Sunjay Kapur Death: करिश्मा कपूर के Ex हस्बैंड संजय कपूर का निधन, आखिरी सोशल मीडिया पोस्ट में Plane Crash के पीड़ितों को दी थी श्रद्धांजलि

Karisma Kapoor husband Sunjay Kapur dies. Photo- X

मुंबई। Sunjay Kapur Death: बॉलीवुड अभिनेत्री करिश्मा कपूर के पूर्व पति और जाने-माने उद्योगपति संजय कपूर का निधन हो गया है। 53 वर्षीय संजय कपूर की मृत्यु दिल का दौरा पड़ने से हुई, जो उन्हें पोलो खेलते वक्त आया। इस खबर से उद्योग जगत में शोक छा गया है।

संजय और करिश्मा का तलाक 2016 में हो गया था। मौत से कुछ घंटों पहले ही संजय ने अहमदाबाद प्लेन क्रैश को लेकर एक पोस्ट लिखी थी, जिसमें उन्होंने हताहतों को श्रद्धांजलि दी। विडम्बना देखिए, यह संजय की आखिरी सोशल मीडिया पोस्ट बन गई है।

खेलते समय पड़ा दिल का दौरा

यह दुखद घटना गुरुवार, 12 जून को लंदन के गार्ड्स पोलो क्लब में हुई, जहां वे अपने पसंदीदा खेल का आनंद ले रहे थे। सूत्रों के अनुसार, संजय को अचानक सीने में दर्द हुआ और वे मैदान में गिर पड़े। तुरंत चिकित्सा सहायता दी गई, लेकिन डॉक्टरों के प्रयास विफल रहे।

उनकी मृत्यु की खबर ने ना केवल उनके परिवार को झकझोर दिया, बल्कि बॉलीवुड और व्यापार जगत में भी शोक की लहर दौड़ गई। संजय सोना कॉमस्टार के चेयरमैन थे और ऑटोमोटिव क्षेत्र में एक प्रभावशाली व्यक्तित्व के रूप में जाने जाते थे।

यह भी पढ़ें: Vijay Rupani Dies: गुजरात के पूर्व सीएम विजय रूपाणी का अहमदाबाद प्लेन क्रैश में निधन, विवेक ओबेरॉय ने दी भावुक श्रद्धांजलि

2003 में हुई थी करिश्मा से शादी

संजय और करिश्मा की शादी 2003 में हुई थी, जो 2016 में तलाक के साथ टूट गई थी। इस रिश्ते से उनके दो बच्चे, समायरा (2005 में जन्मी) और कियान (2011 में जन्मे), हैं। तलाक के बाद भी वे बच्चों के लिए एक-दूसरे के संपर्क में बने रहे।

संजय ने बाद में मॉडल प्रिया सचदेव से शादी की और इस रिश्ते से उन्हें एक बेटा भी हुआ।

अहमदाबाद प्लेन क्रैश पर की थी पोस्ट

मृत्यु से कुछ घंटे पहले, संजय ने अहमदाबाद में हुए भयानक विमान हादसे पर दुख जताते हुए सोशल मीडिया पर एक पोस्ट लिखी थी। उन्होंने लिखा, “अहमदाबाद में हुए भयानक विमान हादसे की खबर सुनकर दुख हुआ। मेरी संवेदनाएं पीड़ित परिवारों के साथ हैं।”

यह पोस्ट उनके आखिरी संदेश के रूप में चर्चा में है, जो जीवन की अनिश्चितता को दर्शाता है।

संजय के निधन पर उनके दोस्तों, सहकर्मियों और प्रशंसकों ने सोशल मीडिया पर श्रद्धांजलि दी। पोलो समुदाय और ऑटोमोटिव उद्योग में उनका योगदान हमेशा याद रखा जाएगा।

करिश्मा ने अभी तक इस घटना पर कोई आधिकारिक बयान नहीं दिया है, लेकिन उनके करीबी सूत्रों के अनुसार, वे अपने बच्चों के साथ इस कठिन समय में मजबूती से खड़ी हैं।