मुंबई। Badshah Tateeree Song Controversy: मशहूर रैपर और सिंगर बादशाह एक बार फिर विवादों में घिर गए हैं। उनका हाल ही में रिलीज हुआ हरियाणवी ट्रैक ”टटीरी’ सोशल मीडिया पर तूफान मचा रहा है, लेकिन गलत कारणों से। गाने के बोल और वीडियो को अशोभनीय बताते हुए कई संगठनों और लोगों ने आपत्ति जताई है, जिसके चलते कानूनी कार्रवाई भी शुरू हो गई है।
बादशाह का असली नाम आदित्य प्रतीक सिंह सिसोदिया है। उन्होंने 1 मार्च 2026 को अपना नया हरियाणवी सिंगल ‘टटीरी’ रिलीज किया, जिसमें वोकलिस्ट सिमरन जगलान भी शामिल हैं। गाना रिलीज होने के कुछ ही दिनों में यूट्यूब पर करीब 50 लाख व्यूज पार कर चुका है।
लोकप्रियता के साथ-साथ यह गाना विवादों का केंद्र भी बन गया। गाने के वीडियो में स्कूल यूनिफॉर्म पहने लड़कियां डांस करती दिखाई गई हैं, जो कई लोगों को असहज लग रहा है।
क्या हैं मुख्य आपत्तियां?
विवाद की जड़ गाने के बोल में है, जिन्हें कई लोगों ने महिलाओं और नाबालिगों के प्रति अशोभनीय और अपमानजनक बताया है। आलोचकों का कहना है कि बोल संस्कृति और मर्यादा का उल्लंघन करते हैं और युवाओं पर गलत प्रभाव डाल सकते हैं।
विशेष रूप से, वीडियो में स्कूल बैग और यूनिफॉर्म वाली लड़कियों का दिखना इस आपत्ति को और बढ़ावा दे रहा है, क्योंकि इससे नाबालिगों से जुड़े संवेदनशील मुद्दों को हल्के में लेने का आरोप लगाया जा रहा है। एक पंक्ति की तीखी आलोचना हो रही है, जो इस प्रकार है- “आया बादशाह डोली चढ़ाने, इन सबकी घोड़ी बनाने।”
इस गाने को लेकर कहा जा रहा है कि यह महिलाओं के प्रति अपमानजनक है, क्योंकि यौन व्यवहार की ओर संकेत देती है। महिला कलाकारों को स्कूल यूनिफॉर्म में दिखाना नाबालिग बच्चियों को गाने से जोड़ता है।
यह भी पढ़ें: Yahin Guzaar Doon Song: कुछ बिग बॉस का फसाना है अमाल मलिक और फरहाना भट्ट का गाना, वेलेंटाइन डे पर हुआ रिलीज
सोशल मीडिया पर विरोध तेज हो गया है। कई यूजर्स ने बादशाह पर युवाओं को प्रभावित करने वाली जिम्मेदारी ना निभाने का आरोप लगाया है। हरियाणा के मंत्री महिपाल ढांडा ने भी गाने को ‘अनुचित’ बताते हुए कहा कि यह हरियाणा की संस्कृति को गिरा रहा है।
कुछ समर्थकों ने इसे हरियाणवी संगीत की खिलवाड़पूर्ण शैली का हिस्सा बताया, लेकिन आलोचक इसे सीमा पार करने वाला मानते हैं।
क्या कार्रवाई हुई?
विवाद बढ़ने के बाद हरियाणा राज्य महिला आयोग (HSCW) ने स्वत: संज्ञान लेते हुए बादशाह को औपचारिक समन जारी किया है। आयोग की चेयरपर्सन रेणु भाटिया ने कहा कि गाने के बोल महिलाओं की मर्यादा का उल्लंघन करते हैं और नाबालिगों पर इसका बुरा असर पड़ सकता है।
समन 6 मार्च को जारी किया गया। इसके अलावा, हरियाणा पुलिस ने गाने के बोल और वीडियो में कथित अशोभनीय सामग्री को लेकर बादशाह के खिलाफ FIR दर्ज की है, जिसकी जानकारी एक्स पर साझा की। बादशाह के खिलाफ लुक आउट सर्कुलर जारी किया गया है और उनकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस दबिश दे रही है।

विवादित गाना यू-ट्यूब से हटवा दिया गया है। बादशाह के चैनल पर अब इसका टीजर ही मौजूद है। जो लोग इस गाने को साझा करेंगे, उनके खिलाफ भी कार्रवाई की जाएगी। बादशाह की ओर से अभी तक कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया नहीं आई है।

