मुंबई। Yami Gautam Jewelry Brand Ambassador: यामी गौतम इन दिनों चर्चा में हैं। उनकी कोई फिल्म तो रिलीज नहीं हुई है, मगर पति आदित्य धर निर्मित-निर्देशित फिल्म धुरंधर द रिवेंज की अभूतपूर्व कामयाबी ने यामी को चर्चा में रखा है। सोशल मीडिया इंटरेक्शंस में यामी का नाम निरंतर घूम रहा है।
इस बीच यामी को एक बड़ी सफलता मिली है। टाटा समूह की कंपनी और भारत की प्रमुख ओम्नीचैनल फाइन ज्वेलरी ब्रैंड, कैरटलेन ने यामी को अपनी पहली ब्रैंड एम्बेस्डर नियुक्त करने की घोषणा की।
सादगी और सफलता का मेल
कम्पनी ने अपने स्टेटमेंट में कहा कि यह कैरटलेन के लिए एक नयी और सुनहरी शुरूआत है, जिसका लक्ष्य ब्रैंड की पहचान और पहुंच को एक नई ऊंचाई पर ले जाना, लोगों के दिलों और संस्कृति में अपनी जगह बनाना है।

सौमेन भौमिक, एमडी, कैरटलेन ने कहा,”यामी गौतम धर को अपना पहला ब्रैंड एम्बेस्डर बनाना हमारे लिए एक बहुत महत्वपूर्ण क्षण है। यामी की सादगी, उनका आत्मविश्वास और सफलता को देखने का उनका आधुनिक नजरिया हमारे ब्रैंड से पूरी तरह मेल खाता है।
उन्होंने अपनी मेहनत और शालीनता से अपनी एक अलग जगह बनाई है। उनकी खूबसूरती की समझ, उनकी पसंद और हमारे डिजाइन, हमारी सोच का मेल एकदम स्वाभाविक और सटीक है।”
यामी गौतम धर ने कहा, “कैरटलेन ने फाइन ज्वेलरी को स्टाइलिश, वर्सटाइल और हर दिन की पसंद बनाकर, बहुत ही खूबसूरती से आधुनिक भारत की फाइन ज्वेलरी की परिभाषा को बदल दिया है। उनके डिजाइन ना केवल स्टाइलिश हैं, बल्कि इन्हें हर दिन आसानी से पहना जा सकता है।
मुझे उनकी सादगी और मॉडर्न स्टाइल का मेल बहुत पसंद आता है। इस ब्रैंड के साथ जुड़कर मैं बेहद खुश हूं और इस रोमांचक सफर के लिए तैयार हूं।”
नई नवेली में आएंगी नजर
यामी के करियर की बात करें तो धुरंधर द रिवेंज में शाजिया बानो के किरदार में स्पेशल एपीयरेंस दिया है। 2025 में वो दो फिल्मों में नजर आई थीं- धूम धाम और हक। शाजिया का किरदार हक से ही लिया गया है। यामी अब हॉरर फिल्म नई नवेली में नजर आएंगी, जिसका निर्देशन बालाजी मोहन कर रहे हैं। अमेजन एमजीएम स्टूडियोज की फिल्म को आनंद एल राय प्रोड्यूस कर रहे हैं।

