मुंबई। Sunjay Kapur Death: करिश्मा कपूर के पूर्व पति संजय कपूर के आकस्मिक निधन की खबर से मनोरंजन के साथ व्यापार जगत में भी शोक छा गया है। जिस तरह से 53 साल के संजय की मौत हुई, वो बेहद हैरान करने वाला है।
बताया जाता है कि संजय के मुंह में एक मधुमक्खी घुस गई थी, जिसकी वजह से हार्ट अटैक हुआ था। संजय के निधन पर कई लोगों ने रिएक्ट किया है। हालांकि, करिश्मा कपूर या उनके परिवार की ओर से संजय के निधन पर कोई प्रतिक्रिया नहीं आई है।
अलबत्ता, करीना कपूर खान और सैफ अली खान, करिश्मा से मिलने उनके आवास पर जरूर गये थे।
कंगना ने Sunjay Kapur के निधन को बताया ट्रैजिक
शुक्रवार को कंगना रनौत ने उनके निधन पर हैरानी जताते हुए लिखा- एक अन्य अविश्वसनीय घटना में, संजय कपूर (करिश्मा कपूर के एक्स हस्बैंड) पोलो ग्राउंड पर थे, एक बी उनके मुंह में चली गई (जी हां, पोलो ग्राउंड पर मधुमक्खी), डंक मारा, जिससे विंड पाइप ब्लॉक हो गया।
वो सांस नहीं ले पा रहे थे, इसलिए खेल रोकने के लिए कहा, मगर फौरन ही हार्ट अटैक से गुजर गये। बेहद दुखद खबर है। 2025 में ये जो अजीबो-गरीब हादसे हो रहे हैं, मैं इनसे तंग आ चुकी हैं। सभी लोग सुरक्षित रहें और भगवान से प्रार्थना करते रहें।

विवेक ने बताई बहुत बड़ी क्षति
विवेक ओबेरॉय ने एक्स पर संजय के जाने का अफसोस मनाते हुए लिखा- संजय कपूर के आकस्मिक निधन की खबर सुनकर वाकई दिल टूट गया। जो भी उन्हें जानता है, उसका यह बड़ा नुकसान है। इस मुश्किल घड़ी में उनके परिवार के प्रति मेरी गहरी संवेदनाएं और उन्हें ताकत मिले। इस दुख से उबरने की ईश्वर उन्हें शांति और साहस प्रदान करे।

संजय कपूर के निधन की खबर गुरुवार देर रात को आई थी। उनका इस तरह जाना इसलिए भी अखर रहा है, क्योंकि इसकी किसी ने उम्मीद नहीं की थी। निधन से कुछ घंटे पहले ही संजय ने अहमदाबाद प्लेन हादसे के पीड़ितों के प्रति संवेदनाएं जाहिर की थीं।
किसी को क्या पता था कि एक भीषण हादसे पर लिखी पोस्ट संजय की जिंदगी की आखिरी पोस्ट बन जाएगी। यही वजह है कि उनके निधन से हर सुनने वाला स्तब्ध है।