मुंबई। Movies This Friday: हर शुक्रवार फिल्म इंडस्ट्री के लिए एक नई उम्मीद लेकर आता है। इन फिल्मों में काम करने वाले कलाकारों और तकनीशियनों की भी किस्मत इन फिल्मों से जुड़ी रही है। कभी आशा मिलती है, कभी निराशा। अगस्त के आखिरी शुक्रवार को सिद्धार्थ मल्होत्रा और जाह्नवी कपूर की परम सुंदरी रिलीज हुई थी, जिसे औसत प्रतिक्रिया मिली।
अब सितम्बर के पहले शुक्रवार को कुछ एक्साइटिंग फिल्में आ रही हैं, जिनसे उम्मीद है कि बॉक्स ऑफिस पर यह अपना दमखम दिखाएंगी। आइए, आपको इन फिल्मों के बारे में बताते हैं।
बागी 4
ए हर्षा निर्देशित यह साजिद नाडियाडवाला के प्रोडक्शन में बनी बागी फ्रेंचाइजी की चौथी फिल्म है। टाइगर श्रॉफ, हरनाज संधू, सोनम बाजवा और संजय दत्त मुख्य भूमिकाओं में हैं। यह रोमांटिक एक्शन फिल्म है, जिसमें जमकर खूनखराबा भी है। एडल्ट सर्टिफिकेट वाली यह फिल्म सिंगल स्क्रीन थिएटर्स के लिए परफेक्ट फिल्म है।
यह भी पढ़ें: September Hindi Movies In Cinemas: बागी 4, जॉली एलएलबी 3…क्या सितम्बर में खत्म होगा फ्लॉप का सितम?
द बंगाल फाइल्स
विवेक रंजन अग्निहोत्री इतिहास के पन्नों से ऐसी कहानियां निकालकर लाते हैं, जो सहज नहीं होतीं। द ताशकंद फाइल्स और द कश्मीर फाइल्स के बाद वो द बंगाल फाइल्स लेकर आये हैं। 1946 में बंगाल में हिंदुओं के खिलाफ हुई बर्बर हिंसा पर आधारित यह फिल्म विचारोत्तेजक है।
मिथुन चक्रवर्ती, अनुपम खेर, दर्शन कुमार, शाश्वत चटर्जी प्रमुख भूमिकाओं में हैं। विवेक की पत्नी पल्लवी जोशी भी एक किरदार में हैं। यह फिल्म खास दर्शक वर्ग के लिए है। इसे मल्टीप्लेक्स में दर्शक मिल सकते हैं। हालांकि, सिंगल स्क्रींस में थोड़ा मुश्किल होगा।
उफ ये सियापा
यह साइलेंट कॉमेडी फिल्म है, जिसमें सोहम शाह, नुसर भरूचा, ओमकार कपूर, शारिब हाशमी और नोरा फतेही प्रमुख भूमिकाओं में हैं। जी अशोक निर्देशित फिल्म के निर्माता लव रंजन हैं। यह फिल्म पूरी तरह माउथ पब्लिसिटी पर चलने वाली फिल्म है, क्योंकि दो बड़ी फिल्मों के बीच यह पिस सकती है।
घाटी
यह तेलुगु की एक्शन क्राइम ड्रामा फिल्म है, जिसका निर्देशन कृष जगरामुडी ने किया है। इसकी खासियत हैं अनुष्का शेट्टी, जो लीड रोल में हैं। अनुष्का फिल्म में गैंगस्टर के रोल में हैं। दर्शक उनका यह अवतार पहली बार देखेंगे। यह फिल्म भी हिंसा से भरी है।
लोका: चैप्टर 1- चंद्र
मलयालम सिनेमा में शानदार कारोबार करने के बाद दुल्कर सलमान निर्मित फिल्म आज (गुरुवार) को हिंदी में भी रिलीज कर दी गई है। इस सुपरहीरो फिल्म में प्रियदर्शन की बेटी कल्याणी लीड रोल में हैं। यह फिल्म अपने दिलचस्प विषय के कारण चर्चा में हैं और हिंदी दर्शकों को आकर्षित कर सकती है।
दिल मद्रासी
एआर मुरुगदास निर्देशित एक्शन तमिल फिल्म दिल मद्रासी हिंदी में भी रिलीज हो रही है। इस फिल्म में शिव कार्तिकेयन, रुक्मिणी वसंत और विद्युत जाम्वाल प्रमुख किरदारों में हैं।
यह भी पढ़ें: Upcoming South Movies In September: घाटी से OG और अखंडा 2 तक, साउथ से आ रही हैं ये बड़ी फिल्में
द कॉन्ज्युरिंग- लास्ट राइट्स
हॉलीवुड के हॉरर कॉन्ज्युरिंग यूनिवर्स की आखिरी फिल्म लास्ट राइट्स बॉलीवुड फिल्मों के लिए चुनौती बन सकती है, क्योंकि यह एक लोकप्रिय हॉरर फ्रेंचाइजी है। पीवीआर-आइनॉक्स के मुताबिक, इसके डेढ़ लाख टिकट पहले ही बिक चुके हैं।