मुंबई। Movies This Friday in Cinemas: हर शुक्रवार सिनेमाघरों में नई फिल्में आती हैं, जिनमें से कुछ सफल रहती हैं, कुछ असफल। कुछ ऐसी आती हैं, जिनका नाम इतिहास में दर्ज हो जाता है। पिछले शुक्रवार जॉली एलएलबी 3 और निशांची हिंदी सिनेमा के बॉक्स ऑफिस पर उतरीं।
अक्षय कुमार और अरशद वारसी की जॉली एलएलबीर 3 ने पहले हफ्ते में ठीकठाक चल रही है। वहीं, अनुराग कश्यप निर्देशित निशांची बॉक्स ऑफिस पर तो नहीं चली, मगर चर्चा में खूब रही। इस फिल्म से ठाकरे खानदान के ऐश्वर्य ठाकरे ने बॉलीवुड डेब्यू किया।
अन्य भाषाओं की भी फिल्में आईं। हालांकि, इनमें कोई भी बॉक्स ऑफिस पर कमाल नहीं दिखा पाई। हॉलीवुड फिल्में भी कुछ खास प्रदर्शन नहीं कर सकीं। अब इस शुक्रवार (26 सितम्बर) को कुछ नई तो कुछ पुरानी फिल्में आ रही हैं। आइए, इन फिल्मों के बारे में आपको बताते हैं।
होमबाउंड
धर्मा प्रोडक्शंस की इस फिल्म का निर्देशन नीरज घेवान ने किया है। ईशान खट्टर, विशाल जेठवा और जाह्नवी कपूर इस फिल्म में मुख्य भूमिकाओं में हैं। कई अंतरराष्ट्रीय फिल्म समारोहों में नाम कमा चुकी अब भारत में रिलीज हो रही है। इस फिल्म के साथ जुड़ा सबसे अहम पहलू यह है कि यह 2026 में होने वाले ऑस्कर अवॉर्ड्स की इंटरनेशनल फीचर फिल्म कैटगेरी में भारत की आधिकारिक प्रविष्टि है।
यह भी पढ़ें: Oscars 2026 के लिए भारत की ऑफिशियल एंट्री बनी होमबाउंड, इंटरनेशनल फीचर फिल्म कैटेगरी में करेगी कॉम्पीट
तारा एंड आकाश- लव बियॉन्ड रेल्म्स
श्रीनिवास अबरोल निर्देशित तारा एंड आकाश रोमांटिक ड्रामा फिल्म है, जिसमें जीतेश ठाकुर और अलंकृता बोरा मुख्य भूमिकाओं में हैं। इसकी कहानी के केंद्र में तारा नाम की युवा लड़की है, जो सोलो ट्रिप पर स्विट्जरलैंड जाती है। वहां, उसे एक रहस्यमयी युवक आकाश मिलता है। दोनों में प्यार हो जाता है, मगर आकाश किसी और दुनिया का है। इस फिल्म का निर्माण एनएफडीसी के सहयोग से किया गया है।
तनु वेड्स मनु रिटर्न्स
कंगना रनौत और आर माधवन की आइकॉनिक फिल्म तनु वेड्स मनु रिटर्न्स सिनेमाघरों में लौट रही है। 2015 में आई आनंद एल राय निर्देशित फिल्म बेहद सफल रही थी। इस फिल्म में कंगना डबल रोल में हैं।
तन्वी द ग्रेट
अनुपम खेर निर्देशित तन्वी द ग्रेट लगभग दो महीने बाद एक बार फिर सिनेमाघरों में आ रही है। यह फिल्म 18 जुलाई को सैयारा के साथ रिलीज हुई थी, मगर पूरी तरह वॉश आउट रही। अनुपम ने फिल्म का जबरदस्त प्रमोशन भी किया था। इस बार फिल्म सीमित समय के लिए थिएटर्स में रिलीज हो रही है।
दे कॉल हिम ओजी
पवन कल्याण की यह तेलुगु गैंगस्टर फिल्म 25 सितम्बर को सिनेमाघरों में आ चुकी है। इस फिल्म की बहुत चर्चा है और रिपोर्ट्स की मानें तो फिल्म 100 करोड़ से ज्यादा वर्ल्डवाइड ग्रॉस ओपनिंग ले सकती है। इस फिल्म की खास बात यह है कि इमरान हाशमी का तेलुगु डेब्यू है। उन्होंने फिल्म में नेगेटिव किरदार निभाया है।
चेनसॉ मैन
सोनी पिक्चर्स एंटरटेनमेंट इंडिया की चेनसॉ मैन द मूवी- रेजे आर्क जापानी फिल्म है, जो भारत में जापानी के साथ हिंदी भाषा में भी रिलीज हो रही है। यह एनिमे फिल्म है, जिसे सीबीएफसी ने कोई काटछांट किये बिना एडल्ट रेटिंग दी है। फिल्म की अवधि 1 घंटा 42 मिनट है।
वन बैटल आफ्टर अनादर
पॉल थॉमनस एंडरसन निर्देशित एक्शन थ्रिलर फिल्म में लियोनार्दो डिकैपरियो, शॉन पेन जैसे कलाकार मुख्य भूमिकाओं में हैं। इसकी कहानी एक पूर्व क्रांतिकारियों के ग्रुप पर केंद्रित है, जो अपनी एक सदस्य की बेटी को भ्रष्ट सैन्य अधिकारी से बचाने के लिए जंग छेड़ देते हैं।