मुंबई। Project Hail Mary Box Office: देश में इस वक्त स्पाइ एक्शन फिल्म धुरंधर द रिवेंज का तूफान उठा हुआ है, मगर इस तूफान के बीच डटकर जमी हुई है हॉलीवुड फिल्म प्रोजेक्ट हेल मैरी, जिसने आइमैक्स फॉर्मेट में धुरंधर 2 का भी धुआं निकाल दिया है। साइंस फिक्शन फिल्म में रायन गोसलिंग ने लीड रोल निभाया है। इस फिल्म के प्रमोशन में ऋतिक रोशन ने भी मदद की थी।
30 करोड़ ग्रॉस कलेक्शन
प्रोजेक्ट हेल मैरी 26 मार्च को देश के सिनेमाघरों में अंग्रेजी के साथ हिंदी, तमिल और तेलुगु भाषाओं में रिलीज हुई थी। अन्य फॉर्मेट्स में जहां धुरंधर 2 अपना जलवा बिखेर रही है, वहीं आइमैक्स फॉर्मेट्स में प्रोजेक्ट हेल मैरी लीड कर रही है।
शुरुआत में फिल्म को सीमित संख्या में आइमैक्स स्क्रींस मिल पाई थीं। इसके बावजूद प्रोजेक्ट हेल मैरी ने ठीकठाक कलेक्शन किया। सोनी पिक्चर्स इंडिया ने फिल्म को भारत में रिलीज किया है और अब तक 30 करोड़ ग्रॉस कलेक्शन कर चुकी है।
दूसरे हफ्ते में बढ़ी स्क्रींस
धुरंधर 2 की धुआंधार रफ्तार की वजह से हॉलीवुड फिल्म को शुरुआत में स्क्रींस के लिए भी जूझना पड़ा, मगर जैसे-जैसे दिन आगे बढ़े, इसे माउथ पब्लिसिटी का फायदा मिला और दर्शक बढ़ने लगे।
दूसरे हफ्ते में फिल्म को लेकर दर्शकों की बढ़ी दिलचस्पी दिखने लगी है। दूसरे हफ्ते में फिल्म के आइमैक्स स्क्रींस पर 108 शोज चल रहे हैं, जबकि 3 अप्रैल को रिलीज हुई द सुपर मारिया ब्रदर्स 66 और धुरंधर 2 के आइमैक्स पर 21 शोज ही चल रहे हैं।
जाहिर है कि प्रोजेक्ट हेल मैरी धीरे-धीरे भारतीय दर्शकों के बीच अपनी पहुंच बढ़ा रही है। फिल्म को भारत में अमेजन एमजीएम स्टूडियोज ने प्रेजेंट किया है।
प्रोजेक्ट हेल मैरी इस साल रिलीज हुई हॉलीवुड फिल्मों में सबसे अधिक कमाई करने वाली फिल्म बन चुकी है।

