मुंबई। Mardaani 3 Box Office Day 3: रानी मुखर्जी की ताजा रिलीज फिल्म मर्दानी 3 ने बॉक्स ऑफिस पर ठीकठाक प्रदर्शन किया है। यह फ्रेंचाइजी की पिछली फिल्मों की रेंज में ही है। फिल्म ने ओपनिंग वीकेंड में सम्मानजनक कलेक्शन कर लिया है। बॉर्डर 3 जैसी लोकप्रिय और सफल फिल्म के सामने मर्दानी 3 का टिके रहना इसकी शुरुआती कामयाबी का संकेत है।
17 करोड़ का ओपनिंग वीकेंड
मर्दानी 3, 30 जनवरी को सिनेमाघरों में सीमित स्क्रींस पर रिलीज हुई थी। यशराज फिल्म्स ने बॉर्डर 3 जैसी बड़ी फिल्म के सामने फिल्म की रिलीज को सीमित ही रखा, ताकि वितरण का खर्चा बच सके। यह रणनीति कारगर भी रही और मर्दानी 3 ने रिलीज के तीन दिनों में ठीकठाक बिजनेस कर लिया।
रानी मुखर्जी अभिनीत फिल्म ने 4 करोड़ की ओपनिंग ली थी, जबकि शनिवार को 6 करोड़ और रविवार को 7.25 करोड़ का नेट कलेक्शन किया, जिसके बाद मर्दानी 3 का ओपनिंग वीकेंड में नेट कलेक्शन 17.25 करोड़ हो गया है।
मर्दानी 3 VS मर्दानी
अगर, मर्दानी फ्रेंचाइजी की पिछली दोनों फिल्मों से इसकी तुलना करें तो मर्दानी 3 ने पहली फिल्म से बेहतर शुरुआत की है। 2014 में आई मर्दानी ने 14.46 करोड़ नेट कलेक्शन ओपनिंग वीकेंड में किया था। इसके पांच साल बाद 2019 में आई मर्दानी 2 ने ओपनिंग वीकेंड में 18.15 करोड़ जमा किये थे।
जाहिर है कि मर्दानी 3 का ओपनिंग वीकेंड इन दोनों फिल्मों के बीच रहा है। मर्दानी 3 यशराज का होम प्रोडक्शन है और फिल्म की स्टार कास्ट में रानी ही सबसे बड़ा चेहरा हैं, इसलिए इसका बजट बहुत अधिक नहीं है। फिल्म 40-50 करोड़ के बीच लाइफ टाइम कलेक्शन करके हिट हो सकती है।
रानी मुखर्जी की फिल्मों का बॉक्स ऑफिस
रानी मुखर्जी की पिछले कुछ सालों में आई फिल्मों के बॉक्स ऑफिस कलेक्शन की बात करें तो सबसे बड़ा ओपनिंग वीकेंड मर्दानी 2 का ही रहा। इसके बाद मर्दानी 3 है। तीसरे स्थान पर 2018 में आई हिचकी है, जिसने 15.35 करोड़ नेट कलेक्शन ओपनिंग वीकेंड में किया था।
2021 में आई बंटी और बबली 2 ने 830 करोड़ नेट कलेक्शन ओपनिंग वीकेंड में किया। वहीं, 2023 में आई मिसेज चटर्जी वर्सेज नॉर्वे का ओपनिंग वीकेंड 6.42 करोड़ रहा था।

