Raid 2 Box Office Day 11: दूसरे वीकेंड में रेड 2 ने जमकर छापे नोट, जानें- कितना दूर है 150 करोड़ का पड़ाव?

Raid 2 Box Office Collection Day 11. Photo- Instagram

मुंबई। Raid 2 Box Office Day 11: रेड 2 ने हिंदी सिनेमा के बॉक्स ऑफिस की निराशा को काफी हद तक दूर किया है। अजय देवगन और रितेश देशमुख की फिल्म अप्रत्याशित रूप से अच्छा कारोबार कर रही है। दूसरे वीकेंड में फिल्म ने बेहतरीन कलेक्शन किया है, जिसके बाद अब 150 करोड़ की मंजिल तक पहुंचने की उम्मीद जाग गई है।

दूसरे वीकेंड में 25 करोड़

9 मई को रेड 2 का दूसरा हफ्ता शुरू हुआ था। दूसरे शुक्रवार को फिल्म ने 5.01 करोड़ का नेट कलेक्शन किया। इसके बाद वीकेंड के दोनों दिनों में फिल्म के कलेक्शंस में जोरदार उछाल आया। शनिवार को फिल्म ने 8.52 करोड़ और रविवार को 12.09 करोड़ बटोरे।

फिल्म ने दूसरे वीकेंड में 25.62 करोड़ नेट कलेक्शन किया है, जो मौजूदा हालात को देखते हुए बेहतरीन है। इसी के साथ रेड 2 का 11 दिनों का नेट कलेक्शन 124.51 करोड़ (Raid 2 Box Office Day 11) हो गया है।

यह भी पढ़ें: Kesari 2 Box Office 3 Weeks: तीसरे हफ्ते में ‘केसरी 2’ की पकड़ हुई कमजोर, क्या ‘रेड 2’ है जिम्मेदार?

कब तक मिलेगा 150 करोड़?

दूसरे वीकेंड में कलेक्शंस में उछाल बता रहा है कि रेड 2 बॉक्स ऑफिस पर अभी लम्बा गेम खेलने वाली है। फिल्म अब 150 करोड़ की मंजिल की तरफ बढ़ रही है, जिसके लिए 25.49 करोड़ की दरकार है।

रेड 2 की मौजूद रफ्तार को देखते हुए उम्मीद की जा सकती है कि तीसरे वीकेंड तक फिल्म इस पड़ाव को पार कर लेगी।

अगर फिल्म गुरुवार तक 15 करोड़ जुटा लेती है, जो कि मुश्किल नहीं लग रहा, तो दूसरा हफ्ता खत्म होने के बाद 140 करोड़ पर पहुंच जाएगी। इसके बाद 10 करोड़ की कमाई तीसरे वीकेंड में होना बड़ी बात नहीं है।

रेड 2 पहले ही इस साल की तीसरी सबसे ज्यादा कमाई करने वाली फिल्म बन चुकी है। अगले दो दिनों में फिल्म अक्षय कुमार की स्काय फोर्स (131 करोड़) को पीछे छोड़कर दूसरी सबसे ज्यादा कमाई करने वाली फिल्म बन जाएगी।

पहले हफ्ते में 98 करोड़

अजय देवगन स्टारर फिल्म 1 मई को थिएटर्स में रिलीज हुई थी और 19.71 करोड़ की ओपनिंग ली थी। इसके बाद 73.89 करोड़ ओपनिंग वीकेंड में जुटा लिये थे। पहले हफ्ते में फिल्म ने 98.89 करोड़ का नेट कलेक्शन कर लिया था। रिलीज के नौवें दिन (9 मई) को फिल्म ने 100 करोड़ का पड़ाव पार कर लिया था।

  • गुरुवार- ₹19.71 करोड़ (ओपनिंग)
  • शुक्रवार- ₹13.05 करोड़
  • शनिवार- ₹18.55 करोड़
  • रविवार- ₹22.52 करोड़

ओपनिंग वीकेंड: 73.89 करोड़ (4 Days Weekend)

  • सोमवार- ₹7.47 करोड़
  • मंगलवार- ₹7.45 करोड़
  • बुधवार- ₹4.81 करोड़
  • गुरुवार- ₹5.33 करोड़

पहला हफ्ता: 98.89 करोड़ (8 Days Week)

  • शुक्रवार- ₹5.01 करोड़ (दूसरा हफ्ता शुरू)
  • शनिवार- ₹8.52 करोड़₹शनिवार- 8.52 करोड़
  • रविवार- ₹12.09 करोड़

दूसरा वीकेंड: 25.62 करोड़

राज कुमार गुप्ता निर्देशित रेड 2 थ्रिलर ड्रामा फिल्म है, जिसमें अजय देवगन एक ईमानदार इनकम टैक्स कमिश्नर अमेय पटनायक के रोल में नजर आते हैं। यह अफसर भ्रष्ट नेताओं के यहां इनकम टैक्स की रेड मारने के लिए मशहूर है।

2018 में आये पहले भाग में अमेय पटनायक ने अपनी टीम के साथ राजाजी बने बाहुबली नेता सौरभ शुक्ला के यहां रेड डाली थी। वहीं, रेड 2 में दादा भाई बने रितेश देशमुख के घर पर रेड मारी है।