मुंबई। Raid Box Office Day 15: अजय देवगन की फिल्म रेड 2 ने बॉक्स ऑफिस पर शानदार प्रदर्शन करते हुए दो हफ्तों का सफर पूरा कर लिया है और 150 करोड़ के पड़ाव के बेहद करीब पहुंच गई है। तीसरे वीकेंड में फिल्म इस पड़ाव को भी आसानी से पार कर लेगी।
रिलीज के 15वें दिन गुरुवार को फिल्म ने 2.98 करोड़ का नेट कलेक्शन किया, जिसके बाद 15 दिनों का नेट कलेक्शन 140.22 करोड़ हो गया है। 150 करोड़ के लिए अब फिल्म को सिर्फ 9.78 करोड़ चाहिए।
इस साल जनवरी से अब तक रिलीज हुई फिल्मों की लिस्ट देखें तो रेड 2 दूसरी सबसे अधिक कमाई करने वाली फिल्म बन चुकी है। इससे आगे विक्की कौशल की फिल्म छावा है, जिसने 600 करोड़ का नेट कलेक्शन किया है।
यह भी पढ़ें: Bhool Chuk Maaf: थिएट्रिकल रिलीज के बाद OTT पर आने के लिए 8 हफ्तों की विंडो का पालन नहीं करेगी फिल्म? हरकत में आई MAI
तीसरे स्थान पर अक्षय कुमार की फिल्म स्काय फोर्स है, जिसने 131.44 करोड़ नेट कलेक्शन किया था। इसके बाद सलमान खान की फिल्म सिकंदर चौथे स्थान पर है, जो 103 करोड़ ही जमा कर सकी। पांचवें स्थान पर अक्षय कुमार की ही फिल्म केसरी चैप्टर 2 है, जो 90.55 करोड़ जमा कर चुकी है।
दूसरे हफ्ते में मिले 41 करोड़
9 से 15 मई तक, दूसरे हफ्ते में रेड 2 का सफर स्थिर रहा और 41.33 करोड़ जमा किये। कलेक्शंस में उतनी ही गिरावट आई, जितना जरूरी थी। कोई नई फिल्म रिलीज ना होने से भी फिल्म को फायदा मिला। राजकुमार राव की फिल्म भूल चूक माफ 9 मई को रिलीज होने वाली थी, मगर पोस्टपोन हो गई।
हुए दूसरे हफ्ते में रेड 2 के प्रतिदिन कलेक्शंस इस प्रकार रहे-
- शुक्रवार- ₹5.01 करोड़ (9 मई)
- शनिवार- ₹8.52 करोड़ (10 मई)
- रविवार- ₹12.09 करोड़ (11 मई)
- सोमवार- ₹4.88 करोड़ (12 मई)
- मंगलवार- ₹4.53 करोड़ (13 मई)
- बुधवार- ₹3.32 करोड़ (14 मई)
- गुरुवार- ₹2.98 करोड़ (15 मई)
पहले हफ्ते में जमा किये 98.89 करोड़
1 मई को रिलीज हुई फिल्म ने 8 मई को खत्म हुए पहले हफ्ते में 98.89 करोड़ नेट कलेक्शन किया था। गुरुवार को रिलीज होने के कारण पहले हफ्ते में इसे आठ दिन मिले। फर्स्ट वीक में रेड 2 का सफर यूं रहा-
- गुरुवार- ₹19.71 करोड़ (ओपनिंग)
- शुक्रवार- ₹13.05 करोड़
- शनिवार- ₹18.55 करोड़
- रविवार- ₹22.52 करोड़
ओपनिंग वीकेंड: 73.89 करोड़ (4 Days Weekend)
- सोमवार- ₹7.47 करोड़
- मंगलवार- ₹7.45 करोड़
- बुधवार- ₹4.81 करोड़
- गुरुवार- ₹5.33 करोड़
राज कुमार गुप्ता निर्देशित रेड 2 थ्रिलर ड्रामा फिल्म है, जिसमें अजय देवगन एक ईमानदार इनकम टैक्स कमिश्नर अमेय पटनायक के रोल में नजर आते हैं। वाणी कपूर उनकी पत्नी के किरदार में हैं। रेड 2 में रितेश देशमुख बाहुबली राजनेता दादा भाई बने हैं, जिनके घर पर अमेय ने 75वीं रेड डाली है।