मुंबई। Robert Duvall Death: हॉलीवुड के प्रतिष्ठित अभिनेता रॉबर्ट डुवॉल का 15 फरवरी 2026 को 95 वर्ष की आयु में निधन हो गया। उन्होंने वर्जीनिया के मिडलबर्ग स्थित अपने घर पर शांतिपूर्वक ढंग से अंतिम सांस ली, जहां उनकी पत्नी लुसियाना पेड्राजा उनके साथ थीं।
डुवॉल को ‘द गॉडफादर’ और ‘एपोकैलिप्स नाउ’ जैसी फिल्मों में उनके यादगार किरदारों के लिए जाना जाता था। उनके निधन की खबर से पूरी दुनिया में शोक की लहर दौड़ गई है। अनुपम खेर ने दिवंगत अभिनेता को याद करते श्रद्धांजलि अर्पित की।
सात दशकों से सिनेमा में सक्रिय
रॉबर्ट सेल्डन डुवॉल का जन्म 5 जनवरी 1931 को कैलिफोर्निया के सैन डिएगो में हुआ था। उन्होंने अपनी अभिनय यात्रा की शुरुआत 1962 में फिल्म ‘टू किल अ मॉकिंगबर्ड’ से की, जिसमें उन्होंने बू रैडली का किरदार निभाया।
इसके बाद उन्होंने सात दशकों तक सिनेमा जगत में योगदान दिया। डुवॉल की सबसे प्रसिद्ध भूमिकाओं में ‘द गॉडफादर’ (1972) और ‘द गॉडफादर पार्ट II’ (1974) में टॉम हेगन का किरदार शामिल है। डुवॉल माफिया परिवार के सलाहकार बने थे।
यह भी पढ़ें: BAFA Awards 2026 Nominations: ‘वन बैटल आफ्टर अनादर’ और ‘सिनर्स’ को सबसे ज्यादा नॉमिनेशंस, पढ़ें पूरी लिस्ट
1979 की फिल्म ‘एपोकैलिप्स नाउ’ में लेफ्टिनेंट कर्नल बिल किलगोर की भूमिका ने उन्हें अमर बना दिया। इस फिल्म में उनका डायलॉग “आई लव द स्मेल ऑफ नेपाम इन द मॉर्निंग” आज भी लोकप्रिय है।
इसके अलावा, ‘लोनसम डव’ (टीवी सीरीज), ‘द एपोस्टल’ (जिसमें उन्होंने निर्देशन भी किया), और ‘टेंडर मर्सीज’ जैसी फिल्में उनके करियर की मील का पत्थर हैं। उन्होंने विभिन्न प्रकार के किरदार निभाए- एक सख्त सैनिक से लेकर एक उदास संगीतकार तक।
डुवॉल आखिरी बार 2022 की फिल्म द पेल प्लू आइ में नजर आये थे, जिसमें क्रिस्टियन बेल ने मुख्य भूमिका निभाई थी। डुवॉल ने कुल 100 से अधिक फिल्मों और टीवी शोज में काम किया और वे हमेशा अपनी भूमिकाओं में गहराई लाने के लिए जाने जाते थे।
उपलब्धियां और सम्मान
डुवॉल को उनके अभिनय के लिए कई पुरस्कार मिले। उन्होंने 1983 की फिल्म ‘टेंडर मर्सीज’ के लिए सर्वश्रेष्ठ अभिनेता का ऑस्कर जीता, जिसमें उन्होंने खुद गाना भी गाया। वह छह बार ऑस्कर के लिए नामांकित हुए, जिनमें ‘द गॉडफादर’, ‘एपोकैलिप्स नाउ’, ‘द ग्रेट सैंटिनी’ और ‘द एपोस्टल’ शामिल हैं।
इसके अलावा, उन्होंने ‘लोनसम डव’ के लिए एमी अवॉर्ड जीता, साथ ही गोल्डन ग्लोब, बाफ्टा और अन्य सम्मान प्राप्त किए। उन्हें हॉलीवुड के महानतम अभिनेताओं में से एक माना जाता है।
दुनियाभर में शोक की लहर
रॉबर्ट डुवॉल उन अभिनेताओं में शामिल हैं, जन्हें दुनियाभर के दर्शक पहचानते हैं। हॉलीवुड फिल्में देखने वाले दर्शक ने डुवॉल को कभी ना कभी किसी ना किसी फिल्म में जरूर देखा होगा। बॉलीवुड अभिनेता अनुपम खेर ने उन्हें श्रद्धांजलि देते हुए लिखा कि वो ऐसे एक्टर थे, जिन्होंने ध्यान खींचने के लिए कभी शोर का सहारा नहीं लिया।
अनुपम खेर खुद हॉलीवुड में काम कर चुके हैं, और डुवॉल जैसे कलाकारों से प्रभावित रहे हैं। सोशल मीडिया में फैंस और सिनेमा के प्रशंसक उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि दे रहे हैं।
रॉबर्ट डुवॉल का जाना सिनेमा जगत के लिए एक बड़ी क्षति है। उनकी फिल्में और किरदार हमेशा जीवित रहेंगे और नई पीढ़ियां उनसे सीखती रहेंगी। सिंसियर्ली सिनेमा के पाठकों की ओर से दिग्गज अभिनेता को विनम्र श्रद्धांजलि।

