मुंबई। Baaghi 4 Marjaana Song: टाइगर श्रॉफ की बागी 4 का इंतजार शुक्रवार को खत्म हो जाएगा, जब फिल्म सिनेमाघरों में पहुंचेगी। टाइगर के फैंस एक बार फिर उन्हें हड्डी-पसली तोड़ते देखेंगे, मगर इस बार फैंस उन्हें आंसू बहाते हुए भी देखेंगे। बागी 4 एक हिंसक प्रेम कहानी है, जिसमें खून-खराबे के साथ भावनाओं का ज्वार-भाटा भी होगा।
बी प्राक की आवाज में रिलीज हुआ गाना
फिल्म की रिलीज में अब कुछ घंटे ही बाकी हैं। इससे पहले मेकर्स ने फिल्म का पांचवां गाना मरजाणा गुरुवार को रिलीज किया, जो एक गमजदा गीत है। इसमें टाइगर के किरदार की प्रेम कहानी और दिल टूटने की झलक मिलती है। बी प्राक और सिद्धांत मिश्रा की आवाजों में गीत को सिद्धांत ने ही संगीतबद्ध किया है। बोल समीर अनजान के हैं।
गाना प्यार में खोने के दर्द और इंतजार की भावना को संगीत के जरिए पेश करता है। प्यार हमेशा हासिल नहीं होता, कुर्बानी भी मांगता है। इन्हीं भावों को गाने में उकेरा गया है। गाने में टाइगर बदहवास, खोये हुए, तड़पते हुए, कहीं सिगरेट कहीं शराब में डूबे नजर आते हैं। टाइगर के अलावा इस गाने में हरनाज संधू, संदय दत्त और सोनम बाजवा भी नजर आते हैं।
यह भी पढ़ें: Baaghi 4 Star Cast: टाइगर की हीरोइन बनीं Ex Miss Universe हरनाज संधू, पंजाबी फिल्मों से किया एक्टिंग डेब्यू
बागी 4 की कहानी और स्क्रीनप्ले साजिद नाडियाडवाला ने लिखे हैं, जो निर्माता भी हैं। फिल्म का निर्देशन ए हर्षा ने किया है, जिनकी पहली हिंदी फिल्म है। इससे पहले वो मलयालम सिनेमा में काफी काम कर चुके हैं।
बागी 4 पर टिकीं हैं इंडस्ट्री की निगाहें
इस साल टाइगर की पहली रिलीज है। इस फ्रेंचाइजी ने उन्हें कभी निराश नहीं किया। इसलिए ट्रेड को फिल्म के काफी उम्मीदें हैं और माना जा रहा है कि बागी 4 अच्छी ओपनिंग ले सकती है। हालांकि, बॉक्स ऑफिस पर इसका मुकाबला द बंगाल फाइल्स से है।
वैसे तो बद बंगाल फाइल्स एक खास दर्शक वर्ग और मल्टीप्लेक्स की फिल्म है, मगर द कश्मीर फाइल्स की अप्रत्याशित सफलता के मद्देनजर यह फिल्म सरप्राइज दे सकती है। बागी 4 मास अपील वाली फिल्म है, जिसे सिंगल स्क्रींस पर जबरदस्त रिस्पॉन्स मिल सकता है।
यह भी पढ़ें: Fresh Pairings in 2025: पर्दे पर पहली बार बनीं ये 19 जोड़ियां, बॉलीवुड में छाई रहेंगी रश्मिका मंदाना