Maharani Season 4 Trailer: कुर्सी की पेटी बांध लीजिए, रानी भारती दिल्ली आ रही है! चौथे सीजन में पीएम को चुनौती

Maharani 4 trailer out. Photo- screenshot

मुंबई। Maharani Season 4 Trailer: सोनी लिव की पॉलिटिकल वेब सीरीज महारानी का चौथा सीजन आने वाला है। गुरुवार को इसका ट्रेलर रिलीज कर दिया गया, जिसमें बिहार की मुख्यमंत्री रानी भारती सीधे दिल्ली को चुनौती देती नजर आ रही हैं। ट्रेलर बिहार और दिल्ली के बीच सियासी लड़ाई की झलक दिखाता है।

सुभाष कपूर क्रिएटेड शो को पुनीत प्रकाश ने निर्देशित किया है। हुमा कुरैशी रानी भारती के किरदार में हैं, जबकि प्रधान मंत्री के रोल में विपिन शर्मा हैं।

पीएम की धमकी और रानी की चुनौती

ट्रेलर की शुरुआत रानी और पीएम की मुलाकात के साथ होती है, जिसमें पीएम रानी को धमकी देते हैं कि अगर वो उनकी बात नहीं मानेंगी तो सियासत नहीं कर पाएंगी। पीएम की धमकी को रानी चुनौती के रूप में स्वीकार करती है और दिल्ली का रुख करने का एलान करती है।

यह भी पढ़ें: OTT Releases (6-12 October): ‘वॉर 2’ के साथ ओटीटी पर इस हफ्ते फिल्मों और सीरीज की लम्बी कतार, पढ़ें पूरी लिस्ट

कब रिलीज होगा चौथा सीजन?

महारानी का चौथा सीजन 7 नवम्बर को सोनी लिव पर रिलीज किया जाएगा।

2021 में शुरू हुआ था महारानी

महारानी शो की शुरुआत 2021 में हुई थी। दूसरा सीजन 2022 और तीसरा 2024 में रिलीज हुआ था।

पहले सीजन की कहानी में बिहार के बड़े सियासी परिवार की झलक नजर आई थी। रानी का किरदार काफी कुछ बिहार की पूर्व मुख्यमंत्री राबड़ी देवी से प्रेरित है। हालांकि, यह समानता रानी के किरदार की बैकग्राउंड में ही खत्म हो जाती है।

पहला सीजन जहां रानी के राइज को दिखाता है, वहीं दूसरे सीजन में बिहार की मुख्यमंत्री बनने के बाद रानी अपने दुश्मनों की साजिश का शिकार होते नजर आती है। रानी के करीबी भी उसे अपने हिसाब से चलाना चाहते हैं।

तीसरे सीजन में रानी का वो रूप सामने आता है, जिसकी किसी ने कल्पना नहीं की थी। अपने फैसले खुद करने वाली रानी बिहार की सियासत का सबसे बड़ा और ताकतवर चेहरा बन जाती है और एक-एक करके दुश्मनों को खत्म करती है।