मुंबई। KRK Firing Case: फायरिंग मामले में पिछले हफ्ते गिरफ्तार हुए यू-ट्यूबर और फिल्ममेकर कमाल राशिद खान को मुंबई की अदालत से जमानत मिल गई है। जेल से छूटने के बाद कमाल ने किसी का नाम लिये बगैर एक्स पर पोस्ट लिखी है, जिसमें उन्होंने इस मामले में अपनी जबरन गिरफ्तारी की ओर इशारा किया।
कमाल ने शनिवार को एक्स पर लिखा- हादसे को अपराध घोषित नहीं किया जा सकता। दुर्घटना किसी के भी साथ हो सकती है, लेकिन अगर आपको प्रताड़ित करना है तो फिर रस्सी का सांप बन सकता है। केआरके की इस पोस्ट पर उनके फॉलोअर्स वापसी पर स्वागत कर रहे हैं।
केआरके ने अपनी वकील सना रईस खान का वीडियो भी शेयर किया है, जिसमें वो इस पूरे मामले को मिसगाइडिंग और मिसलीडिंग बता रही हैं।
यह भी पढ़ें: Allu Arjun Released: एक रात जेल में बिताने के बाद सुबह रिहा हुए अल्लू अर्जुन, बोले- हर सम्भव मदद करूंगा

क्या है पूरा मामला?
केआरके को 23 जनवरी को ओशिवारा पुलिस ने हिरासत में लिया था। उन पर आरोप था कि उन्होंने अपनी लाइसेंसी बंदूक से गोली चलाई, जो एक आवासीय इमारत पर लगी। इस मामले में पुलिस ने ड्रोन, फोरेंसिक जांच और ट्रैजेक्टरी मैपिंग का इस्तेमाल करके गोलियों के स्रोत को KRK के MHADA बंगले तक ट्रेस किया।
KRK ने कथित तौर पर अपनी बंदूक साफ करते समय गलती से दो राउंड फायर किए, जो इमारत की दीवार पर लगे। पुलिस का कहना है कि कोई चश्मदीद गवाह या CCTV फुटेज नहीं मिला, लेकिन तकनीकी सबूतों से फायरिंग की दिशा का पुनर्निर्माण किया गया। KRK ने दावा किया कि यह दुर्घटनावश हुआ और उन्होंने कोई जानबूझकर हमला नहीं किया।
जमानत पर बाहर हैं केआरके
मुंबई पुलिस बैलिस्टिक रिपोर्ट का इंतजार कर रही है, जो मामले की सच्चाई को और स्पष्ट करेगी। KRK सोशल मीडिया पर अपनी विवादास्पद टिप्पणियों के लिए मशहूर हैं और पहले भी कई कानूनी मुश्किलों में फंस चुके हैं। 2020 में उनके एक ट्वीट के लिए गिरफ्तारी हुई थी और अब यह नया मामला उनकी छवि को और धूमिल कर रहा है।
शुरुआती पूछताछ के बाद केआरके को 24 जनवरी को गिरफ्तार कर लिया गया था और अदालत ने उन्हें न्यायिक हिरासत में जेल भेज गिया। बहरहाल, 29 जनवरी 2026 को अंधेरी रेलवे कोर्ट ने KRK को 25,000 रुपये की नकद जमानत पर अस्थायी राहत दी।
उनके वकीलों ने तर्क दिया कि गिरफ्तारी अवैध थी क्योंकि अनिवार्य प्रक्रियाओं का पालन नहीं किया गया। अब जमानत पर बाहर हैं, लेकिन मामले की जांच जारी है। पुलिस का कहना है कि अगर बैलिस्टिक रिपोर्ट में कोई गड़बड़ी पाई गई, तो आगे की कार्रवाई की जाएगी।

