मुंबई। Sunjay Kapur Property Case: बॉलीवुड एक्ट्रेस करिश्मा कपूर के पूर्व पति संजय कपूर की इसी साल अचानक मृत्यु हो गई थी। कुछ महीनों बाद संजय की सम्पत्ति के बंटवारे का मुद्दा अब सतह पर आ गया है। करिश्मा और संजय के बच्चों समायरा और कियान राज कपूर ने दिवंगत पिता की सम्पत्ति में हिस्सेदारी के लिए दिल्ली हाई कोर्ट में वाद दायर किया है।
संजय कपूर ऑटो कंपोनेंट्स कंपनी सोना कॉमस्टार के पूर्व चेयरमैन थे। उनकी संपत्ति की कीमत लगभग 30,000 करोड़ रुपये आंकी जा रही है। बच्चों ने संजय की तीसरी पत्नी प्रिया (सचदेव) कपूर पर वसीयत को फर्जी तरीके से तैयार करने या उसमें हेरफेर करने का गंभीर आरोप लगाया है। इस मामले ने बॉलीवुड और बिजनेस जगत में हलचल मचा दी है।
वसीयत का विवाद और आरोप
मामले का केंद्र बिंदु संजय कपूर की वसीयत है, जो 21 मार्च 2025 को तैयार की गई बताई जा रही है। इस वसीयत में संजय की पूरी व्यक्तिगत संपत्ति प्रिया कपूर को दी गई है। रिपोर्ट्स के अनुसार, बच्चों का दावा है कि यह वसीयत “संदिग्ध परिस्थितियों में तैयार की गई और संभवतः फर्जी या हेरफेर की गई है।”
उन्होंने कहा कि उनके पिता हमेशा उन्हें और उनकी मां करिश्मा को सम्पत्ति वितरण और भविष्य से जुड़े मामलों के बारे में सूचित रखते थे। अगर ऐसी कोई वसीयत तैयार की गई होती, तो वे जरूर बताते।
बच्चों ने आरोप लगाया कि संजय की मौत के बाद प्रिया ने संपत्ति के दस्तावेज साझा करने से इनकार कर दिया और उन्हें नुकसान पहुंचाने के लिए कदम उठाए। वसीयत की जानकारी मौत के सात हफ्तों बाद 30 जुलाई को एक्जीक्यूटर श्रद्धा सुरी मारवाह द्वारा दी गई। बच्चों का कहना है कि मौत के बाद उन्हें बताया गया था कि कोई वसीयत नहीं है, लेकिन अचानक यह दस्तावेज सामने आया, जो संदेहास्पद है।
इसके अलावा, संजय की मां रानी कपूर ने भी कंपनी से खुद को हटाए जाने पर आपत्ति जताई। जुलाई में उन्होंने सोना कॉमस्टार के बोर्ड को पत्र लिखा, जिसमें कहा कि उन्हें “बंद दरवाजों के पीछे दस्तावेजों पर हस्ताक्षर करने के लिए मजबूर किया गया” और “उन्हें कुछ चुनिंदा लोगों की दया पर छोड़ दिया गया है।” यह पत्र कंपनी के एनुअल जनरल मीटिंग से पहले लिखा गया था।
आरके फैमिली ट्रस्ट, जिसमें संजय की सभी संपत्तियां रखी गई हैं, के बारे में भी बच्चों को पूरी जानकारी नहीं दी गई। उन्होंने ट्रस्ट डीड या संपत्ति की डिटेल्स मांगी, लेकिन इनकार कर दिया गया।
कोर्ट में दायर याचिका और मांगें
8 सितंबर 2025 को समायरा और कियान की गार्डियन के रूप में करिश्मा ने दिल्ली हाई कोर्ट में मुकदमा दायर किया। प्रतिवादी के रूप में प्रिया कपूर, उनके बेटे, रानी कपूर और वसीयत की एक्जीक्यूटर श्रद्धा सुरी मारवाह को नामित किया गया है। बच्चों ने खुद को क्लास I कानूनी वारिस घोषित करने की मांग की है।
वे कहते हैं कि कुल पांच वारिस हैं– रानी कपूर (मां), प्रिया कपूर (पत्नी), प्रिया से बेटा और करिश्मा से दो बच्चे। इसलिए, संपत्ति का बंटवारा पांच हिस्सों में होना चाहिए, जिसमें प्रत्येक को 1/5वां हिस्सा मिले।
