मुंबई। Emmanuel Macron Meets Bollywood: फ्रांस के राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रों भारत की यात्रा पर हैं। वो मंगलवार सुबह मुंबई पहुंचे, जहां आइकॉनिक मैरीन ड्राइव पर जॉगिंग करके उन्होंने दिन की शुरुआत की। फ्रांस की फर्स्ट लेडी ब्रिगिट मैक्रों भी इस यात्रा में राष्ट्रपति के साथ आई हैं।
मुंबई के लोक भवन में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने मैक्रों से मुलाकात की। भारत और फ्रांस के बीच संबंधों को मजबूत करने की दिशा में इस यात्रा को अहम माना जा रहा है। दोपहर को भारत की फिल्मनगरी के नाम से मशहूर मुंबई में मैक्रों फिल्म कलाकारों से भी मिले।
अनिल कपूर ने कहा- कई कहानियां बाकी हैं
अनिल कपूर ने मुलाकात की तस्वीरों एक्स पर शेयर करके लिखा- प्रेसीडेंट इमैनुएल मैक्रों और उनकी गरिमामयी पत्नी, ब्रिगिट के साथ सिनेमा, संस्कृति और भारत-फ्रांस के बीच शक्तिशाली सेतु को लेकर चर्चा के साथ प्रेरणाप्रद दोपहर बिताई। अनिल ने आगे लिखा- कई कहानियां कहने का इंतजार है।
मनोज बाजपेयी ने लिखा- राष्ट्रपति से मिलना सम्मान की बात
प्रेसीडेंट मैक्रों से मुलाकात करने वाले अभिनेताओं में मनोज बाजपेयी भी शामिल रहे। मनोज ने मुलाकात की तस्वीरों के साथ लिखा- आज लंच पर प्रेसीडेंट इमैनुएल मैक्रों से अन्य प्रतिनिधियों के साथ मुलाकात करना एक सम्मान की बात थी।
जो बात सबसे खास थी, वो है सिनेमा, संस्कृति और कहानी कहने के जरिए दोनों देशों के बीच सेतु बनाने को लेकर उनकी समझ। इस तरह की बातचीत कि कैसे भारत और फ्रांस सिनेमा और संस्कृति को लेकर काम कर सकते हैं, आपको याद दिलाते हैं कि आज की दुनिया में विचारशील नेतृत्व और सांस्कृतिक संवाद कितना अहम हो चला है।
मैक्रों ने शेयर कीं मुलाकात की तस्वीरें
दोनों कलाकारों के अलावा शबाना आजमी, रिचा चड्ढा, जोया अख्तर और रिकी केज भी मुलाकात करने वालों में शामिल थे। राष्ट्रपति मैक्रों ने भी अपने आधिकारिक एक्स हैंडल से मीटिंग की तस्वीरें साझा कीं। तस्वीरों के साथ उन्होंने लिखा- भारतीय सिनेमा के लेजेंड्स के साथ। संस्कृति हमें जोड़ती है।
फ्रांस के राष्ट्रपति की मुंबई यात्रा और बॉलीवुड कलाकारों से मुलाकात के बाद सिनेमा की दिशा में दोनों देशों के बीच सहयोग बढ़ने की उम्मीद की जा रही है।

