Tere Ishk Mein Box Office Day 7: वर्ल्डवाइड 100 करोड़ के पार पहुंची धनुष-कृति की फिल्म, जानें- क्यों अहम है यह वीकेंड?

Tere Ishk Mein box office collection Day 7. Photo- Instagram

मुंबई। Tere Ishk Mein Box Office Day 7: धनुष और कृति सेनन की रोमांटिक ड्रामा फिल्म तेरे इश्क में ने घरेलू बॉक्स ऑफिस पर पहले हफ्ते में शानदार कमाई की है। फिल्म देश में भले ही 100 करोड़ की मंजिल से कुछ दूर है, मगर वर्ल्डवाइड इस अहम पड़ाव को पार कर चुकी है।

धरेलू बॉक्स ऑफिस पर 7 दिनों में 85 करोड़

रिलीज के सातवें दिन गुरुवार को फिल्म ने 5.79 करोड़ के साथ पहला हफ्ता पूरा किया, जिसे मिलाकर हिंदी भाषा का नेट कलेक्शन 82.03 करोड़ हो गया है। वहीं, तमिल वर्जन ने सात दिनों में सिर्फ 3.63 करोड़ नेट कलेक्शन किया है। हिंदी और तमिल वर्जन की कमाई मिलाकर तेरे इश्क में का घरेलू बॉक्स ऑफिस पर सात दिनों का नेट कलेक्शन 85.66 करोड़ हो गया है।

फिल्म (हिंदी) के छह दिनों के प्रतिदिन कलेक्शंस इस प्रकार रहे:

  • शुक्रवार (28 नवम्बर): 15.06 करोड़
  • शनिवार: 16.57 करोड़
  • रविवार: 19.32 करोड़
  • सोमवार: 8.39 करोड़
  • मंगलवार: 10.01 करोड़
  • बुधवार: 6.89 करोड़
  • गुरुवार: 5.79 करोड़

100 करोड़ के रास्ते में धुरंधर चुनौती

28 नवम्बर को रिलीज हुई आनंद एल राय निर्देशित फिल्म ने 15.06 करोड़ की ओपनिंग ली थी। इसके बाद ओपनिंग वीकेंड में 50.95 करोड़ जमा कर लिये थे। फिल्म अब 100 करोड़ के सफर की ओर बढ़ रही है, जो इस वीकेंड में मिलने की पूरी सम्भावना है।

100 करोड़ के पड़ाव तक पहुंचने के लिए तेरे इश्क में को अब 14.34 करोड़ की दरकार है। हालांकि, धुरंधर की रिलीज के कारण यह रकम जुटाना थोड़ा मुश्किल हो गया है, मगर असम्भव नहीं। पूरी उम्मीद है कि दूसरा वीकेंड खत्म होते-होते तेरे इश्क में 100 करोड़ हासिल कर लेगी, जो इस फिल्म के लिए बड़ी उपलब्धि होगी। इस लिहाज से फिल्म के लिए यह वीकेंड अहम हो गया है।

वर्ल्डवाइ 100 करोड़ के पार हुई फिल्म

घरेलू बॉक्स ऑफिस पर भले ही फिल्म अभी 100 करोड़ से कुछ पीछे हो, मगर वर्ल्डवाइड पहले हफ्ते में 118.76 करोड़ का ग्रॉस कलेक्शन कर लिया है।

यह भी पढ़ें: Movies in Cinemas in December: धुरंधर, इक्कीस और अवतार… इन बॉलीवुड, साउथ और हॉलीवुड फिल्मों से थिएटर होंगे गुलजार

तेरे इश्क में धनुष की चौथी हिंदी फिल्म है। उन्होंने 2013 में आई रांझणा से हिंदी सिनेमा में डेब्यू किया था, जिसे आनंद एल राय ने ही निर्देशित किया था। इस फिल्म में सोनम कपूर फीमेल लीड थीं। इसके बाद आर बाल्की निर्देशित शमिताभ में उन्होंने अमिताभ बच्चन के साथ काम किया।

धनुष की तीसरी हिंदी फिल्म अतरंगी रे थी, जिसका निर्देशन आनंद एल राय ने ही किया था। इस फिल्म में सारा अली खान फीमेल लीड थीं, जबकि अक्षय कुमार एक अहम किरदार में नजर आये थे। तेरे इश्क में धनुष की व्यावसायिक रूप से सबसे सफल हिंदी फिल्म बन गई है।