AAP की कार्रवाई के बाद राघव चड्ढा के सपोर्ट में उतरीं प्रियंका चोपड़ा, राज्य सभा सांसद की पोस्ट पर दी यह प्रतिक्रिया

Priyanka Chopra supports Raghav Chadha. Photo- Instagram

मुंबई। Priyanka Chopra Supports Raghav Chadha: आम आदमी पार्टी ने अपने राज्य सभा सांसद राघव चड्ढा के पर कतर दिये हैं। पार्टी ने राघव को राज्य सभा में पार्टी के डिप्टी लीडर पद से हटाते हुए उच्च सदन को लिखा है कि उन्हें बोलने का वक्त ना दिया जाए। आम आदमी पार्टी का यह कदम राघव के राजनीतिक करियर के लिए बड़ा झटका माना जा रहा है।

प्रियंका चोपड़ा ने दी अपनी प्रतिक्रिया

राघव को सोशल मीडिया में जमकर ट्रोल भी किया जा रहा है कि उन्होंने बुरे वक्त में अपनी पार्टी का साथ नहीं दिया। राज्य सभा सांसद ने पार्टी की कार्रवाई के खिलाफ सोशल मीडिया में वीडियोज जारी करके अपनी बात रखी है। उन्होंने कहा कि वो जनता के मुद्दे उठा रहे थे, इससे पार्टी को क्या नुकसान हो सकता है। एक वीडियो पर उनकी पत्नी परिणीति चोपड़ा की कजिन प्रियंका चोपड़ा ने प्रतिक्रिया दी है।

राघव ने इंस्टाग्राम पर वीडियो में उन मुद्दों को दिखाया, जिन्हें उन्होंने राज्य सभा में उठाया था। इस वीडियो पर प्रियंका चोपड़ा ने क्लैपिंग और सपोर्ट की इमोजी बनाकर छोटी बहन के पति का समर्थन किया। एक्ट्रेस सोनम बाजवा ने भी कमेंट सेक्शन में क्लैपिंग की इमोजी बनाई है।

यह भी पढ़ें: Parineeti Chopra Pregnant: परिणीति चोपड़ा और राघव चड्ढा के घर आने वाला है नन्हा मेहमान, कपल ने साझा की खुशखबरी

राघव पर है पार्टी को सपोर्ट ना करने का आरोप

राघव पर यह भी आरोप है कि जिस वक्त आम आदमी पार्टी के संयोजक अरविंद केजरीवाल समेत कई बड़े नेताओं को फर्जी शराब घोटाले में फंसाकर जेल भेजा जा रहा था, राघव विदेशी दौर कर रहे थे। उन्होंने एक ट्वीट तक नहीं किया। जब दिल्ली की अदालत ने अरविंद और अन्य नेताओं को निर्दोष मानते हुए बरी किया, तब भी राघव ने सार्वजनिक तौर पर फैसले पर प्रतिक्रिया नहीं दी।

इतना ही नहीं, राघव ने पंजाब राज्य के लिए भी राज्य सभा में कोई आवाज नहीं उठाई, जबकि वो वहीं से पार्टी के सांसद हैं। राघव पर आरोप लगाये जा रहे हैं कि भविष्य में वो भारतीय जनता पार्टी का रुख कर सकते हैं, इसलिए देश के अन्य गंभीर मुद्दों पर बोलने के बजाय वो छोटे-छोटे मुद्दे राज्य सभा में उठाते हैं।

हालांकि, राघव ने ऐसे आरोपों का पुरजोर विरोध किया है और वीडियोज के जरिए अपनी बात रखी है। उन्होंने एक वीडियो का फिल्मी स्टाइल में शीर्षक दिया है- घायल हूं, इसलिए घातक हूं। गौरतलब है कि यह धुरंधर 2 फिल्म में रणवीर सिंह का डायलॉग है।

राघव चड्ढा और परिणीति चोपड़ा की शादी 24 सितम्बर 2023 को परिणीति चोपड़ा के साथ हुई थी। 19 अक्टूबर 2025 को दोनों एक बेटे के माता-पिता बने, जिसका नाम नीर रखा गया है। राघव पर यह भी आरोप है कि उनका ज्यादा ध्यान अपने पीआर पर है।