Raid 2 Box Office Day 5: सोमवार को डटी रही अजय देवगन की ‘रेड 2’, पहले हफ्ते में 100 करोड़ की वसूली?

Raid 2 box office collection day 5. Photo- Instagram

मुंबई। Raid 2 Box Office Day 5: अजय देवगन, रितेश देशमुख और वाणी कपूर स्टारर रेड 2 बॉक्स ऑफिस पर मजबूती के साथ चल रही है। पहले सोमवार को फिल्म ठीकठाक कलेक्शन किया है, जिसे देखकर कहा जा सकता है कि रेड 2 अभी थमने वाली नहीं।

अगर फिल्म इसी ट्रेंड से आगे बढ़ती रही तो पहले हफ्ते में 100 करोड़ के काफी नजदीक पहुंच जाएगी। रेड 2 आज मंगलवार को अक्षय कुमार की केसरी 2 के कलेक्शन को पीछे छोड़ देगी।

5 दिनों में 81 करोड़ की रिकवरी

1 मई (गुरुवार) को सिनेमाघरों में रिलीज हुई रेड 2 ने 19.71 करोड़ की बेहतरीन ओपनिंग ली थी। इसके बाद शुक्रवार को फिल्म ने 13.05 करोड़ और शनिवार को 18.55 करोड़ का नेट कलेक्शन किया। रविवार को कलेक्शंस में जबरदस्त उछाल आया और फिल्म ने 22.62 करोड़ जुटा लिये।

रेड 2 ने चार दिन लम्बे ओपनिंग वीकेंड में 73.83 करोड़ नेट कलेक्शन कर लिया।

सोमवार को वर्किंग डे होने के कारण फिल्म के कलेक्शंस में लगभग 66 फीसदी की गिरावट आई और कलेक्शन रहा 7.47 करोड़। इसके साथ ही रेड 2 का घरेलू बॉक्स ऑफिस पर 5 दिनों का नेट कलेक्शन ( Raid 2 Box Office Day 5) 81.30 करोड़ हो गया है।

  • गुरुवार- ₹19.71 करोड़
  • शुक्रवार- ₹13.05 करोड़
  • शनिवार- ₹18.55 करोड़
  • रविवार- ₹22.52 करोड़
  • सोमवार- ₹7.47 करोड़

100 करोड़ का पड़ाव कब तक?

रेड 2 अब 100 करोड़ से महज 18.70 करोड़ दूर है। पहला हफ्ता खत्म होने में अभी तीन दिन बाकी हैं, यानी पहले हफ्ते में 100 करोड़ जमा करने के लिए फिल्म को मंगलवार, बुधवार और गुरुवार को प्रतिदिन 6 करोड़ से ज्यादा चाहिए।

फिल्म की रफ्तार को देखते हुए यह रकम मुश्किल तो है, लेकिन असम्भव नहीं। अगर पहले हफ्ते में रेड 2 शतक नहीं लगा सकी तो दूसरे शनिवार तक इस पड़ाव को आसानी से पार कर लेगी।

यह भी पढ़ें: Kesari 2 Box Office Day 17: रेड 2 ने थाम दी ‘केसरी 2’ की रफ्तार, तीसरे वीकेंड में इतनी रह गई कमाई

2025 में छठे पायदान पर रेड 2

अगर साल 2025 में अब तक रिलीज हुई फिल्मों पर गौर करें तो नेट कलेक्शन के लिहाज से रेड 2 फिलहाल छठे पायदान पर है।

  1. छावा- 600.10 करोड़
  2. स्काय फोर्स- 131 करोड़
  3. सिकंदर- 103.45 करोड़
  4. जाट- 88.39 करोड़
  5. केसरी 2- 81.45 करोड़
  6. रेड 2- 81.30 करोड़
  7. देवा- 32.07 करोड़
  8. द डिप्लोमैट- 39.75 करोड़
  9. इमरजेंसी- 16.52 करोड़
  10. फतेह- 12.85 करोड़

रेड 2 का निर्देशन राज कुमार गुप्ता ने किया है। फिल्म में अजय देवगन के साथ रितेश देशमुख और वाणी कपूर प्रमुख भूमिकाओं में हैं।