Thamma Box Office Day 3: बुधवार और गुरुवार को छुट्टी के बावजूद गिरी ‘थामा’ की कमाई, क्या ओपनिंग वीकेंड में मिलेगा 100 करोड़?

Thamma box office collection day 3. Photo- X

मुंबई। Thamma Box Office Day 3: दिवाली के एक दिन बाद रिलीज हुई हॉरर कॉमेडी फिल्म ‘थामा’ की कमाई में तीसरे दिन काफी गिरावट आई, जो अब फिल्म के लिए चिंता की बात हो सकती है। बुधवार और गुरुवार दोनों दिन फिल्म का नेट कलेक्शन ओपनिंग के मुकाबले काफी कम रहा है।

यह हाल तब है, जबकि महाराष्ट्र और उत्तर प्रदेश समेत कई राज्यों में छुट्टी गोवर्धन पूजा और भाई दूज की छुट्टी रही है। फिल्म ने गुरुवार को 50 करोड़ का पड़ाव तो पार कर लिया, मगर कलेक्शंस की घटती रफ्तार को देखते हुए यह सवाल खड़ा हो गया है कि क्या 6 दिन लम्बे वीकेंड में फिल्म 100 करोड़ का पड़ाव पार कर सकेगी?

दो दिनों में 44 करोड़ की कमाई

ट्रेड रिपोर्ट्स के मुताबिक, थामा ने गुरुवार को 14.45 करोड़ नेट कलेक्शन किया। फिल्म ने बुधवार को 19.23 करोड़ नेट कलेक्शन घरेलू बॉक्स ऑफिस पर किया था। 21 अक्टूबर को आई थामा ने बॉक्स ऑफिस धमाकेदार शुरुआत की थी और 25.11 करोड़ की ओपनिंग ली थी। इसे मिलाकर फिल्म का तीन दिनों का नेट कलेक्शन लगभग 58.79 करोड़ हो चुका है।

Day 1 (मंगलवार): 25.11 करोड़

Day 2 (बुधवार): 19.23 करोड़

Day 3 (गुरुवार): 14.45 करोड़

ओपनिंग वीकेंड में 100 करोड़?

थामा को धमाकेदार ओपनिंग तो मिल गई, जो स्त्री 2 के बाद हॉरर कॉमेडी यूनिवर्स की ओरिजिनल फिल्मों में (स्त्री, भेड़िया और मुंजा) में सबसे बड़ी ओपनिंग है, मगर इसके बाद थामा की गति थमने लगी है। छुट्टी के सीजन के बावजूद फिल्म के कलेक्शंस में बुधवार को लगभग 23 फीसदी और गुरुवार को लगभग 25 फीसदी गिरावट आई है।

यह डाउन ट्रेंड फिल्म के भविष्य के लिए चिंताजनक है। थामा को अगर 6 दिन लम्बे ओपनिंग वीकेंड में 100 करोड़ का पड़ाव पार करना है तो शुक्रवार, शनिवार और रविवार को लगभग 42 करोड़ नेट कलेक्शन करना होगा, जो फिल्म की ओपनिंग को देखकर सम्भव लगता है।

थामा, 100 करोड़ क्लब में आयुष्मान की 5वीं फिल्म होगी। आयुष्मान खुराना के करियर की यह पहली फेस्टिवल रिलीज और सबसे बड़ी ओपनिंग है।

मुंजा फेम आदित्य सोपरकार निर्देशित थामा में आयुष्मान खुराना के साथ रश्मिका मंदाना फीमेल लीड हैं। फिल्म में नवाजुद्दीन सिद्दीकी, परेश रावल और पंचायत फेम फैसल मलिक ने सहयोगी भूमिकाएं निभाई हैं।

यह भी पढ़ें: ‘दिवाली सिर्फ सुपरस्टार्स की फिल्मों के लिए नहीं’, Thamma की ओपनिंग से सातवें आसमान पर आयुष्मान खुराना

क्या है थामा की कहानी?

फिल्म की कहानी राजा विक्रमादित्य और बेताल की कथाओं से प्रेरित है। कहानी की शुरुआत 323 ईसा पूर्व से होती है, जहां सिकंदर जंगल में बेतालों का शिकार बन जाता है, लेकिन मुख्य प्लॉट वर्तमान समय में सेट है।

दिल्ली का एक सामान्य रिपोर्टर आलोक गोयल (आयुष्मान खुराना) घने जंगलों में ट्रेकिंग पर जाता है, जहां एक भालू के हमले से उसकी जान पर बन आती है। तभी एक रहस्यमयी युवती ताड़का (रश्मिका मंदाना) उसकी जान बचाती है। ताड़का बेतालों की प्रजाति से है। ये अमर प्राणी हैं, जो पहले इंसानों का खून पीकर जीते थे, लेकिन अब इंसानी दुनिया से दूर रहते हैं और नियमों का पालन करते हैं।

बेतालों का दुष्ट मुखिया यक्षशासन (नवाजुद्दीन सिद्दीकी) नियम तोड़ने के कारण 100 साल से एक गुफा में कैद है। आलोक और ताड़का के बीच प्यार हो जाता है, लेकिन ताड़का जानती है कि वह इंसानी दुनिया में नहीं रह सकती।

जब वह आलोक से अलग होने की कोशिश करती है तो आलोक का एक्सीडेंट हो जाता है। ताड़का उसे बचाने के लिए उसका खून पी लेती है, जिससे आलोक भी बेताल बन जाता है। यह नियम तोड़ना बेताल समाज के लिए बड़ा अपराध है, जिसकी सजा में ताड़का को कैद कर लिया जाता है और यक्षशासन मुक्त हो जाता है।

अब यक्षशासन इंसानों पर हमला करके अपनी रक्त की प्यास मिटाना चाहता है, जिससे पूरी मानवता खतरे में पड़ जाती है। इसके अलावा, यूनिवर्स का कनेक्शन जोड़ते हुए ‘भेड़िया’ (वरुण धवन का कैमियो) आलोक के ‘थामा रक्त’ का पीछा करता है, क्योंकि यह रक्त उसे सर्वशक्तिमान बना सकता है।

आलोक को तीन मोर्चों पर लड़ना पड़ता है: यक्षशासन से इंसानियत बचाना, भेड़िया से खुद को बचाना और ताड़का को छुड़ाना। फिल्म में परेश रावल आलोक के पिता के रोल में हैं, जो कॉमेडी और इमोशनल टच देते हैं। क्लाइमैक्स में भेड़िया और बेतालों की जंग, साथ ही यक्षशासन के साथ फाइट सीन हाइलाइट हैं, जो वीएफएक्स से भरे हुए हैं।

(अंतिम आंकड़े आने के बाद स्टोरी को अपडेट किया गया है)