स्टैंड अप कॉमेडियन जाकिर खान के ‘धुरंधर’ कमेंट का ‘पठान’ डायरेक्टर सिद्धार्थ आनंद ने दिया जवाब- ‘आप वाकई डफर…’

Siddharth Anand reacts to Zakir Khan's coment. Photo- X

मुंबई। Siddharth Anand Hits Back At Zakir Khan: आदित्य धर की फिल्म धुरंधर द रिवेंज इस वक्त हिंदी सिनेमा में कमाई का नया इतिहास लिख रही है। 2025 में आई पहली फिल्म धुरंधर ने भी बॉक्स ऑफिस पर कमाई के सारे रिकॉर्ड तोड़े थे। इन फिल्मों को लेकर सोशल मीडिया में बहस भी जारी है।

इस बीच स्टैंड अप कॉमेडियन जाकिर खान ने फिल्म की तारीफ करते हुए ऐसा कमेंट कर दिया, जिसने इंडस्ट्री के लोगों को आहत किया है। अब पठान फिल्म का निर्देशक सिद्धार्थ आनंद ने जाकिर का नाम लिये बगैर उन्हें करारा जबाव दिया है।

सिद्धार्थ ने एक्स पर लिखी पोस्ट

मंगलवार को वॉर और पठान जैसी सफल फिल्में बनाने वाले सिद्धार्थ आनंद ने एक्स पर लिखा- जुहू-बांद्रा के लोगों ने पिछले 50 सालों से कई ऑल टाइम ब्लॉक बस्टर फिल्में दी हैं। आप वाकई में डफर होंगे, जो उनका योगदान कम करके आंकेंगे।

यह भी पढ़ें: Dhurandhar 2 Box Office Day 18: हिंदी में 1000 करोड़ क्लब की दहलीज पर ‘धुरंधर 2’, वर्ल्डवाइड 1600 करोड़ के पार

सिद्धार्थ की इस पोस्ट पर जमकर प्रतिक्रियाएं आ रही हैं। कुछ पक्ष में तो कुछ विरोध में। एक यूजर ने लिखा- 100 फीसदी सही है। जुहू-बांद्रा के यही लोग दशकों से इंटस्ट्री चलाते आये हैं और लोगों लोगों को रोजगार दिया है, जिनमें यह नये डफर भी शामिल हैं।

एक अन्य यूजर ने लिखा- प्यारे सिद्धार्थ, धुरंधर जैसी फिल्म बनाने के लिए आपको नया जन्म लेना होगा। एक और यूजर ने लिखा- यह ट्वीट साउथ इंडस्ट्री और बॉलीवुड के बीच फर्क बताता है। एक और फॉलोअर ने लिखा कि कोई किसी के योगदान को कम नहीं कर रहा है। यह इंडस्ट्री के ऐसे लोगों के लिए रोस्ट सेक्शन था, जो दूसरों की बड़ी सफलता को भी सेलिब्रेट नहीं कर सकते। कुछ काम करो और बेहतर फिल्में बनाओ।

बता दें, सिद्धार्थ आनंद की अगली फिल्म किंग है, जिसमें शाह रुख खान और सुहाना खान लीड रोल्स में हैं। फिल्म में दीपिका पादुकोण, अभिषेक बच्चन और अनिल कपूर समेत कई जाने-माने सितारे अहम भूमिकाओं में दिखेंगे।

क्या था जाकिर का कमेंट?

हाल ही में मुंबई में हुए स्क्रीन अवॉर्ड समारोह को होस्ट कर रहे जाकिर ने धुंरधर को लेकर मजाकिया टिप्पणी करते हुए कहा- कितनी ही कॉन्ग्रेचुलेटरी पोस्ट आप डाल दें। कितना ही स्टोरी डाल दें। कितने ही इंटरव्यूज में आप कह दें, मेरी फेवरिट फिल्म है। लेकिन, सच यह है दोस्तों धुरंधर से सबकी जली तो है। देखिए, बम फिल्म में फूट ल्यारी में, पर धुआं उठा है बांद्रा से जुहू में।

बता दें कि जुहू और बांद्रा में फिल्म इंडस्ट्री के कई नामचीन सितारे और सेलिब्रिटीज रहते हैं। जाकिर ने अपने कमेंट से कहने की कोशिश की कि फिल्म इंडस्ट्री के जो स्थापित लोग हैं, वो धुरंधर की सफलता से जल रहे हैं, क्योंकि यह फिल्म किसी बॉलीवुड कैंप ने नहीं बनाई है।

बता दें, धुरंधर को स्क्रीन अवॉर्ड्स में 14 कैटेगरीज में अवॉर्ड दिये गये हैं।