मुंबई। Mess on Prime Video: प्राइम वीडियो ने ऋतिक रोशन की निर्माण कम्पनी एचआरएक्स फिल्म्स और सोडा फिल्म्स लैब के साथ नये प्रोजेक्ट का एलान किया। यह एक कॉमेडी फिल्म है, जिसका टाइटल मेस रखा गया है। फिल्म की अन्य जानकारियों का खुलासा अभी नहीं किया गया है।
ओसीडी के जरिए होगी कॉमेडी
ओटीटी प्लेटफॉर्म और एचआरएक्स फिल्म्स की ओर से साझा की गई जानकारी के अनुसार, फिल्म एक ऐसे व्यक्ति के बारे में है, जिसे ओसीडी यानी ऑब्सेसिव कम्पलसिव डिसऑर्डर है और इस वजह से कई बार मजाकिया हालात पैदा हो जाते हैं।
ओसीडी एक मेंटल विकार है, जो लम्बे समय तक लोगों में रहता है। इस विकार से ग्रस्त लोग किसी खास चीज को लेकर बेहद सतर्क और खोये हुए रहते हैं। आम तौर पर लोगों में सफाई को लेकर ओसीडी होता है, जिसके चलते ये सफाई के लिए बेहद सतर्क होते हैं। एक भी तिनका नजर नहीं आना चाहिए। हर सामान सलीके से रखा होना चाहिए और बार-बार दोहराते रहते हैं।
यह भी पढ़ें: Bhooth Bangla Teaser: मंगलपुर में फैला वधूसुर का आतंक, अक्षय कुमार की हॉरर कॉमेडी का टीजर आउट
मेस का निर्देशन राजेश ए कृष्णन कर रहे हैं, जिन्होंने 2020 में आई फिल्म लूटकेस और 2024 में आई क्राइम कॉमेडी फिल्म क्रू का निर्देशन किया था। फिल्म में करीना कपूर, तब्बू और कृति सेनन लीड रोल्स में थीं। इससे पहले टीवीएफ ट्रिपलिंग का पहला सीजन भी उन्होंने निर्देशित किया था। साथ ही ठरकी अंकल का किरदार भी निभाया था।
राकेश रोशन ने दी बधाई
एचआरएक्स फिल्म्स ऋतिक और उनके कजिन एहसान रोशन (राजेश रोशन के बेटे) सम्भालते हैं। सीनियर रोशन राकेश ने इस नये वेंचर पर खुशी जाहिर की।
उन्होंने लिखा- एक पिता, अंकल और फिल्ममेकर के तौर पर मेरे लिए यह गर्व की बात है कि फिल्मक्राफ्ट प्रोडक्शंस की डिवीजन एचआरएक्स फिल्म्स प्राइम वीडियो के साथ अपनी दूसरी पार्टनरशिप कर रही है। राकेश ने ऋतिक और एहसान को इसके लिए बधाई दी।

फिल्म की स्टार कास्ट और अन्य जानकारियों का खुलासा अभी नहीं किया गया है। ऋतिक की बात करें तो उनकी आखिरी रिलीज वॉर 2 है। उन्होंने अपनी नई फिल्म का एलान अभी नहीं किया है। अलबत्ता, कृष 4 पर काम कर रहे हैं, जिसके साथ ऋतिक निर्देशकीय पारी शुरू करेंगे। इस फिल्म का निर्माण यशराज फिल्म्स के साथ मिलकर करेंगे।

