Aap Jaisa Koi Release Date: भाषा कोई भी हो, नहीं बदलती प्यार की परिभाषा! नेटफ्लिक्स पर आ रही फातिमा-माधवन की लव स्टोरी

Aap Jaisa Koi release date out. Photo- Instagram

मुंबई। Aap Jaisa Koi Release Date: आप जैसा कोई… कुर्बानी के गीत की याद दिलाता शीर्षक आर माधवन और फातिमा सना शेख के बीच प्यार की कहानी लेकर आया है। नेटफ्लिक्स पर रिलीज होने जा रही फिल्म एक संजीदा किस्म के उम्रदराज शख्स और एक चुलबुली लड़की के बीच प्यार की दास्तान है।

शैतान और केसरी चैप्टर 2 में इंटेंस किरदार निभाने के बाद माधवन इस फिल्म के जरिए रोमांटिक जॉनर में लौटे हैं। फातिमा के साथ उनकी जोड़ी पहली बार बनी है।

कब रिलीज होगी Aap Jaisa Koi?

मंगलवार को प्लेटफॉर्म ने फिल्म की रिलीज डेट पोस्टर के साथ जारी की। फिल्म में माधवन श्रीरेनु का किरदार निभा रहे हैं, जो अपने आप में सिमटा रहने वाला संस्कृत शिक्षक है, जबकि फातिमा सना शेख बनी मधु एक जोशीली फ्रेंच ट्रेनर हैं।

आप जैसा कोई 11 जुलाई को नेटफ्लिक्स पर रिलीज की जा रही है।

यह भी पढ़ें: OTT Releases (16-22 June): कपिल शर्मा की वापसी, जासूस बने दिलजीत दोसांझ… इस हफ्ते फिल्मों और वेब सीरीज की पूरी लिस्ट

विपरीत शख्सियत की प्रेम कहानी

आप जैसा कोई दो विपरीत शख्सियत को एक ऐसी कहानी में साथ लाती है, जो रोमांस के साथ-साथ परिवार और अपनेपन की भावना को दर्शाती है। माधवन की रोमांस जॉनर में वापसी को रेखांकित करते हुए यह फिल्म रिश्तों पर एक नया, परिपक्व दृष्टिकोण पेश करती है।

फिल्म का निर्देशन विवेक सोनी ने किया है। विवेक कहते हैं, “आप जैसा कोई एक ऐसी फिल्म है, जो हमारे द्वारा बनाई गई दीवारों को तोड़ने की बात करती है। यह प्यार के अजब रिश्ते और कमजोरी को गले लगाने के बारे में है।

मीनाक्षी सुंदरेश्वर के बाद नेटफ्लिक्स के साथ फिर से काम करना एक संतुष्टिदायक अनुभव रहा है और मैं एक ऐसी प्रेम कहानी पेश करने के लिए उत्साहित हूं, जो कोमल, जटिल और प्यारी है। जो अपने हल्के-फुल्के अंदाज में कमजोरी को अपनाने की नसीहत देती है।

यह चुपके से उन भूमिकाओं पर सवाल उठाती है, जो हम रिश्तों में निभाते हैं और उस साहस को दर्शाती है, जो किसी को वास्तव में अपने जीवन में शामिल करने के लिए चाहिए। यह एक आधुनिक रोमांस है, जो आज की दुनिया में वास्तविक रिश्तों की जरूरत को बयां करता है।”

नेटफ्लिक्स इंडिया की ओरिजिनल फिल्म्स की डायरेक्टर रुचिका कपूर शेख कहती हैं, “आप जैसा कोई एक रोमांस ड्रामा है, जो टूटी उम्मीदों और बंद परंपराओं के बीच पनपने वाले प्यार की कहानी है। यह फिल्म प्यार की जटिलताओं को मासूमियत के साथ दर्शाती है।