Dhurandhar Re-release: ‘धुरंधर 2’ से पहले बड़े पर्दे पर देखिए ‘धुरंधर’, आज से चुनिंदा सिनेमाघरों में फिर रिलीज हुई फिल्म

Dhurandhar releases again. Photo- X

मुंबई। Dhurandhar Re-release in cinemas: धुरंधर का दीवानापन अभी तक खत्म नहीं हुआ है। 19 मार्च को आने वाली बहुप्रतीक्षित फिल्म धुरंधर द रिवेंज से पहले, जिओ स्टूडियोज और बी62 स्टूडियोज अपनी ग्लोबल ब्लॉकबस्टर फिल्म धुरंधर को एक खास री-रिलीज के साथ फिर से बड़े पर्दे पर ला रहे हैं।

1000 स्क्रींस पर लौटी फिल्म

यह फिल्म 1000 स्क्रींस पर 1250 शोज के साथ दोबारा 13 मार्च से दोबारा रिलीज हो रही है। हालांकि, कुछ सिनेमाघरों में फिल्म अभी भी चल रही है। धुरंधर 5 दिसम्बर 2025 को हिंदी में रिलीज हुई थी और 800 करोड़ से अधिक नेट कलेक्शन भारतीय बॉक्स ऑफिस पर किया था।

फ्रेंचाइजी के फैंस के लिए यह एक शानदार मौका है कि वे उस फिल्म को फिर से सिनेमाघरों में देख सकें, जिसने स्पाई-एक्शन जॉनर को नई पहचान दी थी। इसके बाद कुछ ही दिनों में वे इसका सीक्वल धुरंधर द रिवेंज भी बड़े पर्दे पर देख सकेंगे और कहानी के दोनों हिस्सों को नये सिरे से जोड़ पाएंगे।

भारत में कुछ बड़ी फिल्मों की दोबारा रिलीज़ पहले भी देखी गई है, लेकिन हिंदी फिल्मों का अंतरराष्ट्रीय स्तर पर दोबारा रिलीज होना बहुत ही कम होता है। ऐसे में धुरंधर की यह री-रिलीज फ्रेंचाइज़ी के लिए एक अहम पल है और यह दिखाती है कि दुनिया भर में इस फिल्म की कितनी जबरदस्त मांग है।

सिर्फ उत्तर अमेरिका में ही यह फिल्म करीब 185 स्क्रीन पर फिर से सिनेमाघरों में लौट रही है, जो इसके अगले भाग को लेकर दर्शकों की उत्सुकता को दिखाता है।

यह भी पढ़ें: Dhurandhar The Revenge Trailer: हिंदुस्तान लिखेगा पाकिस्तान का मुस्तकबिल, आ गया साल का मोस्ट अवेटेड ट्रेलर

18 मार्च को धुरंधर 2 के प्रीमियर शो

उत्साह को और बढ़ाते हुए, धुरंधर द रिवेंज के खास प्रीमियर शो 18 मार्च को अमेरिका और कनाडा में बुधवार के दिन आयोजित किए जाएंगे, यानी इसकी वैश्विक रिलीज से एक दिन पहले। ये प्रीमियर ज्यादातर प्रीमियम लार्ज फॉर्मेट (पीएलएफ) स्क्रीन पर होंगे।

इन स्क्रीन पर बड़ी दीवार जैसी स्क्रीन, डॉल्बी एटमॉस जैसे दमदार साउंड सिस्टम, बेहतर प्रोजेक्शन और लग्जरी सीटिंग की सुविधा होती है। आम तौर पर ऐसे फॉर्मेट बड़े हॉलीवुड इवेंट फिल्मों के लिए इस्तेमाल किए जाते हैं। इन मिड-वीक प्रीमियर शो के कई टिकट पहले ही हाउसफुल हो चुके हैं, जिससे साफ है कि फिल्म को लेकर दर्शकों में जबरदस्त उत्साह है।

हाल ही में रिलीज हुआ धुरंधर द रिवेंज का ट्रेलर दुनियाभर में चर्चा का विषय बना हुआ है और ट्रेड एक्सपर्ट्स व एग्जिबिटर्स भी इसकी अंतरराष्ट्रीय रिलीज को लेकर काफी उम्मीदें जता रहे हैं। पहले भाग की री-रिलीज और उसके कुछ ही दिनों बाद आने वाले सीक्वल के साथ, दुनिया भर के दर्शकों को एक बार फिर उस रोमांच, भव्यता और रहस्य का अनुभव करने का मौका मिलेगा, जिसने धुरंधर को एक सिनेमाई घटना बना दिया था।

19 मार्च को रिलीज होगी धुरंधर 2

जिओ स्टूडियोज की ओर से प्रस्तुत बी62 स्टूडियोज के बैनर तले बनी फिल्म का निर्देशन आदित्य धर ने किया है। यह हाई-ऑक्टेन स्पाइ-एक्शन थ्रिलर आदित्य धर द्वारा लिखी, निर्देशित और निर्मित की गई है, जबकि ज्योति देशपांडे और लोकेश धर इसके निर्माता हैं। यह फिल्म 19 मार्च 2026 को दुनिया भर के सिनेमाघरों में हिंदी, तमिल, तेलुगु, मलयालम और कन्नड़ इन पांच भाषाओं में रिलीज होगी।

अंडरकवर एजेंट की कहानी गुड़ी पड़वा और उगादी के मौके पर और ईद से पहले, दर्शकों के सामने आएगी।