Naamumkin Song Out: मानुषी छिल्लर बनीं ‘मालिक’ के दिल की धड़कन, ‘नामुमकिन’ गाने में सामने आई पहली झलक

Manushi Chhillar revealed in first song from Maalik. Photo- Instagram

मुंबई। Naamumkin Song Out: राजकुमार राव अपने किरदारों की विविधता के लिए जाने जाते हैं। भूल चूक माफ के बाद राजकुमार अब मालिक में नजर आने वाले हैं, जो अगले महीने सिनेमाघरों में रिलीज होने वाली है। इस फिल्म में वो एक गैंगस्टर के किरदार में नजर आएंगे।

पर्दे पर आतंकवादी बन चुके राजकुमार राव पहली बार एक ऐसे गैंगस्टर के किरदार में दिखेंगे, जो जान लेने से पहले दो बार नहीं सोचता। खून का रंग उसके लिए लाल नहीं है। फिल्म में मानुषी छिल्लर फीमेल लीड हैं, जिनको अभी तक छिपाकर रखा गया था।

गाने के जरिए सामने आईं मानुषी

अब फिल्म के पहले गाने नामुमकिन (Naamumkin Song Out) के जरिए मानुषी को दर्शकों के सामने लाया गया है। गाना मंगलवार को रिलीज किया गया। यह भावपूर्ण गाना एक बेरहम गैंगस्टर की रोमांटिक साइड को दर्शाता है, जो मानुषी के किरदार के साथ गहरे प्रेम में पड़ जाता है।

सचिन-जिगर द्वारा रचित खूबसूरत संगीत, अमिताभ भट्टाचार्य द्वारा लिखे गए दिल को छूने वाले बोल और वरुण जैन व श्रेया घोषाल की मधुर आवाजों के साथ, यह गाना दिलों को जीतने के लिए तैयार है।

यह भी पढ़ें: Maalik Teaser Out: सब पर राज करेगा मालिक, पीरियड फिल्म में इलाहाबादी गैंगस्टर बने राजकुमार राव

मानुषी की पांचवीं फिल्म है मालिक

मानुषी की मालिक पांचवीं फिल्म है। उन्होंने 2022 में अक्षय कुमार के साथ सम्राट पृथ्वीराज फिल्म से बॉलीवुड डेब्यू किया था। इस फिल्म में अक्षय टाइटल रोल में थे, जबकि मानुषी संयोगिता के किरदार में थीं। फिल्म फ्लॉप रही।

इसके बाद मानुषी द ग्रेट इंडियन फैमिली में विक्की कौशल, ऑपरेशन वेलेंटाइन में वरुण तेज और बड़े मियां छोटे मियां में एक बार फिर अक्षय के साथ नजर आईं।

कब रिलीज होगी फिल्म?

पुलकित द्वारा निर्देशित और टिप्स फिल्म्स के बैनर तले कुमार तौरानी व नॉर्दर्न लाइट्स फिल्म्स के जय शेवकरमानी द्वारा निर्मित मालिक 11 जुलाई 2025 को सिनेमाघरों में रिलीज होने के लिए तैयार है।