Mad For Mussic: ‘परम सुंदरी’ की रिलीज के साथ मैडॉक फिल्म्स ने लॉन्च किया अपना म्यूजिक लेबल, Universal से मिलाया हाथ

Maddock launches music company. Photo- X

मुंबई। Mad For Mussic: भारतीय मनोरंजन जगत की बड़ी फिल्म निर्माण कम्पनी बन चुके मैडॉक फिल्म्स ने अब संगीत की दुनिया में कदम रखा है। प्रोडक्शन हाउस ने अपना दायरा बढ़ाते हुए म्यूजिक कम्पनी लॉन्च की है। इसके लिए मैडॉक ने यूनिवर्सल म्यूजिक इंडिया से हाथ मिलाया है।

यूनिवर्सल म्यूजिक इंडिया के साथ साझेदारी

सोशल मीडिया हैंडलों से साझा की गई जानकारी के मुताबिक, इस साझेदारी का नाम है मैड फॉर म्यूजिक (Mad For Mussic)। पोस्ट में कम्पनी का लोगो भी शेयर किया गया है। पोस्ट में लिखा है-

मैडॉक फिल्म्स की भावनाओं का एहसास संगीत है। हम जो भी कहानी कहते हैं, यह उसकी रूह होती है। हम अपना म्यूजिक लेब मैड फॉर म्यूजिक की घोषणा करते हुए बेहद उत्साहित हैं। इसके जरिए हम संगीत को वो लौटा सकेंगे, जो संगीत ने हमें दिया।

यूनिवर्सल म्यूजिक इंडिया के साथ साझेदारी में हम इस सफर को अगले पड़ाव की ओर ले जाने के लिए बेकरार हैं।

यह भी पढ़ें: Akeli Laila Song: यह आया ‘बागी 4’ का बवाल मचाने वाला गाना! ‘अकेली लैला’ बनकर सोनम बाजवा ने दिखाईं कातिल अदाएं

मैडॉक फिल्म्स की लेटेस्ट रिलीज परम सुंदरी है, जो आज (29 अगस्त) को सिनेमाघरों में पहुंच गई है। इस फिल्म में सिद्धार्थ मल्होत्रा और जाह्नवी कपूर मुख्य भूमिकाओं में हैं। बता दें कि इस फिल्म का संगीत यूनिवर्सल म्जूयिक इंडिया ने रिलीज किया है, जो अब मैडॉक फिल्म्स की पार्टनर है।

मैडॉक फिल्म्स की स्थापना दिनेश विजन ने सैफ अली खान से अलग होने के बाद 2005 में की थी। मैडॉक फिल्म्स ने फिल्म निर्माण क्षेत्र में तेजी से अपनी जगह बनाई है।

दिनेश विजन के नेतृत्व में कम्पनी ने कई हिट फिल्में दी हैं। इनमें इस साल रिलीज हुई छावा भी शामिल है, जिसने 600 करोड़ से अधिक कलेक्शन किया और इस साल अभी तक की सबसे बड़ी कामयाबी है।

बैनर ने लव आज कल, कॉकटेल, मिमी, रूही, लुका छुपी, तेरी बातों में ऐसा उलझा जिया समेत कई सफल फिल्में दी हैं।

इसके अलावा स्त्री के साथ शुरू हुआ हॉरर कॉमेडी यूनिवर्स भी बैनरे के लिए फायदे का सौदा रहा है। इसके तहत रिलीज हुईं तकरीबन सभी फिल्में बॉक्स ऑफिस पर सफल रही हैं। स्त्री, स्त्री 2, भेड़िया, मुंज्या के बाद अब थामा इस साल दिवाली पर रिलीज हो रही है।

बड़े प्रोडक्शन हाउस चलाते हैं म्यूजिक कम्पनियां

देश में कई बड़े प्रोडक्शन हाउसेज अपनी म्यूजिक कम्पनियां भी चलाते हैं। वहीं, कई ऐसी म्यूजिक कम्पनीज हैं, जो बाद में फिल्म निर्माण में उतरीं। यशराज फिल्म्स (यशराज म्यूजिक), जी स्टूडियोज (जी म्यूजिक), टिप्स इंडस्ट्रीज (टिप्स म्यूजिक), टी-सीरीज का नाम प्रमुख रूप से लिया जा सकता है।

यह सभी कम्पनियां अपनी फिल्मों के गानों और संगीत खुद रिलीज करती हैं। वहीं, फिल्मों के इतर भी एलबम्स रिलीज करती हैं।