Shefali Jariwala Death News: वरुण धवन ने उठाया असंवेदनशील कवरेज पर सवाल, जाह्नवी कपूर ने किया सपोर्ट

Varun Dhawan and Janvhi Kapoor slam media coverage. Photo- Instagram

मुंबई। Shefali Jariwala Death News: शेफाली जरीवाला के आकस्मिक निधन के बारे में जिसने भी सुना, वो हिल गया। महज 42 साल की उम्र में फिट दिखने वाली शेफाली अचानक ऐसे चली जाएंगी, किसी ने नहीं सोचा था। उनके निधन पर कई सेलिब्रिटीज ने दुख जताया। हालांकि, बॉलीवुड सेलिब्रिटीज की चुप्पी सवालों के घेरे में रही।

शेफाली के दुखद निधन पर कई टीवी कलाकारों ने प्रतिक्रिया दी, मगर बॉलीवुड के वो कलाकार भी चुप रहे, जिनके साथ उन्होंने काम किया है। आम तौर पर ऐसा होता नहीं है।

बिना नाम लिये वरुण ने लिखी पोस्ट

रविवार को वरुण धवन ने इस केस की मीडिया कवरेज को लेकर इंस्टाग्राम पर पोस्ट लिखी।

हालांकि, उन्होंने शेफाली का नाम नहीं लिया, मगर इशारा उसी तरफ है। वरुण ने लिखा- एक बार फिर किसी के गुजरने की खबर को मीडिया ने असंवेनशीलता के साथ कवर किया। मेरी समझ में नहीं आता कि किसी का दुख कवर करने की जरूरत क्या है। हर कोई इतना असहज दिखता है। इससे किसी का फायदा कैसे हो सकता है।

मीडिया के सभी दोस्तों से मेरी गुजारिश है कि कोई नहीं चाहेगा, उसकी अंतिम यात्रा को इस तरह कवर किया जाए।

यह भी पढ़ें: Shefali Jariwala Asthi Visarjan: आंखों में सैलाब, समंदर में अस्थियां! पति पराग त्यागी ने परिजनों संग किया विसर्जन

वरुण की इस पोस्ट को जाह्नवी कपूर ने इंस्टाग्राम स्टोरी में कमेंट के साथ साझा किया। उन्होंने कहा- आखिरकार, किसी ने तो बोला।

रश्मि देसाई ने लगाई थी फटकार

कुछ मीडिया संस्थानों ने शेफाली के पति पराग त्यागी पर सवाल उठाये थे, जब उन्हें शनिवार सुबह अपने पालतू डॉग को टहलाते हुए देखा था। कुछ लोगों ने उन्हें ट्रोल भी किया। इस पर रश्मि देसाई ने पराग को डिफेंड करते करते हुए लिखा था- अरे भैया, किसी पर जजमेंट देने की बजाय कुछ रहम खाइए।

सिम्बा, एक पालतू जानवर से अधिक था- वो शेफाली के लिए बेटे की तरह था। मैं मीडिया से गुजारिश करती हूं कि परिवार के दुख का सम्मान करें और उन्हें अकेला छोड़ दें। कुछ तो सहानुभूति और समझदारी रखिए, सनसनी मत फैलाइए।

यह भी पढ़ें: Shefali Jariwala Funeral: सुहागन की तरह विदा हुईं शेफाली जरीवाला, जिसने भी देखा नम हो गईं आंखें

प्रियंका चोपड़ा ने जताया अफसोस

प्रियंका चोपड़ा ने रविवार को शेफाली के निधन पर अफसोस जाहिर किया। उन्होंने एक्ट्रेस की फोटो इंस्टाग्राम स्टोरी में लगाकर लिखा- हिल गई हूं। अभी तो वो यंग थीं। पराग और परिवार के प्रति मेरी संवेदनाएं।

बता दें, शेफाली जरीवाला का निधन शुक्रवार रात को कथित तौर पर कार्डियक अरेस्ट से हो गया था। पति पराग त्यागी और घरवाले उन्हें अस्पताल ले गये, मगर चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया। शनिवार को पोस्टमॉर्टम के बाद शेफाली का अंतिम संस्कार कर दिया गया और रविवार को उनका अस्थि विसर्जन हुआ।

पुलिस जांच कर रही है। हालांकि, उन्हें किसी भी तरह की साजिश के संकेत नहीं मिले हैं। मौत की वजह अभी नहीं बताई गई है। पुलिस ने शेफाली के घर से कुछ दवाएं आदि बरामद की हैं। इन सबके आधार पर ही कार्डियक अरेस्ट की वजह का पता लगाया जाएगा।