मुंबई। Project Hail Mary: दुनियाभर में धमाल मचा रही साइ फाइ स्पेस फिल्म प्रोजेक्ट मैरी भारत में 26 मार्च को रिलीज हो रही है। फिल्म पहले इंटरनेशनल रिलीज के साथ 20 मार्च को आने वाली थी, मगर यहां बॉक्स ऑफिस पर धुरंधर द रिवेंज का क्रेज देखते हुए मेकर्स ने इसकी रिलीज 6 दिन आगे खिसका दी।
भारत में प्रोजेक्ट हेल मैरी अंग्रेजी के साथ हिंदी, तमिल और तेलुगु भाषाओं में रिलीज होगी। रिलीज से ठीक पहले प्रोजेक्ट हेल मेरी के प्रमोशंस से ऋतिक रोशन जुड़ गये हैं, जिन्होंने फिल्म के मुख्य अभिनेता रायन गोसलिंग का इंटरव्यू किया।
रायन गोसलिंग बने हैं साइंस टीजर
प्रोजेक्ट हेल मेरी एक ऐसे छठी क्लास के साइंस टीचर रीलैंड ग्रेस (रायन गोसलिंग) के बारे में है, जिसे एक मिशन के लिए स्पेस में भेजा जाता है, मगर उसे कुछ याद नहीं रहता। इस टीचर पर दुनिया को बचाने की जिम्मेदारी है। इस मिशन में उसकी दोस्ती एक एलियन रॉकी से होती है।
यह भी पढ़ें: Project Hail Mary New Trailer: सूरज की जिंदगी बचाने निकले रायन गोसलिंग, देखिए प्रोजेक्ट हेल मैरी का नया ट्रेलर
रायन ने ऋतिक को दिया रीमेक का ऑफर
इस इंटरव्यू में दोनों कलाकार अपने स्पेस फिल्मों के अनुभव को शेयर करते हैं। वीडियो की शुरुआत में रायन, ऋतिक से जादू का नाम पूछते नजर आते हैं। ऋतिक बताते हैं कि प्रोजेक्ट हेल मेरी जिस किताब पर बनी है, उन्होंने वो पढ़ी है और वो चाहते हैं कि फिल्म बिल्कुल वैसी ही बने, क्योंकि वो स्पेस पर सबसे शानदारी किताब है।
दोनों कलाकारों के बीच दिलचस्प बात जारी रहती है। फिर ऋतिक फिल्म के एक दृश्य की चर्चा करते हैं, जिसमें अभिनय करना बेहद मुश्किल था। ऋतिक कहते हैं कि उन्हें अंदाजा नहीं था कि वो बेस इमोशंस से इतना इत्तेफाक रखते हैं। ऋतिक की यह बात सुनकर रायन तपाक से कहते हैं- रीमेक इट यानी इसका रीमेक बनाइए।
ऋतिक आगे कहते हैं कि सम्भवत: हम दोनों ऐसे एक्टर्स हैं, जिन्होंने किसी क्यूट एलियन से दोस्ती की हो। ऋतिक रायन को कोई मिल गया के बारे में बताते हैं। इसके बाद दोनों कलाकार मस्ती करने लगते हैं और रॉकी-जादू को मिलाकर फिल्म बनाने की प्लानिंग करते हैं।
प्रोजेक्ट हेल मेरी का निर्देशन फिल लॉर्ड और क्रिस्टोफर मिलर ने किया है। फिल्म में सैंड्रा हुलर, लियोनेल बोइस, केन लीउंग और मिलाना वेनट्रब अहम किरदारों में हैं। फिल्म का निर्माण अमेजन एमजीएम स्टूडियोज ने किया है, जबकि सोनी पिक्चर्स इसका इंटरनेशनल डिस्ट्रीब्यूटर है।
भारत को छोड़कर फिल्म सभी जगह 20 मार्च को रिलीज हो चुकी है और जबरदस्त कारोबार कर रही है। फिल्म ने 140.90 मिलियन डॉलर की ओपनिंग ली है।

