मुंबई। War 2 Box Office Day 1: ऋतिक रोशन और एनटीआर जूनियर की स्पाइ एक्शन थ्रिलर ने बॉक्स ऑफिस पर ठीकठाक शुरुआत की है, मगर फिल्म के विशाल कैनवास को देखते हुए यह ओपनिंग काफी कम है। इस फ्रेंचाइजी की पहली फिल्म वॉर की तुलना में भी वॉर 2 काफी पीछे रह गई है।
हिंदी, तमिल तेलुगु में रिलीज हुई वॉर 2 ने बॉलीवुड में साल की दूसरी सबसे बड़ी ओपनिंग ली है। फिल्म के तेलुगु वर्जन ने बराबर साथ दिया, जिसकी बदौलत घरेलू बॉक्स ऑफिस पर वॉर 2 का पहले दिन का नेट कलेक्शन 50 करोड़ के पार चला गया है।
सैकनिल्क वेबसाइट के अनुसार, फिल्म के हिंदी वर्जन ने लगभग 29 करोड़ नेट कलेक्शन किया है। इस कलेक्शन के साथ वॉर 2 इस साल की दूसरी सबसे अधिक ओपनिंग लेने वाली बॉलीवुड फिल्म बन गई है। 2025 के टॉप 5 ओपनिंग कलेक्शंस की लिस्ट में वॉर 2 ने अजय देवगन की रेड 2 को बाहर कर दिया है।
Top 5 Opening Collections of 2025
- छावा- 33.10 करोड़
- वॉर 2- 29 करोड़*
- सिकंदर- 27.50
- हाउसफुल 5- 24.35 करोड़
- सैयारा- 22 करोड़
शुक्रवार को स्वतंत्रता दिवस की सार्वजनिक छुट्टी होने के कारण फिल्म के कलेक्शन में बड़ी जम्प की उम्मीद की जा रही है।
ओपनिंग में वॉर से हारी वॉर 2
अब अगर अन्य भाषाओं के कलेक्शंस जोड़ लें तो वॉर 2 ने ओपनिंग में हाफ सेंचुरी जड़ दी है। फिल्म ने लगभग 52.50 करोड़ की ओपनिंग ली है। इसमें से 23.25 करोड़ तेलुगु से आये हैं। इसका श्रेय एनटीआर जूनियर के स्टारडम को जाता है। फिल्म के तमिल वर्जन से सिर्फ 25 लाख मिले हैं। यह रजनीकांत की तमिल फिल्म कुली का असर है, जो तमिलनाडु में कोहराम मचा रही है।
वॉर 2 ओपनिंग कलेक्शन के मामले में वॉर से भी पीछे है। 2019 में रिलीज हुई वॉर ने 53.35 करोड़ पहले दिन जुटा लिये थे, जिसमें से 51.60 करोड़ सिर्फ हिंदी से आया था। तेलुगु से फिल्म को 1.05 करोड़ और तमिल से सिर्फ 70 लाख मिले थे।
दोनों फिल्मों के आंकड़ों से साफ है कि तेलुगु वर्जन ने इस बार बड़ा योगदान दिया है।
ऋतिक के करियर की दूसरी बेस्ट ओपनिंग
वॉर के बाद ऋतिक रोशन के करियर की भी यह दूसरी सबसे बड़ी ओपनिंग है। ऋतिक की टॉप 5 ओपनर इस प्रकार हैं-
- वॉर (2019)- 51.60 करोड़
- वॉर 2 (2025)- 29 करोड़
- बैंग बैंग (2014)- 27.54 करोड़
- कृष 3 (2013)- 25.50 करोड़
- फाइटर (2024)- 24.60 करोड़
स्पाइ यूनिवर्स की सबसे कम ओपनिंग
अगर, यशराज फिल्म्स के स्पाइ यूनिवर्स की ही बात करें तब भी यह सबसे कम ओपनिंग है। वॉर 2 स्पाइ यूनिवर्स की छठी फिल्म है। अन्य फिल्मों के ओपनिंग कलेक्शंस (हिंदी) इस प्रकार हैं-
- पठान- 55 करोड़
- वॉर- 51.60 करोड़
- टाइगर 3- 44.50 करोड़
- एक था टाइगर- 32.93 करोड़
- टाइगर जिंदा है- 34.10 करोड़
- वॉर 2- 29 करोड़
वॉर 2 का निर्देशन अयान मुखर्जी ने किया है। फिल्म में ऋतिक और एनटीआर के साथ कियारा आडवाणी, आशुतोष राणा और अनिल कपूर भी हैं। फिल्म को अच्छे रिव्यूज नहीं मिले हैं। ज्यादातर क्रिटिक्स ने फिल्म की कहानी और स्क्रीनप्ले को नेगेटिव रिव्यू दिये हैं।