याचिका में मांग की गई है:
- संपत्ति का विभाजन (पार्टिशन)।
- खातों का हिसाब (रेंडिशन ऑफ अकाउंट्स)।
- स्थायी निषेधाज्ञा (परमानेंट इंजंक्शन), ताकि संपत्ति का हस्तांतरण, बिक्री या थर्ड पार्टी राइट्स न बनाए जा सकें।
- प्रिया से शपथ पर संपत्ति की स्थिति का खुलासा, जिसमें मौत के समय की संपत्ति और उसके बाद के कदम शामिल हों।
कोर्ट में सुनवाई की तारीखें तय होनी बाकी हैं, लेकिन यह मामला वसीयत की वैधता, ट्रस्ट की स्थिति और प्रिया के कदमों की जांच पर केंद्रित होगा।
करिश्मा कपूर ने अभी तक इस मामले पर कोई आधिकारिक बयान नहीं दिया है, लेकिन सूत्रों के मुताबिक, वे बच्चों के साथ हैं। बॉलीवुड में करिश्मा की बहन करीना कपूर और मां बबीता ने उनका समर्थन किया है। प्रिया की ओर से भी कोई बयान नहीं आया है, लेकिन उनके करीबी सूत्रों का कहना है कि वसीयत वैध है और संजय ने बच्चों के लिए अलग से प्रावधान किए थे।
संजय की मौत के बाद आरके फैमिली ट्रस्ट की एजीएम 25 जुलाई 2025 को होनी थी, लेकिन बच्चों को बताया गया कि उनकी उपस्थिति जरूरी नहीं है। इसने संदेह को और बढ़ावा दिया।
संजय कपूर का बैकग्राउंड और पारिवारिक इतिहास
संजय कपूर का जन्म 1972 में हुआ था और वे 53 वर्ष की आयु में इस दुनिया से विदा हो गए। वे सोना ग्रुप की प्रमुख कंपनी सोना बीएलडब्ल्यू प्रिसिजन फोर्जिंग्स लिमिटेड (सोना कॉमस्टार) के जॉइंट मैनेजिंग डायरेक्टर थे, जो ऑटोमोटिव पार्ट्स की एक प्रमुख निर्माता कंपनी है।
कंपनी की मार्केट कैपिटलाइजेशन लगभग 30,000 करोड़ रुपये है, जिसमें पब्लिक के पास 72% शेयर हैं, जबकि प्रमोटर कंपनी ऑरियस इन्वेस्टमेंट्स प्राइवेट लिमिटेड के पास 28% हिस्सा (लगभग 8,200 करोड़ रुपये) है। संजय ने कंपनी को ऊंचाइयों पर पहुंचाया और यह भारत की प्रमुख ऑटो कंपोनेंट्स फर्मों में शुमार है।
संजय की निजी जिंदगी भी उतार-चढ़ाव भरी रही। उनकी पहली शादी के बारे में ज्यादा जानकारी नहीं है, लेकिन 2003 में उन्होंने बॉलीवुड स्टार करिश्मा कपूर से दूसरी शादी की। इस शादी से दो बच्चे हुए – बेटी समायरा (जन्म 2005, अब 20 वर्ष) और बेटा कियान राज कपूर (जन्म 2010, अब 15 वर्ष)।
हालांकि, 2014 में दोनों के रिश्ते में दरार आई और 2016 में तलाक हो गया। तलाक के समय संजय ने बच्चों की परवरिश के लिए करिश्मा को 14 करोड़ रुपये का बॉन्ड और मुंबई में एक घर दिया था।
तलाक के बाद संजय ने 2017 में मॉडल और बिजनेसवुमन प्रिया सचदेव से तीसरी शादी की। इस शादी से उन्हें एक बेटा हुआ। प्रिया सचदेव खुद एक सफल उद्यमी हैं और फैशन इंडस्ट्री से जुड़ी हुई हैं। संजय की मौत 12 जून 2025 को लंदन में पोलो खेलते समय हार्ट अटैक से हुई। उनकी मौत के बाद संपत्ति का बंटवारा एक बड़ा विवाद बन गया।
यह भी पढ़ें: Sunjay Kapur Funeral: पिता के अंतिम संस्कार में भावुक हुए बेटे कियान, ढांढस बंधाती दिखीं करिश्मा कपूर