मुंबई। Mahavatar Narsimha Box Office Day 10: कन्नड़ सिनेमा की हिंदी डब एनिमेशन माइथोलॉजिकल फिल्म महावतार नरसिम्हा भगवान के विराट स्वरूप की तरह धीरे-धीरे बड़ी होती जा रही है और इसके साथ बड़ा हो रहा है फिल्म का कलेक्शन।
पॉजिटिव माउथ पब्लिसिटी के दम पर महावतार नरसिम्हा ने दूसरे वीकेंड में चौंकाने वाली कमाई की है और महज तीन दिनों उतनी रकम जुटा ली, जितनी रिलीज के पहले हफ्ते में की थी। दूसरे वीकेंड में यह फिल्म हिंदी फिल्मों पर भारी पड़ी।
दूसरे वीकेंड में 32 करोड़ की कमाई
महावतार नरसिम्हा 25 जुलाई को उस वक्त रिलीज हुई थी, जब सैयारा की सुनामी हिंदी सिनेमा के बॉक्स ऑफिस पर तबाही मचा रही थी, मगर जैसे ही दूसरे हफ्ते में सैयारा की रफ्तार धीमी हुई, महावतार नरसिम्हा ने अपना असली रूप दिखाना शुरू कर दिया।
फिल्म ने दूसरे शुक्रवार को 5.30 करोड़ का कलेक्शन किया था। शनिवार को फिल्म की कमाई में लगभग 100 फीसदी उछाल आया और कलेक्शन रहा 11.25 करोड़। रविवार को तो मानो फिल्म को पंख लग गये और कलेक्शन रहा 16.27 करोड़।
महावतार नरसिम्हा ने दूसरे वीकेंड में 32.82 करोड़ की बम्पर कमाई की, जो पहले वीकेंड के मुकाबले 171 फीसदी अधिक है। गौरतलब है कि फिल्म ने पहले हफ्ते में जितनी कमाई (32.82 करोड़) की थी, उतनी दूसरे वीकेंड के तीन दिनों में ही कर ली।
महावतार नरसिम्हा हिंदी का अब 10 दिनों का नेट कलेक्शन 65.64 करोड़ हो चुका है।
महावतार नरसिम्हा का प्रतिदिन कलेक्शन:
Day 1 (शुक्रवार): 1.46 करोड़
Day 2 (शनिवार): 3.59 करोड़
Day 3 (रविवार): 7.06 करोड़
Weekend-1: 12.11 करोड़
Day 4 (सोमवार): 3.89 करोड़
Day 5 (मंगलवार): 5.32 करोड़
Day 6 (बुधवार): 5.58 करोड़
Day 7 (गुरुवार): 5.92 करोड़
Week-1 Collection: 32.82 करोड़
Day 8 (शुक्रवार): 5.30 करोड़
Day 9 (शनिवार): 11.25 करोड़
Day 10 (रविवार): 16.27 करोड़
Weekend-2: 32.82 करोड़
हिंदी बॉक्स ऑफिस पर 100 करोड़ नेट कलेक्शन की ओर बढ़ रही फिल्म घरेलू बॉक्स ऑफिस पर सभी भाषाओं में 105 करोड़ ग्रॉस कलेक्शन कर चुकी है।

दूसरे वीकेंड में हिंदी फिल्मों को दी पटखनी
महावतार नरसिम्हा ने दूसरे वीकेंड में सभी हिंदी फिल्मों को पीछे छोड़ दिया। एक अगस्त को रिलीज हुई सन ऑफ सरदार 2 ने ओपनिंग वीकेंड में 24.75 करोड़ नेट कलेक्शन किया तो धड़क 2 ने 14.13 करोड़ जमा किये। वहीं, तीसरे हफ्ते में चल रही सैयारा ने वीकेंड में 20.25 करोड़ जमा किये।
महावतार नरसिम्हा का निर्देशन आश्विन कुमार ने किया है। फिल्म का निर्माण क्लीम प्रोडक्शंस ने किया है, जबिक इसे होम्बले फिल्म्स ने प्रेजेंट किया है, जिन्होंने कांतारा और केजीएफ जैसी फिल्में बनाई हैं।