Raid 2 Box Office Day 1: बॉक्स ऑफिस पर पहले दिन कामयाब रहा अजय देवगन का ‘छापा’, फिल्म ने छापे 19 करोड़

Raid 2 box office collection day 1. Photo- Instagram

मुंबई। Raid 2 Box Office Day 1: अजय देवगन की फिल्म रेड 2 के ओपनिंग कलेक्शन के अंतिम आंकड़े आ गये हैं। जैसी उम्मीद थी, रेड 2 ने पहले दिन उससे कहीं बढ़कर प्रदर्शन किया है। जोरदार ओपनिंग लेते हुए रेड 2 साल 2025 की तीसरी सबसे बड़ी ओपनिंग लेने वाली फिल्म बन गई है। साथ ही, पैनडेमिक के बाद अजय की दूसरी सबसे बड़ी ओपनिंग रही है।

रेड 2 को मिली उम्मीद से बड़ी ओपनिंग

गुरुवार को एक मई के सार्वजनिक अवकाश के मौके पर रिलीज हुई रेड 2 ने 19.71 करोड़ की धांसू ओपनिंग ली है, जो फिल्म को लेकर आये शुरुआती रुझानों से कहीं अधिक है। Sincerely Cinema ने फिल्म को 14-16 करोड़ ओपनिंग का पूर्वानुमान दिया था।

यह भी पढ़ें: Movies In Cinemas In May: मई में सुधरेंगे बॉक्स ऑफिस के हालात? Raid 2 समेत इन तीन फिल्मों पर है दारोमदार

रेड 2 (Raid 2 Box Office Day 1) ने अक्षय कुमार की पिछली रिलीज केसरी चैप्टर 2 (7.84 करोड़) और सनी देओल की बहुचर्चित फिल्म जाट (9.62 करोड़) से बेहतर ओपनिंग ली है। दोनों फिल्मों ने पहले दिन जितना कलेक्शन किया था, रेड 2 ने उससे कहीं अधिक बटोरे हैं।

2025 की तीसरी सबसे बड़ी ओपनिंग

इस साल रिलीज हुई अन्य फिल्मों के बीच देखें तो रेड 2 तीसरी सबसे बड़ी ओपनिंग है। फरवरी में रिलीज हुई छावा ने 33.10 करोड़ की ओपनिंग लेकर पहले स्थान पर है। वहीं, सलमान खान की सिकंदर 27.50 करोड़ के साथ दूसरे स्थान पर है।

रेड 2 का निर्देशन राज कुमार गुप्ता ने किया है। फिल्म में अजय देवगन अमेय पटनायक नाम के इनकम टैक्स अधिकारी का किरदार निभाते हैं, जो ईमानदार है। फिल्म में रितेश देशमुख ने विलेन का रोल निभाया है। वाणी कपूर, अजय की पत्नी के रोल में हैं।

फिल्म के अनुसार, यह पटनायक की 75वीं रेड है। रेड 2 को क्रिटिक्स की मिलीजुली प्रतिक्रिया मिली है।

पोस्ट पैनडेमिक अजय की टॉप 5 ओपनिंग

19.71 करोड़ के साथ रेड 2 पोस्ट पैनडेमिक अजय के करियर की दूसरी सबसे बड़ी ओपनर साबित हुई है। पिछले साल आई सिंघम अगेन पहले स्थान पर है, जिसने 43 करोड़ की ओपनिंग ली थी। तीसरे स्थान पर 2022 में आई ‘दृश्यम 2’ है, जिसने 15.38 करोड़ पहले दिन बटोरे थे।

पिछले साल ही आई शैतान चौथे स्थान पर है, जिसने 15.21 करोड़ का नेट कलेक्शन पहले दिन किया था। पांचवें स्थान पर 2023 में आई भोला है, जिसे पहले दिन 11.20 करोड़ मिले थे।

  • सिंघम अगेन- 43 करोड़ (2024)
  • रेड 2- 19.71 करोड़ (2025)
  • दृश्यम 2- 15.38 करोड़ (2022)
  • शैतान- 15.21 करोड़ (2024)
  • भोला- 11.20 करोड़ (2023)

रेड 2 को लेकर लोगों की दिलचस्पी से लगता है कि फिल्म एक सॉलिड ओपनिंग वीकेंड करेगी।