Mukul Dev Death: अभिनेता मुकुल देव का निधन, इस थ्रिलर फिल्म में निभाया था दिलीप कुमार के बेटे का किरदार

Actor Mukul Dev, Rahul Dev's brother dies. Photo- Instagram

मुंबई। Mukul Dev Death: जाने-माने अभिनेता मुकुल देव का मुंबई में 54 साल की उम्र में निधन हो गया। मौत के कारण का अभी पता नहीं चला है। कई बॉलीवुड सेलिब्रिटीज ने सोशल मीडिया के जरिए मुकुल के निधन की खबर साझा की है। मुकुल, अभिनेता राहुल देव के छोट भाई थे।

आज होगा अंतिम संस्कार

राहुल ने सोशल मीडिया के जरिए मुकुल के निधन की खबर की पुष्टि की और जानकारी दी कि अंतिम संस्कार आज (शनिवार) को किया जाएगा। राहुल ने लिखा- बीती रात हमारे भाई मुकुल देव का दिल्ली में शांतिपूर्वक निधन हो गया। वो अपने पीछे एक बेटी सिया देव छोड़ गये हैं

रश्मि, कौशल, राहुल देव और भतीजा सिद्धांत देव उन्हें याद कर रहे हैं। राहुल ने पोस्ट में बताया कि अंतिम संस्कार शाम पांच बजे किया जाएगा। उन्हें जगह की जानकारी भी दी है।

सेलिब्रिटीज दे रहे श्रद्धांजलि

मनोज बाजपेयी ने एक्स पर मुकुल को याद करते हुए लिखा- मैं जो महसूस कर रहा हूं, उसे शब्दों में बयां करना बेहद मुश्किल है। मुकुल मेरे लिए भाई जैसे थे। एक कलाकार, जिसकी गर्मजोशी और जुनून का कोई मुकाबला नहीं।

बहुत जल्दी चले गये, इतनी सी उम्र में। उनके परिवार के लिए और उनके जाने का अफसोस मना रहे हर शख्स के लिए मेरी दुआएं। मिस यू मेरी जान… जब तक कि दोबारा ना मिलें। ओम शांति।

अभिनेता सोनू सूद ने एक्स पर मुकुल की तस्वीर शेयर करके लिखा- आरआइपी मुकुल भाई। आप हीरा थे। आपको हमेशा याद रखूंगा। सोनू ने मुकुल के बड़ भाई अभिनेता राहुल देव को अपनी संवेदनाएं दीं।

1996 में सुष्मिता संग किया था डेब्यू

ढाई दशक से ज्यादा के करियर में मुकुल ने 60 से अधिक फिल्मों में काम किया। उन्होंने साल 1996 में आई क्राइम थ्रिलर दस्तक से फिल्मी पारी शुरू की थी, जिसमें सुष्मिता सेन फीमेल लीड थीं, जबकि शरद कपूर पैरेलल लीड रोल में थे।

महेश भट्ट निर्देशित फिल्म से सुष्मिता ने भी डेब्यू किया था। 1998 में मुकुल की छह फिल्में रिलीज हुईं। इनमें से एक दिलीप कुमार अभिनीत किला थी, जिसमें मुकुल ने उनके बेटे का किरदार निभाया था। यह दिलीप साहब की आखिरी स्क्रीन प्रेजेंस थी।

मुकुल ने हिंदी के साथ पंजाबी, तेलुगु, कन्नड़, बंगाली और गुजराती फिल्मों में भी काम किया था। उनकी चर्चित फिल्मों में कोहराम, यमला पगला दीवाना, सन ऑफ सरदार, आर… राजकुमार, जय हो शामिल हैं। मुकुल आखिरी बार 2022 की फिल्म अंत द एंड में नजर आये थे।

उन्होंने छोटे पर्दे पर भी काफी काम किया था। मुकुल के अभिनय करियर की शुरुआत छोटे पर्दे से ही हुई थी। सीरियल का नाम था मुमकिन, जो 1996 में टलीकास्ट हुआ था। दूरदर्शन के कॉमेडी शो एक से बढ़कर एक में भी उन्होंने एक किरदार निभाया था।

मुकुल का जन्म दिल्ली में हुआ था। उनके पिता हरि देव एसीपी थे।