मुंबई। Inspector Zende Trailer Out: अपराध की दुनिया में बिकिनी किलर के नाम से कुख्यात चार्ल्स शोभराज के तमाम किस्से हैं। उसकी करिश्माई शख्सियत और बातों से लोगों को झांसा देने की काबिलियत ने अपराधी होने के बावजूद उसे एक दिलचस्प किरदार बना दिया, जिसकी चर्चा आज भी होती है।
दिल्ली की तिहाड़ जेल से फरार होने का दमखम रखने वाले शातिर अपराधी को जेल की दीवारें नहीं बांध सकीं, मगर महाराष्ट्र पुलिस के इंस्पेक्टर झेंडे ने एक नहीं दो बार पकड़ा था। चार्ल्स शोभराज के इसी किस्से पर आ रही है नेटफ्लिक्स की अगली पेशकश इंस्पेक्टर झेंडे, जिसमें मनोज वाजपेयी टाइटल रोल में हैं। फिल्म का ट्रेलर सोमवार को रिलीज कर दिया गया।
क्या है इंस्पेक्टर झेंडे की कहानी?
मेकर्स इस फिल्म को सच्ची घटनाओं से प्रेरित कह रहे हैं और चार्ल्स शोभराज का नाम बदलकर कार्ल भोजराज कर दिया गया है। उसे बिकिनी किलर की जगह स्विमसूट किलर कहा जा रहा है। किरदार को जिम सरभ निभा रहे हैं। फिल्म का ट्रीटमेंट भी हल्का-फुल्का रखा गया है।
कहानी इन दोनों मुख्य किरदारों के बीच चूहे-बिल्ली के खेल पर आधारित है। ट्रेलर की शुरुआत कार्ल शोभराज के तिहाड़ जेल से फरार होने के साथ होती है। बताया जाता है कि उसके नाम पर 32 मर्डर्स हैं और पांच बार जेल से भाग चुका है। तिहाड़ से फरार होने के बाद चार्ल्स चार दिनों तक मुंबई में रहा। इसलिए, मुंबई पुलिस पर उसे पकड़ने की नैतिक जिम्मेदारी आ जाती है।
इंटरपोल के मोस्ट वॉन्टेड अपराधी को अब एक ही व्यक्ति पकड़ सकता है- इंस्पेक्टर मधुकर बापूराव झेंडे, क्योंकि 15 साल पहले भी उसने ही कार्ल को पकड़ा था। इसलिए, इस बार भी भोजराज को पकड़ने की जिम्मेदारी झेंडे को दी जाती है। कार्ल की खोज झेंडे की टीम को गोवा ले जाती है।
मनोज बाजपेयी ने इस किरदार के लिए इंस्पेक्टर झेंडे से मुलाकात भी की। इस बारे में एक्टर ने बताया- “इंस्पेक्टर झेंडे के बारे में जो मुझे अच्छा लगा, वो ये कि वो नाम कमाने के लिए नहीं दौड़ रहे थे। वो बस अपना काम कर रहे थे, फिर भी उन्होंने एक सबसे कुख्यात अपराधी को दो बार पकड़ा।
उनकी बहादुरी, मजाक और वो असली मुंबई का स्वाद उनकी कहानी को सच में प्रेरणादायक बनाता है। उनसे मिलना ऐसा लगा, जैसे कोई कहानी की किताब में घुस गए हों, जहां जिंदगी भर की कहानियां हैं। उनका किरदार निभाने से मुझे एक ऐसी दुनिया में जाने का मौका मिला, जो जितनी कठिन है उतनी ही मजेदार।”

कब और कहां देखें फिल्म?
इंस्पेक्टर झेंडे 5 सितंबर से नेटफ्लिक्स पर स्ट्रीम की जा सकती है। मनोज के साथ फिल्म में सचिन खेड़ेकर, बालचंद्र कदम, हरीश दूधाडे, ओंकार राउत, नितिन भजन, गिरिजा ओक और वैभव मांगले भी अहम किरदारों में हैं। फिल्म का निर्देशन चिन्मय डी मांडलेकर ने किया है। जय शेवकरमानी और ओम राउत ने फिल्म को प्रोड्यूस किया है।

