मुंबई। Oscars 2026: 98वें एकेडमी अवॉर्ड्ल में वन बैटल आफ्टर एनादर और सिनर्स को बालबाला रहा। वन बैटल ने जहां 6 पुरस्कार अपने नाम किये, वहीं सिनर्स ने 4 पुरस्कारों पर कब्जा जमाया। मगर, इस बार दशकों पुराना एक रिवाज भी टूटा और सिनेमैटोग्राफी कैटेगरी में पहली बार एक महिला ने जीत दर्ज की।
सिनर्स के लिए ऑटम ने जीता ऑस्कर
सिनर्स के लिए सिनेमैटोग्राफर ऑटम दुराल्ड अर्कापॉ ने ऑस्कर अवॉर्ड अपने नाम किया। इस कैटेगरी में ऑटम के सामने फ्रैंकेंस्टाइन के लिए डैन लॉस्टेन, मार्टी सुप्रीम के लिए डेरियस खोंडजी, वन बैटल आफ्टर एनादर के लिए माइकल बॉमन और ट्रेन ड्रीम्स के लिए एडॉल्फो वेलोसो थे।
कैलिफोर्निया में जन्मी और सेन फ्रांसिस्को में पली-बढ़ी 46 साल की ऑटम की मां फिलीपिंस से हैं, जबकि पिता अफ्रीका-अमेरिका मूल के हैं। ऑटम ने सिनर्स 65 एमएम फिल्म पर शूट की थी। उन्होंने आइमैक्स 15-perf और अल्ट्रा पैनाविजन 70 कैमरों का इस्तेमाल किया। इसके साथ ऑटम लार्ज फॉर्मेट आइमैक्स में फिल्म शूट करने वाली पहली महिला सिनेमैटोग्राफर भी बनीं।
यह भी पढे़ं: Oscars 2026 Winners List: ‘वन बैटल आफ्टर एनादर’ बेस्ट पिक्चर, माइकल बी जॉर्डन बेस्ट एक्टर, जेसी बकली बेस्ट एक्ट्रेस
नॉमिनेशन तक पहुंचने वाली रेचल मॉरीसन पहली महिला
सिनेमैटोग्राफर कैटेगरी शुरू से ही ऑस्कर अवॉर्ड्स की प्रमुख कैटेगरी रही है। हालांकि, शुरुआत में यह पुरस्कार किसी फिल्म विशेष के लिए नहीं दिया जाता था, बल्कि प्रख्यात सिनेमैटोग्राफर्स को उनके काम के लिए प्रदान किया जाता था।
1931 से नियम बदले गये और सिनेमैटोग्राफर का अवॉर्ड किसी एक फिल्म के लिए ही दिया जाने लगा। संयोग से इस श्रेणी में पुरस्कार जीतने वाले सभी विजेता पुरुष हैं। ऑटम पहली महिला सिनेमैटोग्राफर हैं, जिसने यह पुरस्कार जीता है।
2017 में रेचल मॉरीसन ने मडबाउंड के लिए सिनेमैटोग्राफर कैटेगरी में नॉमिनेशन हासिल किया था, मगर जीत रोजर डीकिंस को ब्लेड रनर के लिए मिली। इससे पहले कोई महिला सिनेमैटोग्राफर नॉमिनेशंस तक भी नहीं पहुंच सकी थी।

