मुंबई। Spider-Man Brand New Day Trailer: स्पाइडर-मैन हॉलीवुड की एक सफल और लोकप्रिय फ्रेंचाइजी है, जिसकी दुनियाभर में फैन फॉलोइंग है। स्पाइडर-मैन फिल्मों का इंतजार दर्शक बेसब्री से करते हैं और जब फिल्म रिलीज होती है तो इस पर टूट पड़ते हैं, लेकिन फ्रेंचाइजी की नई फिल्म ब्रैंड न्यू डे को लेकर दर्शकों में कुछ अलग ही उत्साह देखा जा रहा है।
इसका अंदाजा फिल्म के ट्रेलर के व्यूज से लगाया जा सकता है। करीब एक हफ्ता पहले रिलीज हुए स्पाइडर-मैन: ब्रैंड न्यू डे के ट्रेलर ने एक बिलियन यानी 100 करोड़ व्यूज का माइल स्टोन पार कर लिया है, जो अपने आप में एक अचीवमेंट है।
31 जुलाई को रिलीज होगी ब्रैंड न्यू डे
स्पाइडर-मैन: ब्रैंड न्यू डे सोनी पिक्चर्स एंटरटेनमेंट की फिल्म है, जो स्पाइडर-मैन फ्रेंचाइजी को आगे बढ़ा रही है। फिल्म में टॉम हॉलैंड एक बार फिर सुपरहीरो के किरदार में नजर आएंगे। उनके साथ जेनडाया, जैकब बटालोन, सैडी सिंक, जोन बर्नथल, मार्क रफेलो, माइकल मैंडो और ट्रैमेल टिलमैन अहम किरदारों में दिखेंगे।
डेस्टिन डैनियल क्रेटन निर्देशित फिल्म भारत में 31 जुलाई को अंग्रेजी के अलावा हिंदी, तमिल, तेलुगु, कन्नड़ और मलयालम भाषाओं में रिलीज की जाएगी।
यह भी पढ़ें: Project Hail Mary: रायन गोसलिंग ने ऋतिक रोशन को दिया रीमेक का ऑफर, 26 मार्च को भारत में रिलीज हो रही फिल्म
होमकमिंग सीरीज की चौथी फिल्म
मारवल कॉमिक्स के कैरेक्टर स्पाइडर-मैन पर बनी फिल्म एमसीयू स्पाइडर-मैन फिल्म सीरीज की चौथी फिल्म है, जबकि मारवल सिनेमैटिक यूनविर्स की 38वीं फिल्म है। यह 2021 में आई स्पाइडर-मैन नो वे होम की अगली कड़ी है।
स्पाइडर-मैन पहली बार 1977 में बड़े पर्दे पर आया था। इसके दो सीक्वल्स 1979 में स्पाइडर-मैन स्टाइक्स बैक और 1981 में स्पाइडर-मैन द ड्रैगन्स चैलेंज आये। मगर, मारवल के इस किरदार और फिल्मों को सबसे ज्यादा शोहरत 2002 से 2007 के बीच आई स्पाइडर-मैन ट्रिलॉजी से मिली, जिसमें टॉबी मैगायर ने टाइटल रोल निभाया था, जबकि कर्स्टन डंस्ट एमजे के किरदार में थीं।
2012 में द अमेजिंग स्पाइडर-मैन सीरीज शुरू हुई थी। 2014 में इसका सीक्वल द अमेजिंग स्पाइडर-मैन 2 आया। इन दोनों फिल्मों में एंड्रू गारफील्ड ने सुपर-मैन के किरदार निभाये थे। इसके बाद स्पाइडर-मैन होमकमिंग सीरीज की शुरुआत 2017 में हुई थी। 2019 में इसका सीक्वल फार फ्रॉम होम आया था, जबकि 2021 में नो वे होम आई थी। ब्रैंड न्यू डे इस सीरीज की चौथी फिल्म है।

