दो दिन पहले हिजाब में फोटो के लिए ट्रोल हो रही थीं दीपिका पादुकोण, अब भारत सरकार के स्वास्थ्य मंत्रालय ने दी ये जिम्मेदारी

Deepika Padukone appointed mental health ambassador amid Hijab row. Photo- Instagram

मुंबई। Deepika Padukone Mental Health Ambassador: सोशल मीडिया में कब कौन किस मुद्दे पर ट्रोल हो जाए, कुछ कहा नहीं जा सकता। कई बार तो ऐसी-ऐसी बातों के लिए ट्रोलिंग हो जाती है कि सही समझ रखने वाला शख्स अपना सिर पीट ले। इसकी मिसाल पठान के गाने बेशरम रंग गाने से बेहतर क्या हो सकती है, जिसमें दीपिका एक खास रंग के स्विमसूट में नजर आई थीं और सोशल मीडिया पर एक वर्ग ने उसे धार्मिक आस्था से जोड़कर बवाल काटा।

ऐसी ही घटना की पुनरावृत्ति हुई दो दिन पहले, जब दीपिका ने अबु धाबी टूरिज्म के प्रमोशन के लिए एक वीडियो इंस्टाग्राम पर साझा किया। इस वीडियो के एक दृश्य में दीपिका हिजाब पहने हुए हैं। साथ में पति रणवीर सिंह भी हैं, जो काला सूट पहने हैं।

दीपिका की इस तस्वीर के बाद उन्हें सोशल मीडिया में ट्रोल किया जाने लगा। हालांकि, कई फैंस ने दीपिका को इस वीडियो के लिए सपोर्ट भी किया। ट्रोल करने वाले ज्यादातर लोग एक खास विचारधारा से जुड़े थे।

पहली मेंटल हेल्थ एम्बेस्डर बनीं दीपिका

संयोग से इस ट्रोलिंग के बाद खबर आई कि दीपिका को भारत सरकार के स्वास्थ्य मंत्रालय ने दीपिका को मेंटल हेल्थ एम्बेस्डर बनाया है। मंत्रालय ने पहली बार मेंटर हेल्थ एम्बेस्डर नियुक्त किया है। इसकी जानकारी स्वास्थय मंत्रालय के आधिकारिक सोशल मीडिया से साझा की गई।

पोस्ट में बताया गया- प्रतिष्ठित भारतीय अभिनेत्री दीपिका पादुकोण को केंद्रीय स्वास्थ्य व परिवार कल्याण मंत्रालय ने पहली बार मेंटल हेल्थ एम्बेस्डर नियुक्त किया है। उन्होंने इस जिम्मेदारी को स्वीकार करने में गहन सम्मान जाहिर किया और वादा किया कि वो इस काम के लिए भारत सरकार के प्रयासों को डटकर सपोर्ट देंगी।

यह भी पढ़ें: Kalki 2898 AD पार्ट 2 से बाहर होने के बाद Deepika Padukone ने शुरू की ‘किंग’ की शूटिंग, तेलुगु फिल्म के मेकर्स को दिया जवाब?

दीपिका का स्टेटमेंट भी इसके साथ साझा किया गया है, जिसमें एक्ट्रेस कहती हैं- स्वास्थ्य मंत्रालय की पहली मेंटल हेल्थ एम्बेस्डर बनकर मैं सम्मानित महसूस कर रही हूं। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत में मानसिक स्वास्थ्य के लिए कई कदम उठाये गये हैं।

मैं मंत्रालय के साथ जुड़कर इस दिशा में काम करने के लिए प्रतिबद्ध हूं, ताकि हमारे देश का मानसिक स्वास्थय का ढांचा मजबूत हो सके।

मंत्रालय ने जो तस्वीर शेयर की है, दीपिका उसमें केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री जेपी नड्डा के साथ नजर आ रही हैं। सोशल मीडिया में अब इस पोस्ट को लेकर खूब चर्चा हो रही है।

दीपिका के समर्थक ले रही चुटकी

दीपिका के समर्थक उन लोगों को ट्रोल कर रहे हैं, जो दो दिन पहले दीपिका को हिजाब पहनने के लिए ताने मार रहे थे। कुछ ने चुटकी लेते हुए लिखा कि कंगना रनौत को यह जिम्मेदारी क्यों नहीं दी गई।

बता दें, दीपिका काफी समय से मेंटल हेल्थ की अहमियत की वकालत करती रही हैं। उनकी अपनी एनजीओ लिव लव लाफ फाउंडेशन इस दिशा में निरंंतर काम कर रही है।