफ्तों बाद ही ओटीटी पर आने वाली थी। उससे पहले आई रॉम कॉम विक्की विद्या का वो वाला वीडियो ने 5.71 करोड़ की ओपनिंग ली थी।
स्त्री 2 के तो कहने ही क्या। यह राजकुमार राव ही नहीं, हिंदी सिनेमा की सबसे बड़ी ओपनर्स में शामिल है। इस फिल्म ने 55.40 करोड़ की कमाई पहले दिन की थी।
राज कुमार की स्पोर्ट्स ड्रामा फिल्म मिस्टर एंड माही ने 6.85 करोड़ पहले दिन कमा लिये थे। मालिक राजकुमार की सातवीं बेस्ट ओपनिंग है।
1- स्त्री 2 (2024)- 55.40 करोड़
2- भूल चूक माफ (2025)- 7.20 करोड़
3- मिस्टर एंड मिसेज माही (2024)- 6.85 करोड़
4- स्त्री (2018)- 6.82 करोड़
5- विक्की और विद्या का वो वाला वीडियो (2024)- 5.71 करोड़
6- जजमेंटल है क्या (2019)- 4.50 करोड़
7- मालिक (2025)- 4.02 करोड़
8- रूही (2021)- 3.06 करोड़
9- एक लड़की को देखा तो ऐसा लगा (2019)- 2.90 करोड़
10- डॉली की डोली (2015) – 2.55 करोड़
मालिक की कहानी अस्सी के दौर के इलाहाबाद में दिखाई गई है। फिल्म का निर्देशन पुलकित ने किया है, जबकि मानुषी छिल्लर फीमेल लीड रोल में हैं।