मुंबई। Rajpal Yadav Cheque Bounce Case: 15 साल पुराने चेक बाउंस मामले में 9 करोड़ रुपये चुका पाने में असमर्थ होने के बाद राजपाल यादव ने तिहाड़ जेल में सरेंडर कर दिया। एक्टर ने जेल जाने से पहले मायूसी से कहा कि कोई रास्ता नहीं है। इंडस्ट्री में उनका कोई दोस्त नहीं है, जो मदद कर सके।
राजपाल यादव की इस बेचारगी को देखते हुए फिल्म इंडस्ट्री से कुछ लोग मदद के लिए आगे आये हैं। इनमें से एक सोनू सूद भी हैं, जिन्होंने फिल्म इंडस्ट्री के लोगों से वेटरन कॉमिक एक्टर की मदद करने की अपील की।
सोनू, केआरके, तेज प्रताप ने की मदद की घोषणा
सोनू ने एक्स पर लिखा- राजपाल यादव बेहतरीन कलाकार हैं, जो इंडस्ट्री में कई सालों कर अविस्मरणीय काम किया है। कभी-कभी जिंदगी बुरा दौर दिखाती है, इसलिए नहीं कि हुनर नहीं है, इसलिए क्योंकि समय खराब है।
सोनू ने घोषणा करते हुए लिखा कि वो मेरी अगली फिल्म का हिस्सा होंगे और मैं यह जानता हूं कि यही हम सबके लिए वो पल है- निर्माता, निर्देशक, साथी- सभी उनके साथ खड़े हों। एक छोटा-सा साइनिंग अमाउंट, जो भविष्य में उनके काम में एडजस्ट किया जा सकता है, यह कोई चैरिटी नहीं, बल्कि गरिमा है।
जब हम में से एक मुश्किल दौर से गुजर रहा है तो इंडस्ट्री को याद दिलाना चाहिए कि वो अकेला नहीं है। इसी तरह हम यह दिखा सकते हैं कि हम इंडस्ट्री से कहीं बढ़कर हैं।
यह भी पढ़ें: Padma Awards 2026: धर्मेंद्र को मरणोपरांत पद्म विभूषण, गणतंत्र दिवस की पूर्व संध्या पर नागरिक सम्मानों की घोषणा

यू-ट्यूबर और फिल्ममेकर कमाल राशिद खान यानी केआरके ने भी राजपाल यादव की आर्थिक मदद की घोषणा की, मगर सोनू सूद पर तंज कसना नहीं भूले। केआरके ने एक्स पर लिखा- सोनू सूद अच्छे इंसान हैं।
इसलिए अगर वो ऐसा कर रहे हैं तो वाकई बुरा है। अगर सोनू राजपाल की मदद करना चाहते हैं तो उन्हें 2-3 करोड़ देने चाहिए, जेल से निकलने के बाद फिल्म का फर्जी वादा नहीं। सोनू के पास खुद फिल्म नहीं तो वो राजपाल को कैसे फिल्म देंगे।
केआरके ने अगली पोस्ट में लिखा- मैं राजपाल यादव को 10 लाख रुपये देने के लिए तैयार हूं। आइए, बॉलीवुड के सभी लोग मिलकर उन्हें 5 करोड़ रुपये देते हैं। अगर, वो (राजपाल) 5 करोड़ रुपये लौटा देते हैं तो फौरन जेल से बाहर आ सकते हैं। आइए, उनकी मदद करें।


लालू प्रसाद यादव के बेटे और जनशक्ति जनता दल के नेता तेज प्रताप यादव ने 11 लाख रुपये देने की घोषणा करते हुए लिखा- मुझे अभी मेरे बड़े भाई राव इंदरजीत यादव जी की पोस्ट के माध्यम से माननीय राजपाल यादव जी के परिवार की पीड़ा के विषय में जानकारी प्राप्त हुई।
इस अत्यंत कठिन समय में मैं और मेरा पूरा जेजेडी परिवार उनके शोकाकुल परिवार के साथ पूरी संवेदना और मजबूती से खड़ा है। मानवीय करुणा और सहयोग की भावना से मैं जेजेडी परिवार की ओर से 11 लाख रुपये की आर्थिक सहायता उनके परिवार को प्रदान कर रहा हूं।
क्या है राजपाल यादव का चेक बाउंस केस?
राजपाल यादव का चेक बाउंस मामला 2010 से शुरू हुआ, जब उन्होंने अपनी फिल्म ‘अता पाता लापता’ के निर्माण के लिए दिल्ली की कंपनी मुरली प्रोजेक्ट्स प्राइवेट लिमिटेड से 5 करोड़ रुपये का कर्ज लिया था।
फिल्म फ्लॉप हो गई, जिसके कारण वे लोन चुकाने में असमर्थ रहे। यादव और उनकी पत्नी राधा यादव द्वारा जारी किए गए कई चेक बाउंस हो गए, जिससे नेगोशिएबल इंस्ट्रूमेंट्स एक्ट की धारा 138 के तहत सात अलग-अलग मामले दर्ज हुए।
अप्रैल 2018 में, एक मजिस्ट्रेट कोर्ट ने यादव और उनकी पत्नी को दोषी ठहराया और प्रत्येक को छह महीने की जेल की सजा सुनाई, साथ ही जुर्माना भी लगाया। प्रत्येक मामले में लगभग 1.35 करोड़ रुपये का मुआवजा देने का आदेश दिया गया, जो कुल मिलाकर लगभग 11.20 करोड़ रुपये बनता है।
2019 में सेशन कोर्ट ने इस फैसले को बरकरार रखा। यादव ने दिल्ली हाई कोर्ट में अपील की, जहां सजा पर सशर्त रोक लगाई गई, लेकिन वे पूर्ण भुगतान करने में विफल रहे। बकाया राशि बढ़कर लगभग 9 करोड़ रुपये हो गई।
कोर्ट ने कई बार समय दिया, लेकिन फरवरी 2026 में जस्टिस स्वर्ण कांता शर्मा ने उनकी याचिका खारिज कर दी और उन्हें 4 फरवरी तक सरेंडर करने का आदेश दिया। यादव ने 5 फरवरी को दिल्ली के तिहाड़ जेल में सरेंडर कर दिया और अब छह महीने की सजा काट रहे हैं।
राजपाल की फिल्में
राजपाल यादव की फिल्मों की बात करें तो वो अक्षय कुमार के साथ भूत बंगला और वेलकम टू द जंगल में नजर आएंगे, जो इसी साल रिलीज होने वाली हैं। 2025 में वो जी5 की फिल्म इंटेरोगेशन में नजर आये थे, जबकि 2024 में 7 बॉलीवुड फिल्में अहम किरदारों में दिखे थे।

