मुंबई। Pakistani Channel Gets Notice For Asha Bhosle Tribute: हिंदी सिनेमा की दिग्गज गायिका आशा भोसले के जाने का गम भारत ही देश-विदेशों में मनाया जा रहा है। जहां-जहां बॉलीवुड के म्यूजिक लवर्स मौजूद हैं, आशा को याद करके श्रद्धांजलि दी जा रही है। मगर, पड़ोसी देश पाकिस्तान में ऐसा करना न्यूज चैनल को भारी पड़ गया। सरकारी एजेंसी ने चैनल को कारण बताओ नोटिस भेज दिया।
जिओ न्यूज को कारण बताओ नोटिस
पाकिस्तानी न्यूज चैनल जिओ न्यूज के मैनेजिंग डायरेक्टर अजहर अब्बास ने एक्स पर इस बाबत जानकारी दी। अब्बास ने लिखा- सबकॉन्टिनेंट की लीजेंड्री सिंगर आशा भोसले से संबंधित कंटेंट प्रसारित करने पर जिओ न्यूज को पाकिस्तान इलेक्ट्रॉनिक मीडिया रेग्युलेशन अथॉरिटी (PEMRA) ने कारण बताओ नोटिस भेजा है।
किसी आइकॉनिक कलाकार के बारे में रिपोर्टिंग करते समय उनके काम को सेलिब्रेट करने का चलन हमेशा से रहा है। बल्कि, आशा भोसले के कद वाले कलाकार हमें उनके कालजयी और यादगार गाने उससे ज्यादा दिखाने चाहिए थे, जितने दिखाये गये।
फिर भी, पाकिस्तानी के इलेक्ट्रॉनिक मीडिया रेग्युलेटर ने इस पर रोक लगाने की कोशिश की। कला, ज्ञान की तरह, मानवता की साझा विरासत होती है और इसे सरहदों में नहीं बांधा जाना चाहिए। खुद आशा भोसले पाकिस्तान की लीजेंड्री सिंगर नूर जहां की प्रशंसक थीं और उन्हें अपनी बड़ी बहन मानती थीं।
नुसरत फतेह अली खान के साथ मिलकर उन्होंने उर्दू के महान शायर नासिर काजमी की शायरी को जिंदा किया। युद्ध और संघर्ष के इस दौर में, कला और कलाकारों को निशाना नहीं बनाना चाहिए। बुद्धिजीवी, संगीतकार और रचयिता अक्सर नफरत और विभाजन के खिलाफ आवाज होते हैं और लोगों को करीब लाते हैं।
यह भी पढ़ें: Asha Bhosle Last Rites: पंचतत्व में विलीन लीजेंड्री सिंगर आशा भोसले, राजकीय सम्मान के साथ मुंबई में अंतिम संस्कार

पाकिस्तानी यूजर्स ने किया नोटिस का समर्थन
भारतीय फैंस जहां अजहर अब्बास की पोस्ट की तारीफ कर रहे हैं। वहीं, कई पाकिस्तानी सोशल मीडिया यूजर्स ने सरकार के कदम को सही बताया है। उनका कहना है कि यह कल्चर की बात नहीं है, बल्कि रेग्युलेशंस और राष्ट्र हित की बात है। भारत ने पाकिस्तानी कलाकारों को बैन कर दिया है और हम एकतरफा गुडविल में लगे हुए हैं। पाकिस्तानी यूजर्स के कमेंट से लगता है कि वो सरकारी एजेंसी के कदम का समर्थन करते हैं।

आशा भोसले का निधन 92 साल की उम्र में रविवार को हुआ था। सोमवार को राजकीय सम्मान के साथ उनका अंतिम संस्कार किया गया, जिसमें महाराष्ट्र सरकार के मंत्रियों के साथ बॉलीवुड के कलाकार मौजूद रहे। फैंस और इंडस्ट्री के लोगों ने आशा भोसले को भावभीनी अंतिम विदाई दी।

