Satish Shah Death: असरानी के बाद बॉलीवुड को एक और झटका, 74 साल की उम्र में वेटरन एक्टर का सतीश शाह का निधन

Veteran actor Satish Shah dies. Photo- Instagram

मुंबई। Satish Shah Death: वेटरन एक्टर असरानी और एड लीजेंड पीयूष पांडेय के बाद मनोरंजन जगत से एक और बुरी खबर आई है। भारतीय सिनेमा और टेलीविजन के प्रसिद्ध अभिनेता सतीश शाह का शनिवार को निधन हो गया। वे 74 वर्ष के थे। फिल्ममेकर अशोक पंडित ने इस दुखद खबर की पुष्टि की है।

किडनी फेल होने से हुआ निधन

शाह को किडनी से संबंधित समस्या के कारण हिंदुजा अस्पताल में भर्ती कराया गया था, जहां उनका निधन हुआ। सतीश शाह का जन्म 25 जून 1951 को मुंबई में हुआ था। उन्होंने 1970 से 2025 तक अपने करियर में कई यादगार भूमिकाएं निभाईं। वे मुख्य रूप से कॉमेडी भूमिकाओं के लिए जाने जाते थे, लेकिन उनकी बहुमुखी प्रतिभा ने उन्हें विभिन्न जॉनर्स में स्थापित किया।

अशोक पंडित ने इंस्टाग्राम पर शाह के निधन की पुष्टि करते हुए लिखा, “यह बताता हुए बेहद दुखी और सदमे में हूं कि हमारे प्रिय मित्र और महान अभिनेता सतीश शाह का कुछ घंटे पहले किडनी फेलियर के कारण निधन हो गया।” उन्होंने बताया कि शाह घर पर अचानक बीमार पड़ गए थे, जिसके बाद उन्हें अस्पताल ले जाया गया।

यह भी पढ़ें: असरानी के निधन से सदमे में साथी कलाकार, अमिताभ बच्चन, शत्रुघ्न सिन्हा और हेमा मालिनी समेत कई ने दी भावपूर्ण श्रद्धांजलि

महाराष्ट्र के सीएम देवेंद्र फडणवीस ने दी श्रद्धांजलि

महाराष्ट्र के सीएम देवेंद्र फडणवीस ने सतीश शाह को श्रद्धांजलि देते हुए लिखा- भारतीय सिनेमा जगत के प्रख्यात अभिनेता श्री सतीश शाह जी के निधन की खबर से स्तब्ध हूं। ‘जाने भी दो यारों’, ‘मैं हूं ना’, ‘कहो ना प्यार है’, ‘हम साथ साथ हैं’, ‘जुड़वा’ जैसी फिल्मों और ’साराभाई वर्सेस साराभाई’ जैसे धारावाहिक में अपने अभिनय और अपनी अद्भुत हास्य शैली से उन्होंने दर्शकों के दिलों पर राज किया।

उनके जाने से भारतीय कला क्षेत्र में अपूरणीय क्षति हुई है। भगवान उनकी आत्मा को शांति दे और उनके परिवार, परिचितों और उनसे जुड़े सभी लोगों को यह दर्द सहने की शक्ति प्रदान करें।”

फिल्म और टीवी इंडस्ट्री में छाया शोक

सतीश शाह के निधन की खबर से बॉलीवुड और टेलीविजन इंडस्ट्री में शोक की लहर दौड़ गई है। कई कलाकारों और प्रशंसकों ने सोशल मीडिया पर उन्हें श्रद्धांजलि दी है।

वे अपनी हास्य टाइमिंग और सहज अभिनय के लिए हमेशा याद किए जाएंगे। शाह के परिवार में उनकी पत्नी और बच्चे हैं, जो इस मुश्किल समय में उनके साथ हैं। उनके अंतिम संस्कार की जानकारी अभी साझा नहीं की गई है। सतीश शाह का जाना भारतीय मनोरंजन जगत के लिए एक अपूरणीय क्षति है।

उनकी प्रमुख फिल्मों में ‘जाने भी दो यारों’, ‘मैं हूं ना’ और ‘कल हो ना हो’ शामिल हैं। टेलीविजन पर ये जो है जिंदगी के अलावा वो ‘साराभाई वर्सेस साराभाई’ में इंद्रवदन साराभाई की भूमिका से घर-घर में लोकप्रिय हुए। इस शो ने उन्हें एक आइकॉनिक कॉमेडियन के रूप में स्थापित किया।