मुंबई। Raid 2 Box Office Day 8: अजय देवगन की फिल्म रेड 2 ने सिनेमाघरों में एक हफ्ते का सफर पूरा कर लिया है और 100 करोड़ की दहलीज पर खड़ी है। आज दूसरे शुक्रवार को फिल्म यह आंकड़ा हासिल कर लेगी। रेड 2 साल 2025 की चौथी सबसे अधिक कलेक्शन करने वाली फिल्म बन चुकी है।
98 करोड़ के पार रेड 2
गुरुवार को 5.33 करोड़ के साथ रेड 2 ने बॉक्स ऑफिस पर आठ दिनों का सफर पूरा किया। गुरुवार 1 मई को रिलीज होने के कारण रेड 2 का पहला हफ्ता आठ दिन का है। गुरुवार का कलेक्शन मिलाकर रेड का घरेलू बॉक्स ऑफिस पर एक हफ्ते का नेट कलेक्शन 98.89 करोड़ हो गया है।
आज 100 करोड़ के पार होगी रेड 2
100 करोड़ के लिए फिल्म को सिर्फ 1.11 करोड़ चाहिए, जो आज दोपहर तक आसानी से मिल जाएगा और इसी के साथ रेड 2 रिलीज के नौवें दिन 100 करोड़ का पड़ाव पार कर लेगी। सम्भव है कि आज ही फिल्म सलमान खान की सिकंदर के कलेक्शन को भी पीछे छोड़ देगी।
रेड 2 पहले हफ्ते (Raid 2 Box Office Day 8) में ही 100 करोड़ का कलेक्शन कर लेती, मगर बुधवार को फिल्म की कमाई में अप्रत्याशित गिरावट आई, जिसके कारण एक दिन अतिरिक्त लग रहा है। 1-8 मई के पहले हफ्ते में फिल्म का प्रतिदिन सफर यूं रहा:
- गुरुवार- ₹19.71 करोड़
- शुक्रवार- ₹13.05 करोड़
- शनिवार- ₹18.55 करोड़
- रविवार- ₹22.52 करोड़
- सोमवार- ₹7.47 करोड़
- मंगलवार- ₹7.45 करोड़
- बुधवार- ₹4.81 करोड़
- गुरुवार- ₹5.33 करोड़
राज कुमार गुप्ता निर्देशित रेड 2 थ्रिलर ड्रामा फिल्म है, जिसमें अजय देवगन एक ईमानदार इनकम टैक्स कमिश्नर अमेय पटनायक के रोल में नजर आते हैं। यह अफसर भ्रष्ट नेताओं के यहां इनकम टैक्स की रेड मारने के लिए मशहूर है।
अमेय पटनायक की नजरों से कुछ छिपा नहीं रहता। जहां कुछ मिलने की सम्भावना जीरो होती है, वहां भी अमेय छिपा हुआ धन बरामद कर लेता है।
2018 में आये पहले भाग में अमेय पटनायक ने अपनी टीम के साथ राजाजी बने बाहुबली नेता सौरभ शुक्ला के यहां रेड डाली थी। वहीं, रेड 2 में दादा भाई बने रितेश देशमुख के घर पर रेड मारी है।