मुंबई। Aap Jaisa Koi Trailer: नेटफ्लिक्स ने अपनी आगामी फिल्म ‘आप जैसा कोई’ का ट्रेलर लॉन्च कर दिया है, जो दिल को छूने के साथ सामाजिक मान्यताओं को चुनौती देने वाली प्रेम कहानी है।
आर माधवन और फातिमा सना शेख अभिनीत यह फिल्म एक पारिवारिक ड्रामा है, जो ‘बराबरी वाले प्यार’ की खोज को दर्शाती है। फिल्म का ट्रेलर मुंबई में आयोजित इवेंट में लॉन्च किया गया।
दो अलग शख्सियत के लोगों की प्रेम कहानी
2 मिनट 26 सेकंड के ट्रेलर में श्रीरेणु और मधु की मुलाकात को खूबसूरती से दिखाया गया है, जो ना केवल रोमांस, बल्कि आत्म-मुक्ति और बराबरी की कहानी बुनता है।
श्रीरेणु 42 साल का है, मगर कुंवारा है। एक स्कूल में संस्कृत का शिक्षक है। मधु 32 साल की है और फ्रेंच पढ़ाती है। दोनों रिश्ते के लिए मिलते हैं। खूबसूरत मधु को देखकर श्रीरेणु लट्टू हो जाता है। कहता है- आपका नाम मधु बोस नहीं, मधुबाला होना चाहिए।
मुलाकात प्यार में बदलने लगती है और एंट्री होती है घर के बुजुर्ग की, जिन्हें लगता है कि हाइ फाइ लड़कियां मायका और ससुराल दोनों को तोड़ देती हैं। पुरुषत्व का अहम आड़े आता है। लड़के के घरवालों को लड़की का ताश खेलना, वाइन पीना और पॉलिटिक्स की बातें करना रास नहीं आता।
लड़का कहता है कि हम लोग शरीफ फैमिली से आते हैं। आगे भी शराफत से रहेंगे। सब कुछ एलाउ करेंगे, मगर थोड़ा लिमिट में। लड़की कहती है- तुम क्यों डिसाइड करोगे मेरी लिमिट। बस यहीं से प्यार की रंगत बदलने का दौर शुरू होता है।
सवाल उठते हैं कि लड़की की लिमिट डिसाइड करने का हक मर्द को किसने दिया? आखिरकार शादी कैंसिल हो जाती है।
ट्रेलर (Aap Jaisa Koi Trailer) से जाहिर है कि आप जैसा कोई ऐसी कहानी है, जो ना केवल मनोरंजन करती है, बल्कि यह सिखाती है कि अपने दिल को खोलने में कभी देर नहीं होती। फिल्म पुरुषत्व, पितृसत्ता और भावनात्मक सच्चाइयों की गहरी पड़ताल करती है।
माधवन ने अपने किरदार श्रीरेणु त्रिपाठी के बारे में बात की, जो एक 42 वर्षीय शांत व्यक्ति है और अपनी जिंदगी के नियमों को नए सिरे से लिखता है। माधवन ने कहा- “यह कहानी उन लोगों के लिए है, जो जीवन या प्यार में उपेक्षित महसूस करते हैं।
श्रीरेणु का किरदार बेहद मानवीय और जटिल है, जो साथी की चाह रखता है, लेकिन उसे व्यक्त करना नहीं जानता। यह फिल्म ठहरकर सोचने के लिए मजबूर करती है।”
फातिमा सना शेख मधु बोस की भूमिका निभा रही हैं। मधु एक ऐसी महिला है, जो सामाजिक ढांचे को तोड़ती है और अपनी शर्तों पर जीती है। मधु का किरदार नर्मी और ताकत का अनूठा मिश्रण है। यह फिल्म प्रेम के विभिन्न रंगों को दर्शाती है।
निर्माता करण जौहर ने कहा, “यह फिल्म प्रेम और परिवार की एक ईमानदार कहानी है, जो दर्शकों को अपने भीतर झांकने के लिए प्रेरित करेगी।”
विवेक सोनी द्वारा निर्देशित और धर्माटिक एंटरटेनमेंट द्वारा निर्मित, आप जैसा कोई में आयशा रजा, मनीष चौधरी और नमित दास जैसे शानदार कलाकार भी हैं।
कब देख सकते हैं Aap Jaisa Koi?
जमशेदपुर और कोलकाता की पृष्ठभूमि में सेट यह फिल्म 11 जुलाई से नेटफ्लिक्स पर स्ट्रीम होगी।