मुंबई। Arijit Singh Retirement: फिल्म इंडस्ट्री के सबसे व्यस्त और चहेते गायक अरिजीत सिंह की सोशल मीडिया पोस्ट ने हडंकंप मचा दिया है। सिंगर ने इंस्टाग्राम पर लिखी इस पोस्ट में पार्श्व गायन से रिटायरमेंट लेने का एलान किया है। अरिजीत सिंह की इस पोस्ट के बाद फैंस सकते में हैं।
इंस्टाग्राम पर की प्लेबैक सिंगिंग छोड़ने की घोषणा
मंगलवार की शाम अरिजीत ने इंस्टाग्राम पर पोस्ट शेयर की, जिसमें लिखा- हैलो, सभी को नये साल की बधाई। आप सब श्रोताओं ने इतने सालों तक मुझे जो प्यार दिया, उसके लिए मैं आपका शुक्रिया अदा करना चाहता हूं।
मुझे यह घोषणा करते हुए खुशी हो रही है कि प्लेबैक सिंगर के तौर पर मैं नये असाइनमेंट नहीं ले रहा हूं। मैं छोड़ रहा हूं। यह सफर बेहद शानदार रहा।
यह भी पढ़ें: Maatrubhumi Song: अरिजीत सिंह की आवाज में आया ‘बैटल ऑफ गलवान’ का पहला गाना, सलमान खान का ‘मातृभूमि’ को सलाम

किसी का दिल टूटा, किसी ने किया सपोर्ट
अरिजीत सिंह की इस घोषणा के बाद सोशल मीडिया में फैंस बंट गये हैं। कुछ सिंगर के इस फैसले से दुखी हैं तो कुछ उन्हें सपोर्ट भी कर रहे हैं। कई सेलिब्रिटीज ने भी उनके फैसले पर अफसोस जताया है। एली गोनी ने टूटे दिल की इमोजी बनाकर नो ब्रो नो लिखा। एक अन्य फैन ने लिखा- अभी ना जाओ छोड़कर, दिल अभी भरा नहीं।
एक यूजर ने लिखा कि हम आपके फैसले का स्वागत करते हैं। उम्मीद है कि कुछ बढ़िया इंडी गाने सुनने को मिलेंगे। कुछ फैंस ने वापसी की उम्मीद भी जताई है।
हालांकि, सोशल मीडिया में चर्चा यह भी छिड़ गई है कि कहीं अरिजीत सिंह पश्चिम बंगाल के चुनाव में उतरने की तैयारी तो नहीं कर रहे हैं। इसीलिए, नये प्रोजेक्ट्स लेने बंद कर दिये हैं। बहरहाल, सच जो भी हो, मगर अरिजीत के बिना फिल्म संगीत की मौजूदा दुनिया का एक सुर जरूर कम हो जाएगा।
बैटल ऑफ गलवान में सुनाई देगी आवाज
अरिजीत की आवाज सलमान खान की अपकमिंग फिल्म बैटल ऑफ गलवान में सुनाई देगी, जिसका गाना मातृभूमि हाल ही में रिलीज हुआ है। सिनेमाघरों में चल रही बॉर्डर 2 के आइकॉनिक गाने संदेशे आते हैं को भी अरिजीत ने अन्य गायकों के साथ आवाज दी है।

