Salim Khan Health Update: लीलावती के डॉक्टर ने दिया सलीम खान का हेल्थ अपडेट, बताया- क्या हुआ था और कब तक होंगे ठीक?

Salim Khan health update. Photo-X

मुंबई। Salim Khan Health Update: हिंदी सिनेमा के वेटरन स्क्रीनराइटर सलीम खान इस समय मुंबई के लीलावती अस्पताल में भर्ती हैं। रिपोर्ट्स के मुताबिक, उन्हें आइसीयू में वेंटिलेटर पर रखा गया है। हालांकि, 90 साल के दिग्गज स्क्रीनराइटर को क्या हुआ था, इसके बारे में परिवार ने कोई जानकारी नहीं दी थी।

बुधवार को अस्पताल के डॉक्टर जलील पारकर (पल्मोनॉलॉजिस्ट) ने सलीम खान का हेल्थ अपडेट दिया और बताया कि वेटरन राइटर को क्या हुआ था। डॉ. पारकर के मुताबिक, सलीम अब ठीक हैं और जल्द ही वेंटिलेटर हटा लिया जाएगा।

फैमिली डॉक्टर ने अस्पताल में करवाया था भर्ती

अस्पताल के बाहर मीडिया से बातचीत में डॉक्टर पारकर ने बताया- सलीम खान को मंगलवार सुबह उनके फैमिली डॉक्टर संदीप चोपड़ा ने लीलावती में भर्ती करवाया था। प्रारम्भिक जांच के बाद चिकित्सकों ने उन्हें आइसीयू में एडमिट कर लिया।

उनको जर्क आ रहे थे और ब्लड प्रेशर भी बढ़ा हुआ था। बीपी के मेडिकेशन के बाद सलीम खान को वेंटिलेटर पर रख दिया गया, क्योंकि चिकित्सकों को कुछ जांचें करनी थीं। डॉ. पारकर ने साफ किया कि उन्हें वेंटिलेकर पर इसलिए रखा गया था, ताकि उनको सपोर्ट मिल सके। ऐसा नहीं था कि उनकी हालत गंभीर थी, इसलिए वेंटिलेटर पर रखा गया, जैसा कि मीडिया में दिखाया गया।

यह भी पढ़ें: Salim Khan Hospitalised: वेटरन स्क्रीन राइटर सलीम खान लीलावती में भर्ती, अस्पताल की ओर दौड़े परिवार के सभी सदस्य

आज न्यूरो सर्जन ने की छोटी-सी सर्जरी

डॉ. पारकर ने आगे बताया- आज न्यूरो सर्जन डॉ. नितिन डांगे ने सलीम खान पर एक छोटा-सा प्रोसीजर किया, जिसे डीएसए (Digital Subtraction Angiography) कहा जाता है। अब सलीम खान की हालत स्थिर है। उन्हें आइसीयू में शिफ्ट कर दिया गया है। उम्मीद है कि कल (गुरुवार) तक उन्हें वेंटिलेटर से हटा लिया जाएगा।

बता दें, सलीम खान के अस्पताल में भर्ती होने की खबर आते ही इंडस्ट्री में हलचल मच गई थी। सलमान खान और परिवार के अन्य सदस्यों अलवीरा खान, अतुल अग्निहोत्री, अर्पिता शर्मा, आयुष शर्मा, अरबाज खान, शूरा खान ने अस्पताल जाकर सलीम खान का हालचाल जाना।

वहीं, सलीम खान के राइटिंग पार्टनर रहे जावेद अख्तर ने भी मंगलवार शाम अस्पताल जाकर उनकी तबीयत के बारे में मालूमात की। सलीम खान ने पिछले साल ही 90 साल का पड़ाव पार किया है।