मुंबई। Oscars 2026: कार्यकारी निर्माता और शो-रनर राज कपूर तथा कार्यकारी निर्माता कैटी मुलन ने 98वें ऑस्कर समारोह में प्रदर्शन करने वाले सितारों की सूची जारी की है।
इस बार का शो कोनन ओ’ब्रायन होस्ट करेंगे, जो 15 मार्च 2026 को रविवार शाम 7 बजे ईटी (शाम 4 बजे पीटी) एबीसी चैनल पर लाइव प्रसारित होगा। साथ ही, हुलु पर लाइव स्ट्रीमिंग उपलब्ध रहेगी। रेड कार्पेट शो शाम 6:30 बजे ईटी (दोपहर 3:30 बजे पीटी) से शुरू होगा।
सिनर्स और के-पॉप की मचेगी धूम
कपूर और मुलन ने बताया कि इस साल का संगीत प्रदर्शन दो बड़ी सिनेमाई घटनाओं से प्रेरित है- ‘सिनर्स’, जो ऑस्कर इतिहास की सबसे अधिक नामांकित फिल्म है और ‘के-पॉप डेमन हंटर्स’, जो वैश्विक पॉप कल्चर का सनसनीखेज हिस्सा बन चुकी है।
उन्होंने कहा, “ये परफॉर्मेंस सिर्फ गाने नहीं हैं, बल्कि सिनेमाई श्रद्धांजलि हैं, जो संगीत और कहानी के बीच के रिश्ते को सेलिब्रेट करती हैं। ये बताती हैं कि इन फिल्मों ने दुनिया भर के दर्शकों के दिलों में इतनी गहरी जगह क्यों बनाई।”
यह भी पढ़ें: Oscars 2026 Nominations: ‘सिनर्स’ को मिले सबसे ज्यादा 16 नॉमिनेशंस, भारत की ‘होमबाउंड’ ऑस्कर रेस से हुई बाहर
‘के-पॉप डेमन हंटर्स’ से जुड़ा मोमेंट पारंपरिक कोरियाई वाद्य-यंत्रों और नृत्य के अनोखे फ्यूजन से शुरू होगा, जो इस एनिमेटेड ब्लॉकबस्टर की लोककथाओं और सांस्कृतिक जड़ों को सम्मान देगा। इस दौरान ईजेएई, ऑड्रे नुना और रेई एएमआई- जो फिल्म में हंटर/एक्स के गायन स्वर हैं- ऑस्कर-नामांकित गीत ‘गोल्डन’ पर थिरकेंगी।
वहीं, ‘सिनर्स’ का सेगमेंट फिल्म में संगीत की भूमिका पर फोकस करेगा और इसे स्टेज पर एक जीवंत सिनेमाई अनुभव में बदल देगा। माइल्स कैटन और राफेल सादिक ‘आई लाइड टू यू’ गीत गाएंगे, जिसमें मिस्टी कोपलैंड, एरिक गेल्स, बडी गाय, ब्रिटनी हॉवर्ड, क्रिस्टोन ‘किंगफिश’ इंग्राम, जेमे लॉसन, ली जून ली, बॉबी रश, शबूजी और ऐलिस स्मिथ जैसे दिग्गज शामिल होंगे। यह परफॉर्मेंस फिल्म की अनूठी विजुअल स्टाइल को ट्रिब्यूट देगी।
शो में जोश ग्रोबन और लॉस एंजिल्स मास्टर कोरल की विशेष उपस्थिति भी होगी, जो शाम को और यादगार बनाएगी। निर्माताओं ने कहा कि समारोह से पहले और भी कलाकारों की घोषणाएं होंगी।
प्रस्तुतकर्ताओं की नई सूची जारी
कपूर और मुलन ने ऑस्कर समारोह के लिए नए प्रस्तुतकर्ताओं की सूची भी जारी की। रोज बायर्न, निकोल किडमैन, जिमी किमेल, डेलरॉय लिंडो, इवान मैकग्रेगर, वैगनर मौरा, पेड्रो पास्कल, बिल पुलमैन, लुईस पुलमैन, चैनिंग टेटम और सिगॉर्नी वीवर जैसे हॉलीवुड के बड़े नाम इस बार स्टेज पर नजर आएंगे।
यह भी पढ़ें: Oscars 2026 समारोह में Priyanka Chopra Jonas और रॉबर्ट डाउनी जूनियर समेत ये सितारे देंगे पुरस्कार, पढ़ें पूरी लिस्ट
साथ ही, मैट बेरी शो के उद्घोषक की भूमिका निभाएंगे। 98वें ऑस्कर का आयोजन डॉल्बी थिएटर, ओवेशन हॉलीवुड में होगा। यह दुनिया भर के 200 से अधिक देशों में लाइव प्रसारित किया जाएगा, जो सिनेमा प्रेमियों के लिए एक बड़ा उत्सव साबित होगा।

