मुंबई। Avatar Fire And Ash: लीजेंड्री फिल्ममेकर जेम्स कैमरून की फ्रेंचाइजी अवतार ना सिर्फ दुनिया की सबसे सफल फिल्मों में से एक है, बल्कि इसने कल्ट स्टेटस हासिल कर लिया है। जमीन और जड़ों की बात करने वाली अवतार फ्रेंचाइजी की कहानी भले ही काल्पनिक ग्रह पैंडोरा पर दिखाई गई हो, मगर इसकी सांस्कृतिक गहराई कई सभ्यताओं को जोड़ती है। शायद इसीलिए दुनियाभर में इसे खूब प्यार मिला है।
अवतार फायर एंड ऐश का हिंदी लोगो
भारत में भी इस फ्रेंचाइजी के दीवानों की संख्या कम नहीं है। अब इसकी तीसरी फिल्म अवतार फायर एंड ऐश की रिलीज नजदीक आ रही है। इससे पहले मेकर्स ने फिल्म का हिंदी लोगो देवनागरी भाषा में रिलीज किया है।
यह भी पढ़ें: Avatar Fire And Ash: जेम्स कैमरून ने ‘अवतार 3’ को लेकर किया दिलचस्प खुलासा, होगी इस खास किरदार की वापसी

लोगो रिवील के लिए वाराणसी से बेहतर जगह और क्या हो सकती है, जहां गंगा और घाट भारतीय संस्कृति की अमिट छाप छोड़ते हैं। भारतीय संस्कृति और आस्था के केंद्र बनारस में एक सांस्कृतिक आयोजन में देवनागरी या हिंदी लोगो रिवील किया गया।

इस इवेंट में स्थानीय कलाकारों ने कोरियोग्राफर सीजर के निर्देशन में जोरदार प्रस्तुति दी। यह पहली बार है, जब अवतार फ्रेंचाइजी का देवनागरी लोगो क्रिएट किया गया हो। इसका कदम थिरकाने वाला संगत जस्टिन-उदय ने तैयार किया है, जो फिल्म की थीम के अनुरूप है।
कब रिलीज होगी अवतार 3?
अवतार फ्रेंचाइजी की तीसरी फिल्म फायर एंड ऐश 19 दिसम्बर को अंग्रेजी के अलावा हिंदी, तमिल, तेलुगु, मलयालम और कन्नड़ भाषाओं में रिलीज की जाएगी। एडवांस बुकिंग शुरू हो चुकी हैं।
पैंडोरा पर सुली फैमिली को इस बार एक नये दुश्मन का सामना करना पड़ेगा, जो एक नई प्रजाति से आता है और बेहद ताकतवर है। इसके अलावा इंसानों से जंग जारी रहेगी, जो पैंडोरा को खनन के लिए बर्बाद कर रहे हैं।
जेम्स कैमरून ने अवतार को पांच भागों में रिलीज करने की घोषणा की थी। अवतार सीरीज की चौथी और पांचवीं फिल्में 2029 और 2031 में आएंगी।
