Oscar Awards के आयोजन में हुआ यह बड़ा बदलाव, 2029 में होने वाले 101वें समारोह से होगा लागू

Oscar Awards new home. Photo- Academy

मुंबई। Oscar Awards New Venue: ऑस्कर अवॉर्ड्स का आयोजन करने वाली संस्था द एकेडमी ऑफ मोशन पिक्चर आर्ट्स एंड साइंसेज ने एक बड़े बदलाव की घोषणा की है, जिसके मुताबिक अब ऑस्कर पुरस्कार समारोह का आयोजन स्थल बदल गया है। हालांकि, यह बदलाव 2029 में होने वाले 101वें एकेडमी अवॉर्ड्स से लागू होगा।

एलए लाइव में होगा 101वां समारोह

एकेडमी की ओर से जारी बयान के मुताबिक, एकेडमी ने एईजी के साथ करार किया है, जिसके चलते ऑस्कर अवॉर्ड्स का नया घर अब एलए लाइव होगा, जहां 101वां ऑस्कर समारोह आयोजित किया जाएगा। 2029 से लेकर 2039 तक ऑस्कर अवॉर्ड्स का यह वेन्यु रहेगा।

अब तक ऑस्कर पुरस्कार समारोह का आयोजन हॉलीवुड के डॉल्बी थिएटर में होता रहा है। 2002 में हुए 74वें एकेडमी अवॉर्ड्स से यह समारोह का आयोजन स्थल रहा है और 100वें एकेडमी अवॉर्ड्स तक जारी रहेगा।

यह भी पढ़ें: Alan Ritchson: रीचर एक्टर को बड़ी राहत, नया वीडियो सबूत सामने आने के बाद पुलिस ने बंद किया पड़ोसी संग मारपीट का केस

23 एकड़ में फैला है एलए लाइव

एईजी स्पोर्ट्स और लाइव एंटरटेनमेंट में लीडर होने के साथ डेवलपर ग्रुप है, जिसके पास दुनियाभर की कुछ बेहतरीन लोकेशंस पर प्रॉपर्टीज हैं। एलए लाइव 23 एकड़ में फैला स्पोर्ट्स और एंटरटेनमेंट डिस्ट्रिक्ट है, जो लॉस एंजिल्स के करीब स्थित है।

एलए लाइव के विस्तारित प्लाजा में रेड कार्पेट और अतिथिओं के आगमन से संबंधित गतिविधियां रहेंगी। यू-ट्यूब के साथ डील के बाद इस थिएटर से पहली बार समारोह का लाइव प्रसारण 2029 में ही होगा।

एकेडमी और एईजी के बीच पार्टनरशिप के तहत, एलएलाइव में आधुनिक सुविधाओं से सुज्जित थिएटर बनाया जाएगा और स्टेज को साउंड और लाइटिंग के साथ अपग्रेड किया जाएगा। लॉबीज, बैकस्टेज और प्रोडक्शन के जरिए हिस्सों को विकसित किया जाएगा।

बता दें, पहले ऑस्कर अवॉर्ड्स का आयोजन 16 मई 1929 को हॉलीवुड रूजवेल्ट होटल में एक डिनर फंक्शन के रूप में हुआ था, जिसमें लगभग 270 अतिथि मौजूद थे।